| आजमगढ़: घर के बाहर सोई महिला से पड़ोसी ने किया बलात्कार Posted: 10 Jun 2022 07:57 AM PDT तरवां थाना क्षेत्र का मामला,पुलिस आरोपी की तलाश में
आजमगढ़: तरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात दरवाजे के बाहर सोई महिला से गांव का रहने वाले एक अधेड़ ने बलात्कार किया। साथ ही कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार की सुबह पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजवा दी। साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित महिला तरवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह तीन बच्चों की मां है। महिला घर पर बच्चों के साथ रहती है। जबकि पति कहीं बाहर रहता है। गुरुवार की रात को महिला के तीनों बच्चे पड़ोसी की छत पर सोए थे। जबकि महिला अपने दरवाजे के बाहर चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सोई हुई थी। महिला घर पर अकेले है। यह बात उसका पड़ोसी वीरेंद्र कुमार जानता था। जिसका फायदा उठाते हुए देर रात को वह महिला के मच्छरदानी में घुसकर उससे बलात्कार किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह महिला अपने अगल-बगल वालों को घटना की जानकारी देते हुए थाने में तहरीर दी। एसओ तरवां अनिल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर वीरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजवा दिया गया है। आरोपी घर छोड़कर फरार है। उसकी तलाश की जा रही। |
| आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी का नाता दिल और धड़कन का है - धर्मेंद्र यादव Posted: 10 Jun 2022 06:23 AM PDT सपा प्रत्याशी ने जनसम्पर्क कर पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया
आजमगढ़: आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दिया है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव ने विधानसभा सदर के छतवारा, इटौरा, करनपुर, शुम्भी, टाड़ी, चक्रपानपुर आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर सपा की उपलब्धियों को गिनाया। क्षेत्रभ्रमण के दौरान धर्मेन्द्र यादव जहां भी पहुंचे लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सदर लोकसभा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव ने कहाकि आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी का नाता दिल और धड़कन का है। आजमगढ़ के हर विकास की ईंट को सपा सरकार ने रखी है। जनता बखूबी समझती है कि भाजपा केवल धर्मजाति के नाम पर लोगों को बरगलाती है और चुनाव में जीत जाने के बाद महंगाई, बेरोजगारी का बोझ आमजनता पर लादती चली जाती है। नेता जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आजमगढ़ से प्रेम किसी से नहीं छिपा है। उन्हीं लोगों ने मुझे आजमगढ़ की सेवा करने के लिए यहां प्रत्याशी के रूप में भेजा है, मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 23 जून को समाजवाद विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंकेंगे और इन्हें इनकी असली जगह भेजने का काम करेंगे।क्षेत्र में हुए जनसम्पर्क में धर्मेन्द्र यादव के साथ पूर्व मंत्री विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री रामदुलार राजभर, कमला प्रसाद यादव पूर्व एमएलसी, नागेन्द्र राजभर, संतोष गौतम, किशोर कुमार यादव,ईश्वर चंद यादव आदि मौजूद रहे। |
| आजमगढ़: मंकी पाक्स से निपटने को तैयार हुआ राजकीय मेडिकल कालेज Posted: 10 Jun 2022 05:49 AM PDT मेडिकल कालेज में 10 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है
आजमगढ़ : कोरोना पर नियंत्रण के बाद विभिन्न देशों में फैले मंकी पाक्स की बीमारी ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। केंद्र सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के क्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है । हालांकि प्रदेश में अभी मंकी पाक्स से संबंधित एक भी केस नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं । स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देश के क्रम में राजकीय मेडिकल कालेज में 10 बेड का अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है, जिससे इस बीमारी से ग्रसित किसी भी व्यक्ति की समय रहते जांच और इलाज किया जा सके। इस तरह के लक्षण वाले मरीजों का सैंपल पुणे स्थित लैब में भेजा जाएगा। डाक्टर आरपी शर्मा, प्रधानाचार्य, राजकीय मेडिकल कालेज ने बताया कि मंकी पाक्स एक वायरस डिजीज (बीमारी) है। इससे पीड़ित मरीज के शरीर में फफोले की तरह से दाने निकल जाते हैं। तेज बुखार के साथ शरीर में दर्द होता है। इसके लिए कोई विशेष दवा नहीं होती है । लक्षण के आधार पर इलाज किया जाता है । अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग के बगल स्थित होल्डिंग एरिया अधिग्रहित क्षेत्र में जहा कोरोना के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है, उसी में अलग से 10 बेड का वार्ड सुरक्षित कर लिया गया है। हमारे पास दवा की पर्याप्त उपलब्धता है। हालांकि इस तरह का कोई भी केस अभी नहीं आया है, लेकिन शासन के निर्देश के क्रम में मेडिकल कालेज प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार है। |
| आजमगढ़: तकिया, माहुल व सरायमीर में दिखा बंद का असर, अन्य जगह सामान्य स्थिति रही Posted: 10 Jun 2022 05:31 AM PDT
संवेदनशील स्थानों पर फोर्स रही तैनात, शहर में ड्रोन कैमरे से होती रही निगरानी
