आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, June 14, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: मजदूर की हत्या मामले में हुई मुख्तार अंसारी की पेशी

Posted: 13 Jun 2022 09:20 AM PDT


पेशी की अगली तारीख 27 जून मुकर्रर की गई,श्याम बाबू पासी कड़ी सुरक्षा में पेश हुआ


आजमगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र के ऐरा कला गांव में लगभग आठ साल पहले हुई मजदूर की हत्या के मामले में पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट नंबर तीन ओम प्रकाश वर्मा की कोर्ट में सोमवार की सुबह 10.30 बजे वर्चुअल पेशी हुई। पेशी की अगली तारीख 27 जून मुकर्रर की गई है। सरकार की तरफ से विशेष लोक अभियोजक लाल बहादुर सिंह व एडीजीसी दीपक मिश्रा ने अपना पक्ष रखा। मुख्तार पक्ष ने ऑनलाइन पेशी के दौरान कहा एक गैंगस्टर के मामले में आरोप नहीं बनता अतः इसे डिस्चार्ज किया जाये, इसी मुकदमें में जेल में बंद कुख्यात श्याम बाबू पासी को पुलिस सुरक्षा में एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश किया गया वहीं अन्य सभी आरोपी वर्चुअली व व्यक्तिगत कोर्ट में पेश हुवे। अब अगली सुनवाई की तारीख 27 जून तय की गई।

आजमगढ़ : मुख्तार के गुर्गे हरिकेश व माफिया संजय की 01.61करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

Posted: 13 Jun 2022 08:56 AM PDT


अवैध शराब कारोबार में हरिकेश यादव की 18.62 लाख व संजय सोनी की एक करोड़ 42 लाख की संपत्ति कुर्क होगी

आजमगढ़: पुलिस ने माफियाओं के विरूद्ध अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत आपराधिक गतिविधियों से कमाई गई संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें कुर्क किया जा रहा है। अब माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे हरिकेश यादव की 18 लाख 62 हजार व शराब माफिया संजय कुमार सोनी की एक करोड़ 42 लाख 73 हजार से अधिक की संपत्ति को कुर्क करने का निर्देश दिया गया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गे हरिकेश यादव की 18 लाख 62 हजार से अधिक की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया गया है। अभियुक्त हरिकेश यादव अपराधिक माफिया मुख्तार अंसारी गैंग का सदस्य है जिसके पास सात-आठ वर्ष पहले कोई वैध आय का स्रोत नहीं था। मुख्तार गैंग का सदस्य बनने के बाद अपराध की घटनाओं को अंजाम देकर अपराध से कमाए गए धन से उसने घर का निर्माण कराया।
वहीं इस अभियान के तहत शराब माफिया संजय कुमार सोनी की अपराध से अर्जित एक करोड़ 42 लाख 73 हजार से अधिक की संपत्ति को कुर्क करने का निर्देश दिया गया है। अभियुक्त संजय कुमार सोनी पर आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में दर्ज गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रिया कलाप में यह कार्रवाई की जाएगी। इन दोनों आरोपियों पर 14(1) गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन दोनों आरोपियों की कई संपत्तियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। जिले के एसपी अनुराग आर्य ने इसकी पुष्टि की है।
अभियुक्त संजय सोनी जलालपुर, अंबेडकरनगर विगत कई वर्षों से अवैध शराब के निर्माण और विक्रय का धंधा गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर संचालित कर रहा था अभियुक्त द्वारा अपराध कारित कर उक्त सम्पत्ति अपनी पत्नी के नाम अर्जित की गई है। जबकि गोपनीय तरीके से जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि विगत पांच-छह वर्षों से इसके पास वैध रूप से धन अर्जित करने का कोई बड़ा स्रोत नहीं था जिससे इतनी संपत्ति अर्जित की जा सके।
अभियुक्त द्वारा अपने गैंग के साथियों से मिलकर अवैध शराब का धंधा संचालित किया जा रहा था जिससे अर्जित धन से ही उक्त कीमती संपत्तियां अर्जित की गई है। अभियुक्त संजय सोनी द्वारा गैंग के सदस्यों के साथ अपमिश्रित अंग्रेजी, देशी व जहरीली शराब बेचकर जघन्य अपराध किया। अभियुक्त द्वारा अवैध शराब के व्यापार के अपराध में संलिप्त होकर, आम जनता में भय व आतंक प्राप्त कर कीमती संपत्ति अपने तथा अपनी पत्नी के नाम अर्जित की गई है।

