सुल्तानपुर टाइम्स |
- इंडिगो ने दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में चढ़ने से रोका ज्योतिरादित्य सिंधिया, बोले- ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं
- लखनऊ के डुप्लीकेट 'सल्लू भाई' पुलिस हिरासत में
- डिप्टी सीएम अचानक पहुंचे बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- डीएम ने जनता दर्शन में जन समस्याओं का किया निस्तारण
- रिश्वत लेने पर दो महिला पुलिसकर्मियों पर FIR
- सचिवालय, यूपी पुलिस और रेलवे में नौकरी के नाम पर 1.18 करोड़ रुपये ठगे, STF ने गिरफ्तार किया
- शिक्षक करना चाहता है चौथी शादी, दो पत्नियों ने लगाई पुलिस से गुहार
- कल से दौड़ेंगी लखनऊ से दिल्ली के बीच डबल डेकर ट्रेन
- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं को किया सम्मानित
- प्रेमी को पिटता देख प्रेमिका ने खाया जहर
- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को अप्रैल महीने में मिला 5.45 करोड़ का दान
- मातृ दिवस पर गोमती मित्रों का प्रण,समर्पित स्वच्छता को जीवन का हर क्षण
- भरी अदालत में मां ने कहा- बच्चों को मैं अपने साथ नहीं रखना चाहती
- रोडवेज में अब 65 साल तक संविदा कंडक्टर कर सकेंगे ड्यूटी
- बिना स्कूल आए वेतन ले रही थी प्रधानाध्यापिका,पढ़ाने के लिए किराए पर रखी थी लड़की
| Posted: 09 May 2022 04:34 AM PDT नई दिल्ली इंडिगो एयरलाइंस की ओर से दिव्यांग बच्चे को विमान में चढ़ने से रोकने का मामला केंद्र तक पहुंच गया है। सोमवार को इसे लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद एयरलाइन के CEO ने माफी मांगी है।दरअसल, शनिवार को एक दिव्यांग लड़का अपने माता-पिता के साथ रांची एयरपोर्ट पहुंचा। इस दौरान उसे इंडिगो की रांची-हैदराबाद उड़ान में चढ़ने से रोक दिया गया, जिसके बाद उसके माता-पिता ने भी विमान की यात्रा नहीं करने का फैसला किया।मंत्री ने ट्विटर पर लिखा, 'ऐसे रवैये के लिए जीरो टॉलरेंस है। किसी भी इंसान को इससे नहीं गुजरना चाहिए! मामले की खुद जांच कर रहा हूं, जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।' नागर विमानन महानिदेशालय ने भी इंडिगो से रिपोर्ट मांगी है। सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद इस मामले में कार्रवाई की गई है।मनीषा गुप्ता नाम की एक यात्री ने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने लिखा कि शनिवार को रांची एयरपोर्ट पर एक दिव्यांग बच्चा फ्लाइट में चढ़ने से डर रहा था। उसके माता-पिता उसे शांत करने में लगे थे। इस बीच इंडिगो कर्मियों ने बच्चे को विमान में चढ़ाने से मना कर दिया। उन्होंने तर्क दिया कि इससे अन्य यात्रियों को खतरा है।गुप्ता ने बताया कि दूसरे यात्रियों ने इसका विरोध किया। उन्होंने SC के फैसले का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि कोई भी एयरलाइन दिव्यांग यात्रियों के खिलाफ भेदभाव नहीं कर सकती। प्लेन में डॉक्टरों का भी ग्रुप था, जिसने बीच रास्ते में बच्चे को कोई दिक्कत होने पर मदद की पेशकश की। इसके बावजूद इंडिगो कर्मियों ने बच्चे को विमान पर चढ़ने नहीं दिया।इंडिगो ने अपने CEO रोनोजॉय दत्ता के हवाले से सोमवार को स्टेटमेंट जारी करके कहा- '7 मई को रांची एयरपोर्ट पर दुर्भाग्यपूर्ण वाकया हुआ, जब एक दिव्यांग टीनेजर और उसके माता-पिता हैदराबाद की फ्लाइट में नहीं चढ़ पाए। इंडिगो के सभी कर्मचारी इस वायके को लेकर परेशान हैं। अप्रैल 2022 से लेकर अब तक हमने करीब 75 हजार दिव्यांगों को लेकर उड़ान भरी है। हमारे क्रू और एयरपोर्ट स्टाफ को खास ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि खास जरूरतों वाले यात्रियों को बेहतर ट्रीटमेंट दिया जा सके।'कंपनी ने आगे कहा- 'चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान हम जाहिर तौर पर परिवार को ले जाना चाहते थे, लेकिन बोर्डिंग एरिया में टीनेजर काफी घबराया हुआ नजर आया। हालांकि, यात्रियों को विनम्र और सहानुभूति से ट्रीट करना हमारी सबसे अहम जिम्मेदारी है, लेकिन सेफ्टी गाइडलाइन्स को देखते हुए एयरपोर्ट स्टाफ को एक मुश्किल फैसला लेना पड़ा। इस घटना के सारे पहलुओं की जांच करने के बाद, एक संस्थान के तौर पर हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि मुश्किल घड़ी में हमने सबसे बेहतर निर्णय लिया। |