आजमगढ़ : कानपुर हिंसा और उसके बाद इंटरनेट मीडिया पर जुमा के दिन किए गए भारत बंद के आह्वान का शुक्रवार को जिले में मिला-जुला असर दिखा। शहर के संवेदनशील तकिया, कोट, बाजबहादुर मोहल्लों में आधी दुकानें बंद थीं, तो बाकी खुली रहीं। वैसे तकिया मोहल्ले के लोगों का यह भी तर्क था कि पहले से ही कई लोग जुमा की नमाज के बाद दुकानें खोलते रहे हैं। वहीं माहुल में पूरा तो सरायमीर व फूलपुर के कुछ हिस्सों में आंशिक असर दिखा। संजरपुर, मुबारकपुर आदि बाजारों में रोज की तरह से दुकानें खुली रहीं और ग्राहक भी पहुंचे। बिलरियागंज बाजार में साप्ताहिक बंदी के कारण दुकानें बंद रहीं। एहतियात के तौर पर मुस्लिम बाहुल्य बाजारों में सुबह से ही पुलिस तैनात कर दी गई थी। अधिकारी भी स्थिति पर नजर रख रहे थे। माहुल बाजार में दुकानें सुबह से ही बंद रहीं और जो खुली भी थीं उसे स्थानीय लोगों के कहने पर बंद कर दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर मस्जिदों के अलावा बाजार के चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पीएसी तैनात रही। इंटरनेट मीडिया पर भारत बंद का आह्वान किया गया था। इसके बाद से ही प्रशासन गुरुवार को अलर्ट हो गया था। जिले की खुफिया एजेंसी एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही थी। शुक्रवार को थाना प्रभारी अहरौला गजानंद चौबे, चौकी प्रभारी माहुल धीरेंद्र बहादुर सिंह के साथ भ्रमण करते रहे। माहुल के अलावा खासतौर पर निजामपुर, जागापुर, मोलनापुर, रसूलपुर आदि गांवों में सतर्कता बरती जा रही थी। संजरपुर बाजार की दुकानें रोज की तरह से खुली रहीं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना दिखा। क्षेत्राधिकारी फूलपुर गोपाल स्वरूप वाजपेयी ने सुबह फोर्स के साथ भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। फूलपुर के मुड़ियार, चमावां आदि बाजारों में इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह विशेष नजर रख रहे थे। उन्होंने पहले ही संदेश दे दिया था कि जिसे अपनी दुकान बंद रखनी है वह रखें, लेकिन जो खोलना चाहते हैं उनके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं होने दी जाएगी। ड्रोन कैमरे से पुलिस करती रही निगरानी जुमा की नमाज व भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन शुक्रवार को शहर में ड्रोन कैमरे से निगरानी करता रहा। शहर के तकिया, पुरानी कोतवाली, मातबरगंज, सिविल लाइन आदि स्थलों पर सुबह से ही फोर्स तैनात थी। कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि ड्रोन कैमरे से तकिया से लेकर कचहरी तक तीन किमी की रेंज में फुटेज ली जा रही थी। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील स्थानों के अलावा मस्जिदों का जायजा लिया। |
| आजमगढ़: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल Posted: 10 Jun 2022 05:06 AM PDT गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर छतवारा बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
आजमगढ़: गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर छतवारा बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की रात 10 बजे बरातियों से भरी बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि प्रधान पुत्र घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सिधारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और घायल को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजवा दिया। शहबाजपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव, उनके पुत्र अर्जुन यादव रात में पेट्रोल भरवाने के लिए प्रधान अजीत के पुत्र कृष्णा को लेकर छतवारा स्थित पेट्रोल पंप गए थे। वहां से बाइक में पेट्रोल भरवाकर दोनों घर लौट रहे थे। अभी 10 कदम आगे ही बाइक बढ़ी थी सुरेंद्र बाइक खड़ी कर सड़क पार लघुशंका करने लगे, जबकि दोनों युवक बाइक के पास खड़े थे। उसी दौरान सामने से आ रही बरातियों से भरी बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जुटने लगी, तो चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। अब बरातियों को लगा कि भीड़ उनके ऊपर हमलावर हो सकती है, तो वे लोग भी वाहन से उतरकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची सिधारी पुलिस ने दोनों को आशा नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां डाक्टर ने अर्जुन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्णा की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया और उसके चालक के बारे में पता लगा रही है। |
| आजमगढ़ : वीरेंद्र राजभर हत्याकांड एक आरोपी को आजीवन कारावास Posted: 10 Jun 2022 04:58 AM PDT अदालत ने पचास हजार जुर्माना भी लगाया
अहरौला के पीठापुर गांव में 16 वर्ष पूर्व हुई थी गैर इरादतन हत्याआजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव में लगभग 16 वर्ष पूर्व हुई गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने एक आरोपी को आजीवन कारावास तथा पचास हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर सात सौरभ सक्सेना ने शुक्रवार को सुनाया। अभियोजन कहानी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव में 30 मई 2006 की रात प्रेम प्रसंग के चक्कर में वीरेंद्र राजभर पुत्र राम बचन राजभर को लड़की के घर वालों ने लाठी डंडा से बुरी तरह से मारा पीटा। घायल वीरेंद्र को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाया गया। जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेजा। हालत गम्भीर होने पर जिला अस्पताल के डॉक्टर ने वीरेंद्र को वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में वीरेंद्र की मौत हो गई। मृत वीरेंद्र के चाचा श्याम राजभर ने संग्राम विश्वकर्मा तथा उनके पुत्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित कर दिया। आरोपी संग्राम के पुत्र के नाबालिग होने के कारण उसकी पत्रावली किशोर न्याय बोर्ड भेज दी गई। अभियोजन पक्ष की तरफ से सहायक शासकीय अधिवक्ता शिवाश्रय राय ने वादी श्याम, देवराज, विवेचक मोहनलाल वर्मा, डॉक्टर पी कन्नौजिया, उपनिरीक्षक कृष्णमोहन सिंह, कॉन्स्टेबल मोहर्रिर छोटेलाल तथा श्यामप्रीत को बतौर गवाह कोर्ट में परीक्षित कराया। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी संग्राम विश्वकर्मा को आजीवन कारावास तथा पचास हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। |