आजमगढ:पति था बाहर, फंदे से लटकता मिला महिला का शव

Posted: 13 Jun 2022 08:26 AM PDT


जहानागंज की घटना, लटकता मिला मां का शव,मासूम बगल के कमरे में पड़ा मिला

जहानागंज (आजमगढ़): बरहतिर जगदीशपुर गांव में सोमवार की सुबह कमरे में फंदे से लटकता विवाहिता का शव मिलने से आसपास के लोग सन्न रह गए। अशफाक अहमद ने टावर के समीप जमीन खरीद कर नया मकान बनवाया है। उनकी पहली पत्नी की डिलेवरी के समय मौत हो गई थी। उससे एक बेटा भी है। उसके बाद उन्होंने दो शादियां की, लेकिन दोनों अपने मायके लौट गईं। अशफाक ने बिहार के दरभंगा जिले की नाजिमा खातून से निकाह किया, जिससे एक छह माह का बेटा है। आसपास के लोगों ने बताया कि दोनों के बीच रविवार की रात विवाद होने पर अशफाक लखनऊ चले गए। सोमवार की सुबह मकान से दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जहानागंज पुलिस ने मकान का दरवाजा खोला, तो महिला का शव पंखे के हुक में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। मासूम बगल के कमरे में पड़ा हुआ था। क्षेत्राधिकारी सदर सौम्या सिंह ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतका के पति को घटना की सूचना दे दी गई है।

आजमगढ़: लूट की झूठी सूचना देना पड़ा महंगा, टेंपो चालक गिरफ्तार

Posted: 13 Jun 2022 08:07 AM PDT


मारपीट की घटना को लूट बता मालिक का कूलर आपूर्ति का धन दबा लिया था

आजमगढ़: लूट की सूचना देना एक टेंपो चालक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करते हुए कूलर सप्लाई की धनराशि को उसके पास से बरामद कर लिया। पुलिस की जांच में मामला मारपीट का निकला। टेंपो चालक संजय सिंह निवासी धंधारी 11 जून को मेसर्स सिंह इलेक्ट्रिक स्टोर बूढ़नपुर से भाड़े पर कूलर व फ्रिज लेकर महराजगंज स्थित साईं इंटरप्राइजेज गया हुआ था। वहां पांच कूलर उतारकर 30 हजार रुपये लेकर वापस बूढ़नपुर लौट रहा था। उसी दौरान उसने कप्तानगंज पुलिस को सूचना दी कि नेवादा तिराहे के पास चार बदमाशों ने गाड़ी रोककर चाकू की नोंक पर वसूली के 30 हजार रुपये लूट लिए। चालक की तहरीर पर कप्तानगंज पुलिस चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना में जुट गई। विवेचना व साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने विक्रांत यादव, बबलू यादव निवासी सांती, थाना कंधरापुर, विनोद यादव निवासी कटान बाजार, थाना महराजगंज व हरेंद्र यादव निवासी भलुवना थाना कंधरापुर को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में सभी ने बताया कि हम लोग नेवादा के ठेके से शराब पीने के बाद घर जाने के लिए रोड पर टेंपो का इंतजार कर रहे थे। किराया को लेकर चालक से हम लोगों की हाथापाई और मारपीट हुई थी। लूट नहीं हुई और न ही चाकू दिखाया गया। पुलिस ने पीड़ित का सामना आरोपियों से कराया, तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा। पुलिस की कड़ाई पर बताया कि मैंने साईं नाथ इंटरप्राइजेज को कूलर सप्लाई किया, जहां से मुझे 26 हजार रुपये आरके इंटर प्राइजेज के मालिक अतुल सिंह को अदा करने के लिए दिया था। चार हजार रुपये खुद के थे। मारपीट करने वालों को फंसाने के लिए झूठी लूट की सूचना पुलिस को दी। सारा पैसा टेंपो में अपनी सीट के नीचे रखा हूं। पुलिस ने धनराशि को बरामद करने के साथ चालक संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसओ कप्तानगंज संजय कुमार ने बताया कि मामला केवल मारपीट का था। टेंपो चालक ने मालिक का पैसा हड़कपने की नीयत से झूठी सूचना दी थी।

