सुल्तानपुर टाइम्स |
- सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सीएससी संचालक द्वारा बाइक रैली निकाली गई
- सेवा योजन कार्यालय पर रोजगार मेला 30 मई को होगा आयोजित
- प्रधानमंत्री मोदी ने किया दो दिवसीय ड्रोन महोत्सव का उद्घाटन
- प्रेमी के लिए 6 लाख की सुपारी दे कराया पति का कत्ल
- खाद्य पदार्थों में शामिल सामग्री की मात्रा कुछ भी हो,बताना अनिवार्य
- उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
- वेश्यावृत्ति पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
- आरपीपीजी कालेज और मारवाड़ी युवा मंच ने स्वास्थ संगोष्ठी का संयुक्त रूप से किया आयोजन
| सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सीएससी संचालक द्वारा बाइक रैली निकाली गई Posted: 27 May 2022 12:02 AM PDT सुलतानपुर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा अधिकृत सीएससी ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा राज्य मंत्री परिवहन (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार दयाशंकर सिंह के निर्देश के क्रम में शुक्रवार को जनपद सुल्तानपुर के कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से नगर में जन जागरूकता हेतु निकाली गई। बाइक रैली को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बी0 प्रसाद द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि इस बाइक रैली का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण जनता को जागरूक करना है ।भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत कार्यक्रम के तहत सड़कों को साफ रखना, प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि यातायात से संबंधित एंबुलेंस को रास्ता देना , दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना, सिग्नल लाइट के तहत रेड लाइट होने पर स्टॉप लाइन से पीछे रुकना, सड़क सुरक्षा अभियान के बेसिक नियम है इस नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी है। अतः ज्यादा से ज्यादा लोग इस बेसिक नियम को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि इसीलिए बाइक रैली निकालकर जन-जन को जागरूक किया जा रहा है ।इस अवसर पर सीएससी जिला प्रबंधक विनोद यादव ने बताया की बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से होते हुए पयागीपुर जाकर समाप्त हुई। इस अभियान में सीएससी के कर्मठ संचालकों ने जोश के साथ हिस्सा लिया, जिसमें जिला प्रबंधक विनोद, सर्वेश जिला समन्वयक प्रशांत, अमन, अजय आदर्श, विष्णु, अशोक,माजिद, राहुल, कृपा शंकर, सादिक अली,दीपक,इत्यादि वी एल ई उपस्थित रहे। |
| सेवा योजन कार्यालय पर रोजगार मेला 30 मई को होगा आयोजित Posted: 26 May 2022 11:57 PM PDT सुलतानपुर जिला सेवा योजन अधिकारी संदीप ने बताया कि जिला सेवा योजन कार्यालय, पयागीपुर सुलतानपुर में 30 मई को रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। जिला सेवा योजन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी जो हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, आई0टी0आई0 अथवा किसी भी वर्ग में स्नातक उत्तीर्ण हों तथा 18 वर्ष से 35 वर्ष की आयु के मध्य हों वे रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु विभाग के पोर्टल www.sewayojan.up.nic.in पर निःशुल्क पंजीकरण कराकर आयोजित रोजगार मेला में प्रतिभाग कर सकते हैं। |
| प्रधानमंत्री मोदी ने किया दो दिवसीय ड्रोन महोत्सव का उद्घाटन Posted: 26 May 2022 11:36 PM PDT