| लखनऊ के डुप्लीकेट 'सल्लू भाई' पुलिस हिरासत में Posted: 09 May 2022 04:34 AM PDT लखनऊ के डुप्लीकेट सलमान खान को यूपी पुलिस ने हिरासत मे लिया है। सलमान खान के हमशक्ल आजम अंसारी को घंटाघर पर रील बनाते वक्त पुलिस ने हिरासत में लिया। दरअसल जब वह रील्स बनाते थे, तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगती थी, जिसकी वजह से सड़क पर लंबा जाम लग जाता था।आजम अंसारी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की एक्टिंग करते थे। उनके जैसा दिखने के लिए वह हर वीडियो में शर्ट उतार देते थे। सलमान खान के ही गानों पर वह रील्स बनाते। रविवार की रात ठाकुरगंज पुलिस ने आजम पर शांति भंग की धारा 151 में चालान कर दिया।आजम अंसारी की सोशल मीडिया पर लंबी फैन फॉलोइंग है। यूट्यूब पर उनके एक लाख 67 हजार फॉलोवर्स हैं। हर वीडियो पर लाखों व्यूज आते हैं। आजम हर दिन कई कई वीडियो बनाकर पोस्ट करते हैं। इन वीडियोज पर लाखों व्यूज आते हैं और भारी तादात में लाइक्स भी मिलते हैं।आजम अंसारी पहले पार्क के अंदर या फिर रूमी गेट पर वीडियो बनाते थे। मगर, पिछले कुछ दिनों से वह सड़क चलते वीडियो बनाने लगे थे। इसकी वजह से रोड पर भारी भीड़ इकट्ठा हो जाती और जाम लग जाता था। |
| डिप्टी सीएम अचानक पहुंचे बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र Posted: 09 May 2022 04:32 AM PDT लखनऊ उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने आज सोमवार को रायबरेली जिले के बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। अपने नाम का पर्चा बनवाया और फिर अस्पताल का जायजा लिया। गंदगी मिलने पर स्टाफ को फटकार लगाई और कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनता ही हमारी ताकत है, इसलिए उनका ख्याल करना आप लोगों की जिम्मेदारी है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने काफिले को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां से काफी पहले रोक दिया और पैदल चल कर अस्पताल पहुंचे। यहां पर अपने नाम का पर्चा बनवाया और फिर अस्पताल का जायजा लिया। मरीजों और तीमारदारों से यहां की व्यवस्था के बारे में बातचीत की। |
| डीएम ने जनता दर्शन में जन समस्याओं का किया निस्तारण Posted: 09 May 2022 01:45 AM PDT सुलतानपुर शासन से प्राप्त निर्देशानुसार जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन में आये जन सामान्य की कोविड -19 की टेस्टिंग कराने के पश्चात सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रो को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण हेतु प्रेषण करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का ज्यादा से ज्यादा भला हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) मनोज कुमार पाण्डेय सहित जनता दर्शन में आये जन सामान्य उपस्थित रहे। |
| रिश्वत लेने पर दो महिला पुलिसकर्मियों पर FIR Posted: 09 May 2022 12:03 AM PDT लखनऊ मेरठ के महिला थाने की स्टेशन अफसर मोनिका जिंदल और महिला दरोगा रितु काजला को भ्रष्टाचार के मामले में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सस्पेंड कर दिया है। रविवार देर रात दोनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में भ्रष्टाचार का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। इसके बाद दोनों पर जेल जाने की तलवार भी लटक रही है। एफ आई आर दर्ज होने के बाद मोनिका जिंदल और दरोगा रितु काजला फरार हो गईं हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।