आजमगढ़: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Posted: 13 Jun 2022 07:44 AM PDT


फरिहा क्षेत्र स्थित मक्खनपट्टी गांव के समीप रेल ट्रैक पर मिला शव

आजमगढ़: फरिहा क्षेत्र स्थित मक्खनपट्टी गांव के समीप सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है। सुबह खेत की तरफ गए लोगों की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े शव पड़ी। फरिहां चौकी की पुलिस ने पहुंचकर शव को जनता से शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके पास कोई कागजात व मोबाइल भी नहीं मिला है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान जांच में जुट गई है।

आजमगढ़: वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

Posted: 13 Jun 2022 07:37 AM PDT


ठेकमा ब्लाक के ग्राम सराय मोहन के पास आधी रात में हुआ हादसा

आजमगढ़: ठेकमा ब्लाक के ग्राम सराय मोहन के पास रविवार की आधी रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। संजीत सरोज निवासी अमिहित, थाना केराकत, जौनपुर रविवार की सुबह अपने बुआ के घर छांऊ ( गंभीरपुर) आए हुए थे। देर रात वह घर के लिए बाइक से निकल गए। ठेकमा ब्लाक के पास चारपहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे लहूलुहान होकर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। घायल युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनके मोबाइल से स्वजन को सूचना दी गई। मृतक के पिता सुरेंद्र ने कहा कि वह अपने बुआ के घर गए थे। ठेकमा चौकी प्रभारी भगत सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

आजमगढ़: अधिक शराब पीने से एक की मौत, एक की हालत गंभीर

Posted: 13 Jun 2022 07:07 AM PDT


भीषण गर्मी में खाली पेट अत्यधिक शराब पीने से मौत की आशंका

पवई के नाहरपुर गांव का मामला, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

आजमगढ़: पवई के नाहरपुर गांव में रविवार की शाम पांच बजे ठेके से शराब पीकर लौटे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई थी। अच्छेलाल बिंद दिहाड़ी मजदूरी करते थे। रविवार की सुबह करीब आठ बजे वह गांव के ही उत्तम के साथ पास के गांव ओरिल स्थित देसी शराब के ठेके पर शराब खरीदकर पीने गए। वहां पर दोनों ने छककर शराब का सेवन किया और शाम पांच बजे घर लौटे।
अच्छेलाल की बहू नगीना ने बताया कि काफी नशे में होने के कारण उन्होंने घर पहुंचने पर पानी मांगा और पानी पीने के बाद वह घर में चारपाई पर सो गए। थोड़ी देर बाद जब उन्हें जगाया जाने लगा तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उधर, साथ गए उत्तम की हालत खराब होने लगी और वह खून की उल्टी करने लगे। स्वजन ने माहुल के अवध अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर गोपाल स्वरूप वाजपेयी, थाना प्रभारी पवई रत्नेश दुबे भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। रात एक बजे शव को थाने ले गए। मौत के कारणों की जानकारी के लिए सोमवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अच्छेलाल के पांच पुत्र अनिल, रोशन, दीपक, प्रदीप व संगम हैं। मृतक की पत्नी गुड़िया आठ वर्ष पूर्व घर छोड़कर चली गई थीं।
उधर, परिवार वालों ने बताया कि बड़े बेटे अनिल लुधियाना में रहकर नौकरी करते हैं और घर के लिए रुपये भेजते रहते हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने पिता के खाते में पांच हजार रुपये भेजे थे, जिसे निकालने के बाद अच्छेलाल गांव के उत्तम के साथ सुबह ही शराब पीने चले गए थे। थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया खाली पेट अधिक शराब के सेवन से मौत प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण सामने आएंगे।

आजमगढ़: अबूझ हाल में खून से लथपथ मिला सफाईकर्मी,हालत गंभीर

Posted: 13 Jun 2022 06:27 AM PDT


देवगांव कोतवाली क्षेत्र के करिया गोपालपुर गांव की घटना

पुलिस ने डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम भी बुलाया, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका

आजमगढ़: देवगांव कोतवाली क्षेत्र के करिया गोपालपुर गांव में सोमवार की सुबह एक सफाईकर्मी अपने पुराने मकान में खून से लथपथ पाया गया। शरीर पर धारदार हथियार के जख्म हैं। स्वजन ने घर में घुसकर हमले की आशंका जताई है। करिया गोपालपुर के लालचंद लालगंज ब्लाक के मेहरो जगदीशपुर गांव में बतौर सफाई कर्मी नियुक्त हैं। उन्होंने नया घर बनवाया है, जिसमें स्वजन रहते हैं, जबकि वह बगल के पुराने कच्चे मकान में सोते हैं। रविवार की रात भोजन कर विश्राम करने पुराने घर में चले गए। रात में क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह रोज के समय पर नहीं उठे, तो स्वजन पुराने मकान में उन्हें जगाने गए। वहां की स्थिति देख अवाक रह गए, क्योंकि गला कटा हुआ था और वह खून से लथपथ अचेतावस्था में पड़े थे।
स्वजन ने तत्काल इसकी सूचना देवगांव पुलिस को देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल देवगांव शशिमौलि पांडेय, क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी मयफोर्स पहुंचकर जांच में जुट गए। स्वान दल और फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

आजमगढ़: बालू लदा ओवरलोड ट्रक पलटा, गाजीपुर मार्ग पर यातायात बाधित

Posted: 13 Jun 2022 06:08 AM PDT


तीखी धूप में जाम में फंसे लोग बिलबिला उठे,पुलिस ने रास्ता बदल जाम खत्म कराया

आजमगढ़: शहर के हाइडिल चौराहे से गाजीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज के पास सोमवार की सुबह बालू लदा ओवरलोड ट्रक पलट गया, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। जाम में फंसे लोग तीखी धूप में बिलबिला उठे। पुलिस ने वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर जाम को खत्म कराया। गाजीपुर मार्ग के छतवारा की तरफ से बालू लदा ट्रक हाइडिल चौराहे की तरफ मुख्य मार्ग पर आ रहा था। ओवरब्रिज से उतरने के बाद छोटी पुलिया पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बीच सड़क पर ट्रक के पलटने से उसका बालू भी फैल गया। हादसे के बाद चालक भाग निकला। वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हुई। देखते ही देखते लंबा जमा लग गया। कचहरी व सरकारी कार्यालयों में आने लोग परेशान हो गए। पुलिस ने मार्ग परिवर्तित कर वाहनों को निकाला। सिधारी थाना व यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पलटे ट्रक को दोपहर में क्रेन से हटवा दिया, लेकिन बालू हटाने काम शाम तक जारी रहा। सिधारी इंस्पेक्टर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं है। सड़क पर फैले बालू को हटाने का कार्य चल रहा था।

आजमगढ़: भूमि विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Posted: 13 Jun 2022 05:55 AM PDT


पवई थाना क्षेत्र के शाहराजा गांव में रविवार रात करीब दो बजे हुई घटना

आजमगढ़:पवई थाना क्षेत्र के शाहराजा गांव में रविवार रात करीब दो बजे भूमि विवाद में पट्टीदारों ने लघुशंका करने मकान से बाहर निकले राजेंद्र यादव को गोली मार दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। राजेंद्र यादव व उनके पड़ोसियों के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी है।आधी रात बाद करीब दो बजे राजेंद्र अपने मकान से बाहर लघुशंका के लिए निकले थे। पहले से घात लगाकर बैठे पड़ोसियों ने लघुशंका करते समय तमंचे से उनके ऊपर फायर झोंक दिया।।गोली की आवाज सुनकर स्वजन बाहर निकले। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल राजेंद्र की पत्नी रामौता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोसियों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। मेरे पति रात में मकान से बाहर लघुशंका करने निकले थे। दो पड़ोसियों ने तमंचे से उनके ऊपर फायर किया। गोली उनके बाएं हाथ में लगी और वह गिर गए थे। पवई एसओ रत्नेश दुबे ने बताया कि घायल की पत्नी की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

Post Bottom Ad

Pages