दिल्ली के प्रगति मैदान में दो दिवसीय ड्रोन महोत्सव 2022 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं ड्रोन प्रदर्शनी से प्रभावित हूं। 2030 तक भारत ड्रोन हब बनेगा। उन्होंने कहा, जिन-जिन स्टॉल में मैं आज गया, वहां सभी लोग बहुत गर्व से कहते थे कि ये Make in India हैं।प्रधानमंत्री ने कहा, यह उत्सव सिर्फ ड्रोन का नहीं, यह नए भारत-नई गवर्नेंस का उत्सव है। ड्रोन टेक्नोलॉजी को लेकर भारत में जो उत्साह देखने को मिल रहा है, वो अद्भुत है। ये जो ऊर्जा नजर आ रही है, वो भारत में ड्रोन सर्विस और ड्रोन आधारित इंडस्ट्री की लंबी छलांग का प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री ने कहा, यह ऊर्जा भारत में रोजगार सृजन के एक उभरते हुए बड़े सेक्टर की संभावनाएं दिखाती है। उन्होंने कहा, आठ वर्ष पहले यही वो समय था, जब भारत में हमने सुशासन के नए मंत्रों को लागू करने की शुरुआत की थी। पहले की सरकारों के समय टेक्नॉलॉजी को problem का हिस्सा समझा गया, उसको anti-poor साबित करने की कोशिशें हुईं।इस कारण 2014 से पहले गवर्नेंस में टेक्नॉलॉजी के उपयोग को लेकर उदासीनता का वातावरण रहा।इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब को हुआ, वंचित को हुआ, मिडिल क्लास को हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा टेक्नोलॉजी ने last mile delivery को सुनिश्चित करने में, saturation के विजन को आगे बढ़ाने में बहुत मदद की है।और मैं जानता हूं कि हम इसी गति से आगे बढ़कर अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।आज देश ने जो Robust, UPI फ्रेमवर्क डवलप किया है, उसकी मदद से लाखों करोड़ रुपए गरीब के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर हो रहे हैं।महिलाओं को, किसानों को, विद्यार्थियों को अब सीधे सरकार से मदद मिल रही है।ड्रोन टेक्नोलॉजी कैसे एक बड़ी क्रांति का आधार बन रही है, इसका एक उदाहरण पीएम स्वामित्व योजना भी है।इस योजना के तहत पहली बार देश के गांवों की हर प्रॉपर्टी की डिजिटल मैपिंग की जा रही है, डिजिटल प्रॉपर्टी कार्ड लोगों को दिए जा रहे हैं।पहले के समय में टेक्नोलॉजी और उससे हुए Invention, Elite Class के लिए माने जाते थे।आज हम टेक्नोलॉजी को सबसे पहले Masses को उपलब्ध करा रहे हैं।कुछ महीने पहले तक ड्रोन पर बहुत सारे restrictions थे।हमने बहुत ही कम समय में अधिकतर restrictions को हटा दिया है।हम PLI जैसी स्कीम्स के जरिए भारत में ड्रोन मैन्यूफेक्चरिंग का एक सशक्त इकोसिस्टम बनाने की तरफ भी बढ़ रहे हैं। |
| प्रेमी के लिए 6 लाख की सुपारी दे कराया पति का कत्ल Posted: 26 May 2022 10:23 PM PDT दिल्ली के दरियागंज इलाके में 17 मई को हुई वर्कशॉप मालिक मोइनुद्दीन कुरैशी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कुरैशी की हत्या में किसी बाहरी शख्स का नहीं बल्कि पत्नी का ही हाथ है, जिससे उनकी 25 साल पहले शादी हुई थी। हत्याकांड को कुरैशी की पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दोनों ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर गाजियाबाद से भाड़े के हत्यारे को बुलाया था। मृतक की पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से पुलिस को बड़ी टिप मिली और उसने बुधवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मोइनुद्दीन कुरैशी की 40 वर्षीय पत्नी जीबा कुरैशी, उसके 29 वर्षीय प्रेमी शोएब और भाड़े के किलर विनीत गोस्वामी को अरेस्ट कर लिया है। गोस्वामी गाजियाबाद के बम्हेटा गांव का रहने वाला है। इनके पास से एक पिस्तौल, दो कारतूस, सुपारी की रकम के तीन लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल चोरी की बाइक बरामद की गई है।डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि गत 17 मई की रात करीब 10 बजे कालीदास रोड पर खालसा स्कूल के सामने अज्ञात बाइक सवारों ने वर्कशॉप मालिक मोइनुद्दीन की गोलियां बरसा कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मोइनुद्दीन के छोटे भाई रुकनुद्दीन के बयान पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ की थी।