मेरठ के महिला थाने में मार्च 2022 में एक सैनिक के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया गया था। वह मेरठ के एक थाने में तैनात होमगार्ड का रिश्तेदार है। उसने 4 मई को स्टेशन अफसर मोनिका जिंदल और महिला दरोगा रितु काजला के खिलाफ एसएसपी प्रभाकर चौधरी से शिकायत की थी। दोनों पर आरोप लगाया कि रेप के केस से उनका नाम निकालने के लिए एक हफ्ते पहले एक लाख रुपए की रिश्वत ली गई थी।जो केस दर्ज था उस केस की विवेचना महिला थाने से की जा रही थी। उनका आरोप है कि महिला थाने की स्टेशन अफसर मोनिका जिंदल ने पीड़ित से कहा कि एक लाख रुपए देने पर पूरी मदद कर देंगे। जो भी अभियुक्त हैं उसका नाम केस से निकाल दिया जाएगा। पीड़ित ने एक लाख रुपए लेने की वीडियो भी एसएसपी को भेजी थी। जिसके बाद इस संबंध में एसएसपी ने महिला स्टेशन अफसर और दरोगा के खिलाफ जांच बिठाई थी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर इस मामले की जांच पुलिस अधीक्षक देहात केशव कुमार ने की। जांच में पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्य सही पाए गए। इसके बाद रविवार शाम एसएसपी मेरठ प्रभाकर चौधरी ने महिला स्टेशन अफसर मोनिका जिंदल और दरोगा रितु काजला को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए। |
| सचिवालय, यूपी पुलिस और रेलवे में नौकरी के नाम पर 1.18 करोड़ रुपये ठगे, STF ने गिरफ्तार किया Posted: 08 May 2022 10:56 PM PDT
लखनऊ UP STF की टीम ने शनिवार रात को सचिवालय, यूपी पुलिस और रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगने वाले जौनपुर निवासी दिलीप राय बलवानी को गिरफ्तार किया है। ठग ने 10 लोगों से 1.18 करोड़ रुपये ऐंठे हैं। कुछ पीड़ितों को जाली नियुक्ति पत्र भी दिए थे। आरोपित के पास से सचिवालय के 11 फर्जी नियुक्ति पत्र, मोहर, पांच मोबाइल फोन और एक एसयूवी बरामद हुआ। एक पीड़ित ने विभूतिखंड थाने में शिकायत की थी। आरोपित का भाई भी ठग है उसकी तलाश की जा रही है।STF के प्रभारी SSP के मुताबिक हजरतगंज के नरही निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने जालसाजी की शिकायत की थी। सुरेंद्र के मुताबिक मार्च 2021 में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात दिलीप राय बलवानी से हुई थी। दिलीप ने बताया था कि उसका दफ्तर विभूतिखंड में है। उसने ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए कहा था कि सचिवालय, रेलवे और यूपी पुलिस में नौकरी दिलवा सकता है। इसके बाद सुरेंद्र ने दस रिश्तेदारों को अलग-अलग सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही।सुरेंद्र के अनुसार, सचिवालय में नौकरी के नाम पर 10 लाख, रेलवे में पांच लाख रुपये और यूपी पुलिस में दरोगा की नौकरी के नाम पर पांच लाख की डिमांड की। सुरेंद्र ने बताया कि कुल 1.18 करोड़ रुपये जालसाज दिलीप को दे दिए। इसके बाद आरोपित ने कुछ युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। इसकी जानकारी होने पर सुरेंद्र ने रकम वापस मांगी।आरोपित के टालमटोल करने पर सुरेंद्र ने शनिवार को विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कराया। तत्काल कार्रवाई करते हुए रात में UP STF ने दिलीप को विभूतिखंड इलाके से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपित ने कुबूला कि वह अपने भाई मंजीत संग मिलकर सैकड़ों बेरोजगारों से करोड़ों रुपये ठग चुका है। मंजीत फर्जी नियुक्ति पत्र बनाता था। दिलीप पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ लखनऊ और उरई जनपद में इस तरह के 10 मामले दर्ज हैं। |
| शिक्षक करना चाहता है चौथी शादी, दो पत्नियों ने लगाई पुलिस से गुहार Posted: 08 May 2022 10:53 PM PDT
लखनऊ आगरा में पति को चौथी शादी करने से रोकने के लिए पहली दो पत्नियों ने न्याय की गुहार लगाई है। पत्नियों का कहना है कि पति वंश बढ़ाने के नाम पर शादियां करता जा रहा है। एक दो नहीं अब वह चौथी शादी करना चाहता है। ऐसे में उनका क्या होगा। पीड़ित महिलाओं ने पहले महिला आयोग में इसकी शिकायत की। उसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। ऐसा ही दूसरा मामला बिचपुरी का मामला सामने आया है। जहां 60 साल के बुजुर्ग पर उसकी पत्नियों ने तीसरी शादी करने का आरोप लगाया है। दोनों मामलों में काउंसलिंग चल रही है।पीड़ित महिलाओं ने बताया कि फतेहपुर सीकरी निवासी शिक्षक की पहली शादी 20 साल पहले शाहगंज की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शादी के पांच साल तक कोई बच्चा न होने पर घरवाले और पति ताने मारने लगा। इसके बाद परेशान होकर पत्नी ने छोटी बहन बुआ की बेटी से उसकी शादी करा दी। उसके भी तीन साल तक बच्चा न होने पर वह संतान न होने का दुखड़ा दोनों पत्नियों के सामने रोता रहा। इसके बाद पहली पत्नी तलाक लेकर मायके चली गई। दूसरी पत्नी ने तीसरी शादी की इजाजत दे दी। शिक्षक ने तीसरी भी शादी कर ली। पत्नियों ने बताया कि तीसरी शादी के बाद उन्होंने अपनी जांच कराई तो पता चला कि वह दोनों मां बन सकती हैं। दोनों ने पति से जांच कराने के लिए कहा तो झगड़ा शुरू कर दिया और चौथी शादी की धमकी देने लगा। अब तीनों पत्नियां पति के खिलाफ कार्रवाई कराना चाहती हैं। आरोपी पति का कहना है कि वह अपना वंश आगे बढ़ाना चाहता है इसलिए शादी करना चाहता है। |
| कल से दौड़ेंगी लखनऊ से दिल्ली के बीच डबल डेकर ट्रेन Posted: 08 May 2022 10:52 PM PDT
लखनऊ जंक्शन से आनन्द विहार दिल्ली के बीच चलने वाली डबल डेकर पिछले तीन साल से ग्रीन सिग्नल के इंतजार में खड़ी है। यह ट्रेन एक बार फिर 10 मई से पटरी पर दौड़ती नजर आएगी। रेलवे बोर्ड ने एसी डबल डेकर ट्रेन को सप्ताह में छह दिन के बजाए चार दिन चलेंगी। इस ट्रेनों में सीटों का आरक्षण शुरू गया। इस ट्रेन के संचालन से गोमती एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। ट्रेन नंबर-12583 डबल डेकर ट्रेन 10 मई से सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। लखनऊ जंक्शन से डबल डेकर ट्रेन सुबह 4:55 बजे रवाना होकर बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए दोपहर 12:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नम्बर 12584 डबल डेकर 10 मई से मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार दोपहर 2:05 आनंद विहार से रवाना होकर लखनऊ जंक्शन रात 10:30 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी चेयर कार की आठ तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 10 कोच लगाये जायेंगे । |
| राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महिलाओं को किया सम्मानित Posted: 08 May 2022 08:12 AM PDT लखनऊ अब महिलाओं की सोच में परिवर्तन आया है। कम पढ़ी लिखी महिलाएं भी मजदूरी करके अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का प्रयास कर रही हैं, जिससे कि उनके बच्चे भी अच्छा जीवन यापन कर सकें। भारत अब रूढ़िवादी सोच से बाहर निकल रहा है, इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका महिलाएं निभा रही हैं। उक्त बातें रविवार को राज्यपाल/कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहीं। वह डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओर से आईईटी में आयोजित आविर्भाव दिवस 22 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर और मातृ दिवस के मौके पर बोल रहीं थीं। इस मौके पर उन्होंने मातृ शक्ति का सम्मान किया। परमार्थ संस्था के पांच बच्चों और उन्हें पढ़ाने वाली पांच आईईटी की छात्रा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुओं, निर्माण कार्य में लगी महिलाओं को सम्मानित किया। अपने उद्बोधन के दौरान माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल महिलाओं के लिए अभिभावक की भूमिका में रहीं। उन्होंने बच्चों के सही पालन-पोषण के बारे में बताया। कहा कि बच्चों में बचपन से ही आत्मनिर्भर बनने की आदत डालनी चाहिए। माताओं को उन्हें ऐसा संस्कार देना चाहिए जिससे कि वो आगे चलकर किसी पर निर्भर न रहें। घर का वातावरण ऐसा बनाये जिससे कि बच्चों पर कोई बुरा प्रभाव न पड़े। क्योंकि ये बच्चे ही हमारे देश का भविष्य हैं। मां बनने का सौभाग्य हर महिला के लिए सुखद होता है। माताओं का सम्मान करना होगा। कहा कि अन्नप्राशन कराने की रस्म का लक्ष्य है कि छः माह के बच्चे को कौन-कौन सा पौष्टिक आहार दिया जाये जिससे कि उनका विकास अच्छे ढंग से हो। गोद भराई भी इसी तरह की प्रथा है, जिससे कि गर्भवती महिलाओं को ये बताया जाता है कि उनके लिए सही खान-पान क्या है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ घर में भेदभाव नहीं करना चाहिए। चाहे वो घर का काम करें या फिर बाहर नौकरी करने जाएं, उनका सम्मान हमेशा करना चाहिए। सेवा भाव नहीं बल्कि महिला और पुरूष को एक दूसरे का सहयोगी बनना चाहिए। उन्होंने आईईटी की छात्राओं की तारीफ की। कहा कि अपनी पढ़ाई में से समय निकाल कर इन गरीब बच्चों को पढ़ाना वाकई काबिले तारीफ है विश्वविद्यालयों में होंगे परंपरागत खेल इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि हम अपने पारंपरिक खेलों से दूर हो गये हैं। जबकि ये खेल हमें एक दूसरे से जुड़ने का मौका देते थे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के विश्वविद्यालयों में पारंपरिक खेल जैसे, कबड्डी, खो-खो, लट्टू, गिल्ली-डंडा, लंगड़ी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें छात्र से लेकर अध्यापकों तक की भागीदारी होगी। कहा कि हर विश्वविद्यालय परिसर में बरगद का पेड़ लगाना चाहिए।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने एकेटीयू के 22 वर्षीय यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस 22 साल में विश्वविद्यालय ने बहुत से उतार-चढ़ाव को देखते हुए तकनीकी शिक्षा के विकास में योगदान दे रहा है। कहा कि विश्वविद्यालय न केवल तकनीकी शिक्षा बल्कि उद्यमिता, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ाने में भी अपनी भूमिका निभा रहा है। कहा कि हिन्दी में बीटेक की पढ़ाई करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। उन्होने इस विश्वविद्यालय से जुड़े जितने कालेज हैं उन्होंने अपने यहां अपने स्रोतों से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति की न्यूनतम एक छात्रा को पढ़ाने की पहल की है। अतिथियों का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र ने राज्यपाल /कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल का आभार जताया। कहा कि 22 वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में प्राविधिक शिक्षा के विकास को नया आयाम देने के लिए इस विश्वविद्यालय शुरूआत की थी। अपने स्थापना के उदेश््यों को पूरा करता हुआ यह संस्थान सिर्फ तकनीकी शिक्षा ही नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार का भी भागीदार बन रहा है। कहा कि शिक्षा का तात्पर्य तभी पूरा होता है जब हम समाज के लिए कुछ कर सकें। इस दिशा में विश्वविद्यालय अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास कर रहा है। कहा कि आज मातृ दिवस के शुभ अवसर पर हमें सभी माताओं के सम्मान का संकल्प लेना चाहिए।धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने दिया। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस और विश्वविद्यालय के आविर्भाव दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम निश्चित ही हमें प्रेरणा देगा। उन्होंने माननीय राज्यपाल का आभार जताया। इसके पहले कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। विश्वविद्यालय के छात्रों ने कुलगीत गाया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के 22 वर्षों के इतिहास को समेटे एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी। इसके पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आईईटी के नवनिर्मित उत्तरी द्वार का उद्घाटन किया। आईईटी के विद्यार्थियों की ओर से परमार्थ संस्था बनाकर झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को निःशुल्क पढ़ाया जाता है। इस मौके पर राज्यपाल ने पांच बच्चों काजल, शांति, अभिलाषा, स्वाति लक्ष्मी और पांच आईईटी की छात्राओं आंचल, उन्नति, शिल्पी, रीना शालिनी को सम्मानित किया जो इन बच्चों को पढ़ाती हैं। साथ ही विश्वविद्यालय कर्मचारियों के गोद लिये अनाथ बच्चों राजमणि और शिवानी का सम्मान किया। वहीं, आईईटी तीन महिला कर्मियों का भी सम्मान किया। इसके अलावा दो महिला ग्राम प्रधान आकांक्षा और राधा शुक्ला, स्वयं सहायता समूह की दो महिलाओं कंचन व सविता, बच्चों के लिए कार्य करने वाले दो गैर सरकारी संगठनों यूनीसेफ और वर्ल्ड विजन का सम्मान किया गया। जबकि विशिष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/आशा बहुओं और एएनएम का अभिनंदन किया गया। |
| प्रेमी को पिटता देख प्रेमिका ने खाया जहर Posted: 08 May 2022 05:46 AM PDT लखनऊ बिजनौर में एक लड़की ने अपने प्रेमी को पिटता देख जहर खा लिया। जबकि प्रेमी को प्रेमिका के घरवालों ने पिटाई के बाद जहर खिला दिया। इससे उसकी मौत हो गई। दरअसल युवक अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर गया था। लेकिन लड़की के घर वालों ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। लड़की उसे छोड़ देने की मिन्नतें करती रही। लेकिन घरवालों ने उसे नहीं छोड़ा।इसके बाद प्रेमिका ने घर के भीतर जाकर सल्फाश की गोली खा लिया। वहीं, लड़के के परिजनों का आरोप है कि लड़की के घर वालों ने उनके बेटे को जहर दिया है। यह मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव का है।जलीलपुर गांव निवासी अशोक का पड़ोस में रहने वाली लड़की से कई सालों से अफेयर था। अशोक की मां ने बताया कि लड़की ने शनिवार देर रात उनके बेटे को घर बुलाया था। पास में ही घर था तो वो चला गया। सुबह परिवार के लोगों ने अशोक को लड़की के साथ देख लिया। उसके बाद अशोक को पीटना शुरू कर दिया।लड़की ने अपने घरवालों से अशोक को छोड़ने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि इसे मत मारो, वरना मैं जहर खा लूंगी। फिर भी घरवालों ने प्रेमी को पीटना बंद नहीं किया। इस पर लड़की ने घर में रखा जहर खा लिया। आरोप है कि प्रेमिका के घरवालों ने लड़के को भी जहर खिला दिया।बताया जा रहा है कि अशोक भागते-भागते घर आया और किसी तरह उसने पूरी बात बताई। अशोक के परिजन उसे लेकर अस्पताल की तरफ भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।अस्पताल में भर्ती प्रेमिका की मां ने लड़के पर रेप का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक प्रेमी की मां का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। लड़की के घरवालों ने मेरे बेटे को जहर देकर उसे मार दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक लड़के की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। |
| श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को अप्रैल महीने में मिला 5.45 करोड़ का दान Posted: 08 May 2022 05:45 AM PDT
लखनऊ वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाद एक महीने में सबसे अधिक दान का रिकॉर्ड बना है। शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल महीने में 5.45 करोड़ रुपये का दान आया है। बाबा के चरणों में मन्नत पूरी होने के बाद दान-पुण्य का इतिहास प्राचीन काल से ही चला आ रहा है।अहिल्याबाई होल्कर, महाराज रणजीत सिंह समेत देश भर से दानदाताओं ने खुले मन से दान किया। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के इतिहास में एक महीने में सबसे अधिक दान अप्रैल महीने में आया है। इसके पूर्व महाशिवरात्रि पर बाबा दरबार को स्वर्णमयी करने के लिए दक्षिण भारत के श्रद्धालु ने 120 किलो सोना दान किया था।मंदिर प्रशासन की ओर से ऑनलाइन दान के अलावा मंदिर परिसर में भी कार्यालय में दान की व्यवस्था है। वहीं बाबा दरबार में संबंधित व्यक्ति को दान की रसीद ऑनलाइन और ऑफलाइन देने की व्यवस्था है। |