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान लिए तो उसमें काफी विरोधाभास मिला। वह बार-बार बयान बदल भी रही थी। इस पर पुलिस को शक हुआ और उसके मोबाइल का सीडीआर खंगाला। इस दौरान पुलिस को पता चला कि जीबा लगातार मेरठ के एक नंबर पर बात करती थी। इस बारे में पुलिस ने फिर उससे पूछताछ की तो वह आनाकानी करती रही। सख्ती बरते जाने पर वह टूट गई और उसने हत्या की साजिश पर से पर्दा उठा दिया। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को एक-एक कर तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में पत्नी जीबा ने यह खुलासा किया कि करीब 25 साल पहले 15 वर्ष की आयु में उसकी शादी मोइनुद्दीन से कर दी गई थी। जीबा के दो बेटे व एक बेटी हैं। उधर, मोइनुद्दीन का वर्कशॉप के अलावा प्रॉपर्टी का कारोबार था। वह ज्यादातर समय पतंगबाजी और शराब पीने में ही बिताता था। इतना ही नहीं शराब के नशे में उसे पीटता भी था। इस बीच परेशान जीबा की दोस्ती फेसबुक के जरिये मेरठ निवासी शोएब से हो गई। दोनों के बीच इतनी नजदीकी बढ़ गई कि जीबा ने शोएब के साथ शादी करने का मन बना लिया। इसके बाद उसने शोएब के साथ मिलकर पति हत्या की साजिश रच डाली। |
| खाद्य पदार्थों में शामिल सामग्री की मात्रा कुछ भी हो,बताना अनिवार्य Posted: 26 May 2022 10:22 PM PDT
नई दिल्ली भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दिल्ली हाईकोर्ट से कहा है कि किसी भी खाद्य पदार्थ के मांसाहारी या शाकाहारी होने की घोषणा करना अनिवार्य है भले ही इसमें इस्तेमाल होने वाली संबंधित सामग्री की मात्रा कुछ भी हो। इतना ही नहीं मांसाहारी भोजन के हर पैकेट पर उसके नेचर को प्रदर्शित करने के लिए एक चिह्न और कलर कोड भी होना चाहिए।FSSAI ने यह बात उत्पादों पर लेबलिंग को लेकर दायर एक याचिका के जवाब में कही। प्राधिकरण ने हाईकोर्ट को जानकारी दी कि उसने सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय लाइसेंसिंग प्राधिकरणों के सभी खाद्य आयुक्तों को नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया था साथ ही जनता को सूचना देने के लिए देशभर के 26 भाषाओं के 68 समाचार पत्रों में अधिसूचना भी प्रकाशित कराई थी। FSSAI ने आगे कहा कि शाकाहारी या मांसाहारी, खाद्य लेबल पर एडिटिव्स समेत सामग्री के स्रोत के लिए लोगो की घोषणा के संदर्भ में 5 अप्रैल को आदेश पारित किया गया था। हाईकोर्ट में दाखिल काउंटर हलफनामे में FSSAI ने कहा कि पिछले साल 22 दिसंबर को जारी आदेश के मुताबिक मांसाहारी खाद्य के हर पैकेट पर पशु स्रोतों से एडिटिव्स समेत सामग्रियों के होने की जानकारी देने को कहा गया था। इसमें चिह्न और कलर कोड देने को भी कहा गया था ताकि पता चल सके कि ये उत्पाद मांसाहारी हैं। हालांकि इसमें दूध या दूध उत्पादों, शहद या मोम या कोरनौबा मोम को छूट दी गई थी।साथ ही यह साफ किया गया था कि खाद्य पदार्थ में किसी भी सामग्री का प्रतिशत कुछ भी हो, पैकेट पर खाद्य पदार्थ के मांसाहारी या शाकाहारी होने का उल्लेख करना अनिवार्य है। हलफनामे में कहा गया है कि यदि कोई खाद्य कारोबारी संचालक कानून का उल्लंघन करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।दिल्ली हाईकोर्ट ने मार्च में अपने एक फैसले में कहा था कि किसी खाद्य पदार्थ के शाकाहारी या मांसाहारी होने का पूरी तरह खुलासा होना चाहिए। थाली में परोसी जाने वाली वस्तु से हर व्यक्ति के मौलिक अधिकार प्रभावित होते हैं।हाईकोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया था कि वह खाद्य पदार्थ की सामग्री पर स्पष्ट खुलासा करने के दायित्व पर सभी संबंधित अधिकारियों को नया आदेश जारी कर अवगत कराए। |
| उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया Posted: 26 May 2022 06:59 AM PDT सुलतानपुर उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक गुरुवार शाम को सुल्तानपुर जिला अस्पताल के औचके निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने कहा इसी प्रदेश में योगी सरकार के बनने से पहले कुल 13 मेडिकल कॉलेज थे आज हम पूरे प्रदेश के हर डिस्ट्रिक्ट में मेडिकल कॉलेज बना रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया अभी हमारे पास 30 सरकारी और 35 प्राईवेट मेडिकल कॉलेज हैं। हम पूरे प्रदेश में वर्ड क्लॉस चिकित्सा देने वाले हैं। उन्होंने अस्पताल के बंद पड़े उपकेंद्र को चालू कराने के लिए विभागीय अधिकारियों के पेंच कसे। बता दें कि उपमुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य अधिकारियों ने उन्हें वही दिखाया जो उन्होंने चाहा। जहां खामियां थी उस ओर उन्होंने मंत्री को ले जाना ही उचित नहीं समझा। लगभग आधा घंटे यहां रुकने के बाद स्वास्थ्य मंत्री का काफिला आगे के लिए रवाना हो गया। गुरुवार शाम करीब 4:45 पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। यहां जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने उनका स्वागत किया। उनके साथ उपजिलाधिकारी सदर सीपी पाठक, सीओ सिटी डॉ. राघवेंद्र चतुर्वेदी, सीएमओ, सीएमएस मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने सबसे पहले इमरजेंसी का निरीक्षण किया। यहां एक महिला मरीज का पेशेंट एडमिट था जिसे उन्होंने बेहतर उपचार देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ और सीएमएस से कहा कि आप हमें सहयोग करें। ऐसी व्यवस्था दें कि मरीज प्राईवेट के बजाए सरकारी अस्पातलों में आए। उन्होंने सीएमएस ऑफिस का निरीक्षण करते हुए स्टॉक से लेकर स्टॉफ ड्यूटी रजिस्टर तक चेक किया। अस्पताल में बंद शुलभ शौचालय को देखकर डिप्टी सीएम ने सवाल किया कि यह बंद क्यों है। दिव्यांगों के लिए बने शौचालय पर भी ताला लटक रहा था। इस पर अधिकारियों ने बताया कि यह नगर पालिका के कार्य क्षेत्र में है। जिस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इसे आप अपने कार्य क्षेत्र में ले लीजिए।मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा अस्पताल परिसर में मरीज को भगवान मानकर हम लोग उसकी सेवा करें। हमारा धेय है कि चिंता मुक्त होकर मरीज सरकारी अस्पताल में आए। यह बातें वो कह रहे थे कि मरीजों के तीमारदार कहने लगे सर दवा नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने कहा मैने कहा है सीएमओ-सीएमएस से दवाईयां खत्म होने के एक सप्ताह पहले ही डिमांड नोट लखनऊ भेज दें। |
| वेश्यावृत्ति पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला Posted: 26 May 2022 05:13 AM PDT नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़े व अहम फैसले के तहत देश में वेश्यावृत्ति को वैध करार दिया है। उसने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस इसमें दखलंदाजी नहीं कर सकती और न ही सहमति से यह कार्य करने वाले सेक्स वर्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकती है। शीर्ष कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सेक्स वर्कर भी कानून के समक्ष सम्मान व बराबरी के हकदार हैं। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एल. नागेश्वर राव की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने यह अहम फैसला दिया। पीठ ने सेक्स वर्करों के अधिकारों की रक्षा के लिए छह सूत्रीय दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। कोर्ट ने इन सिफारिशों पर सुनवाई की अगली तारीख 27 जुलाई तय की है। केंद्र को इन पर जवाब देने को कहा है।