| मातृ दिवस पर गोमती मित्रों का प्रण,समर्पित स्वच्छता को जीवन का हर क्षण Posted: 08 May 2022 01:04 AM PDT सुलतानपुर यूं तो किसी भी दिवस की कल्पना बिना मां के नहीं की जा सकती कारण की यह जीवन ही मां का दिया हुआ है लेकिन फिर भी एक विशेष दिवस की परिकल्पना इसलिए की हम बैठ कर विचार करें की हम अपनी जीवनदायिनी के प्रति कितने धर्मनिष्ठ हैं। गोमती मित्रों के लिए सौभाग्य रहा कि मातृ दिवस के दिन साप्ताहिक श्रमदान के तहत उन्हें मां गोमती की सेवा प्राप्त हुई और फिर क्या था गगन भेदी जयकारों के साथ संरक्षक रतन कसौंधन के नेतृत्व में गोमती मित्रों ने आदि गंगा मां गोमती की स्वच्छ-निर्मल-अविरल धारा के लिए जीवन के अंतिम क्षण तक समर्पित रहने का संकल्प लिया,प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन एवं मीडिया प्रभारी रमेश माहेश्वरी ने जनमानस से अपील की कि जिस मां ने जन्म दिया है उसके साथ-साथ आदि गंगा मां गोमती की सेवा का संकल्प भी आज के दिन अवश्य लें स्वच्छता श्रमदान में मुख्य रूप से उपस्थित रहे संत कुमार प्रधान,राजेश पाठक,अजय प्रताप सिंह,रामेंद्र प्रताप सिंह राणा,सेनजीत कसौंधन दाऊ, संतोष अग्रहरी,प्रिंस सिंह,अनुज प्रताप सिंह,दीपू कसौधन,पवन मौर्य,आमोद विक्रम सिंह,अर्जुन यादव,तेजस्व पांडे,राज मिश्रा,प्रांजल सिंह,आयुष,आदित्य,अर्पित आदि। |
| भरी अदालत में मां ने कहा- बच्चों को मैं अपने साथ नहीं रखना चाहती Posted: 07 May 2022 10:45 PM PDT
लखनऊ इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक अनोखा मामला सामने आया है। भरी अदालत में एक महिला ने अपने 2 मासूम बच्चों से नाता तोड़ दिया। कहा-बच्चों को मैं अपने साथ नहीं रखना चाहती, बच्चों से और पति से मेरा कोई वास्ता नहीं। मैं उन्हें देखना तक नहीं चाहती। कोर्ट ने इसपर कहा कि हम आपको कभी बच्चों से मिलने नहीं देंगे तो महिला ने कहा मंजूर है। पति और 2 मासूम बच्चों के सामने महिला का बयान सुनकर कोर्ट भी स्तब्ध रह गई।फतेहपुर के रहने वाले प्रमोद कुमार ने अपनी पत्नी क्रांति देवी बालकेश को दिल्ली में बंदी बताते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की थी।पति का कहना था कि उसकी पत्नी क्रांति को बेटे अंकुर ने दिल्ली में बंदी बनाकर रखा है। उसे छोड़ नहीं रहा है। वह वहीं कैद है। कोर्ट ने पुलिस को निर्देश देते हुए पत्नी को कोर्ट में पेश करने को कहा था।सुनवाई के दौरान पत्नी कोर्ट में उपस्थित हुई तो कोर्ट ने उससे कई सवाल किए। कोर्ट ने पूछा कि क्या उसे किसी ने बंदी बनाया है? तो युवती ने कहा कि उसे किसी ने बंदी नहीं बनाया है। वह दिल्ली में रहकर जॉब कर रही है। उसे अपने पति प्रमोद कुमार से कोई लेना-देना नहीं है। पति उसे परेशान करता है। सुनवाई के दौरान पति और उसके दोनों बच्चे वैभव (9 वर्ष) और शौर्य (5 वर्ष और एक पैर से विकलांग) भी मौजूद थे। कोर्ट ने पूछा अपने बच्चों को साथ रखोगी तो युवती ने कहा वह बच्चों को नहीं चाहती है। उन्हें अपने साथ नहीं रखेगी। उनसे उसका कोई सरोकार नहीं है। इस पर कोर्ट ने कहा कि उसे बच्चों से मिलने नहीं दिया जाएगा तो महिला ने जवाब दिया कि मंजूर है। कोर्ट ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका को पोषणीय न पाते हुए उसे खारिज कर दिया। बच्चों को उसके पिता के पास ही रहने दिया। |
| रोडवेज में अब 65 साल तक संविदा कंडक्टर कर सकेंगे ड्यूटी Posted: 07 May 2022 09:51 PM PDT लखनऊ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में तैनात संविदा परिचालकों के लिए अच्छी खबर है। निगम प्रशासन ने अब संविदा कंडक्टरों को सेवानिवृत करने की उम्र 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दिया है। ऐसे में प्रदेश भर में वर्तमान में तैनात 18 हजार संविदा परिचालक पांच साल तक और नौकरी करने का मौका मिलेगा। इस व्यवस्था से वर्तमान में 60 साल में हटाए जा रहे संविदा कंडक्टरों पर रोक लगेगी। इससे बस कंडक्टर के आभाव में बसों का संचालन नहीं रूकेगा और यात्रियों को बसों की सुविधा बस्तूर मिलती रहेगी। इस संबंध में परिवहन निगम के एमडी आरपी सिंह ने प्रदेश भर के सेवा प्रंबंधकों और क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिशा निर्देश जारी करते हुए इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए हैं। परिवहन निगम प्रशासन ने बताया कि संविदा पर परिचालक भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। जिसमें 65 साल की उम्र का जिक्र किया जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारी इस आदेश के तहत संविदा परिचालकों से ड्यूटी लेंगे। साथ ही इसी आधार पर प्रदेश भर के क्षेत्रीय डिपो में संविदा परिचालकों की भर्ती होगी। |
| बिना स्कूल आए वेतन ले रही थी प्रधानाध्यापिका,पढ़ाने के लिए किराए पर रखी थी लड़की Posted: 07 May 2022 09:50 PM PDT
लखनऊ आगरा जिले में बेसिक शिक्षा विभाग ने एक बड़ा खुलासा किया है। प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बिना स्कूल आए वेतन ले रही थी और स्कूल के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रधानाध्यापिका के द्वारा 5 हजार रुपये महीने पर एक युवती को रखा गया था।युवती प्रधानाध्यापिका की जगह स्कूल के बच्चों को पढ़ाती थी।मंडलीय उप निरीक्षक उर्दू राकेश कुमार व मंडलीय समन्वयक मिड-डे मील राकेश कुमार पाराशर छह मई को जैतपुर कलां स्थित प्राथमिक विद्यालय नगला सुरई का निरीक्षण करने गए थे। स्कूल में जब प्रधानाध्यापिका नहीं मिली तो टीम के द्वारा पूछताछ की गई। निरीक्षण के दौरान किराए पर रखी गई युवती भी स्कूल के मौजूद थी। हालांकि इस मामले में एडी बेसिक महेश चंद्र ने प्रभारी बीएसए को प्रधानाध्यापिका और संबंधित दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द समिति बनाकर पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।6 मई को मंडलीय उप निरीक्षक उर्दू राकेश कुमार व मंडलीय समन्वयक मिड-डे मील राकेश कुमार पाराशर ने जैतपुर कलां स्थित प्राथमिक विद्यालय नगला सुरई का निरीक्षण किया था।स्कूल की प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह अनुपस्थित थीं। उपस्थिति पंजिका में देखने से पता चला कि वह 29 अप्रैल से बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित हैं।उपस्थिति पंजिका में 28 अप्रैल को आकस्मिक अवकाश अंकित मिला।पत्र व्यवहार में पंजिका में आकस्मिक अवकाश दर्ज नहीं था। जब टीम ने मिड-डे मील और छात्रों की उपस्थिति पंजिका मांगी तो शिक्षक व शिक्षामित्रों ने बताया कि सभी प्रधानाध्यापिका के पास हैं। इसके बाद यह पूरा मामला सामने आया।पूछताछ पर सहायक अध्यापक मनीष कुमार, शिक्षामित्र अंजू, ऊषा ने टीम को बताया कि प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह की जगह एक लड़की पढ़ा रही है। लड़की भी मौके पर मौजूद थी उसने बताया कि वह अक्तूबर, 2021 से विद्यालय में पढ़ा रही है और उसे 5000 रुपये प्रति माह प्रधानाध्यापिका के द्वारा दिए जाते हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीण ने भी बताया कि उन्होंने कभी प्रधानाध्यापिका को नहीं देखा है।इस मामले की जानकारी जब एडी बेसिक को हुई तो उनके द्वारा बीएसए को निर्देश दिया गया कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की जानकारी में प्रकरण लाकर ब्लॉक के सभी विद्यालयों का जल्द से जल्द औचक निरीक्षण कराया जाए। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |


