सुप्रीम कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि स्वैच्छिक वेश्यावृत्ति अवैध नहीं है। केवल वेश्यालय चलाना गैरकानूनी है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज कराने वाली सेक्स वर्करों के साथ पुलिस भेदभाव न करे। यदि उसके खिलाफ किया गया अपराध यौन प्रकृति का हो तो तत्काल चिकित्सा और कानूनी मदद समेत हर सुविधा प्रदान की जानी चाहिए। कोर्ट ने कहा कि सेक्स वर्करों के प्रति पुलिस का रवैया अक्सर क्रूर और हिंसक होता है। ये ऐसे वर्ग के होते हैं, जिनके अधिकारों को मान्यता नहीं है, इसलिए उनके मामलों में संवदेनशील रवैया अपनाने की जरूरत है। बेंच ने कहा, इस देश के हर नागरिक को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार मिला है। अगर पुलिस को किसी वजह से उनके घर पर छापेमारी करनी भी पड़ती है तो सेक्स वर्कर्स को गिरफ्तार या परेशान न करे। अपनी मर्जी से प्रॉस्टीट्यूट बनना अवैध नहीं है, सिर्फ वेश्यालय चलाना गैरकानूनी है।महिला सेक्स वर्कर है, सिर्फ इसलिए उसके बच्चे को मां से अलग नहीं किया जा सकता। अगर बच्चा वेश्यालय या सेक्स वर्कर के साथ रहता है इससे यह साबित नहीं होता कि वह बच्चा तस्करी कर लाया गया है।कोर्ट ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से सेक्स वर्कर्स से जुड़े मामले की कवरेज के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है। जिससे गिरफ्तारी, छापे या किसी अन्य अभियान के दौरान सेक्स वर्कर्स की पहचान उजागर न हो। कोर्ट ने ये आदेश सेक्स वर्कर्स के पुनर्वास को लेकर बनाए गए पैनल की सिफारिश पर दिए हैं। |
| आरपीपीजी कालेज और मारवाड़ी युवा मंच ने स्वास्थ संगोष्ठी का संयुक्त रूप से किया आयोजन Posted: 26 May 2022 04:22 AM PDT सुलतानपुर राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच ( गोमती शाखा) के संयुक्त तत्वावधान में महिला स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन राणा प्रताप पी जी कालेज में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्या डॉ निशा सिंह , रचना मोरारक, नेहा कानोडिया, द्वारा माँ सरस्वती और राणा प्रताप के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुवा। स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ निशा सिंह से कहा कि सभी क्षेत्रों और पेशे में महिलाओं का योगदान दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। परिवार के साथ महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की जरूरत है। विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करते रहना चाहिए। महिलाओं को उनके सामने आने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए। महिलाओं को किसी भी स्वास्थ्य समस्या के निदान हेतु स्वयं निःसंकोच आगे आना चाहिये। उन्होंने यह भी बताया की फल और सब्जी जिनसे विटामिन एवं खनिज लवण मिलते हैं का अधिक सेवन करना चाहिए । मंजू ठाकुर ने कहा कि भोजन के तीन मुख्य घटक कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, सूक्ष्म तत्व जैसे विटामिन, हारर्मोंस और खनिज लवण सब को मिलाकर ही एक संतुलित आहार होता है । भोजन में मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट को लिया जा रहा है। इसकी मात्रा सीमित होनी चाहिए। प्रोटीन का ज्यादा से ज्यादा सेवन करना चाहिए। दाल, दूध, पनीर, मशरूम, मांस आदि प्रोटीन में मुख्य स्रोत है। प्रोटीन एक ग्राम प्रति एक किलोग्राम शरीर भार तथा कठिन कार्य करने वालों के लिए डेढ़ ग्राम प्रति किलोग्राम शरीर भार पर लेना चाहिए। मारवाड़ी युवा मंच की महामंत्री नेहा कानोडिया ने युवा अवस्था की ओर बढ़ती हुई बच्चियों के मासिक चक्र में होने वाले समस्याओं पर प्रकाश डाला और यह बताया कि कब इसे सामान्य और कब इसे असामान्य समझें। उन्होंने स्तन कैंसर व बच्चेदानी में कैंसर के लक्षण के बारे में बताया। इस दौरान दो सौ पचास छात्राओं को सेनिटरी नैपकिन बांटा गया। कार्यक्रम का संचालन प्रीति प्रकाश ने किया। यह कार्यक्रम डॉ निशा सिंह की अध्यक्षता में हुआ। यहाँ पर डॉ सीमा सिंह, डॉ अंजना सिंह, प्रीति सिंह, डॉ संतोष अंश, रवि सिंह के साथ महाविद्यालय की सैकड़ो छात्राएं उपस्थित थी। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |










