आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, June 29, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: डीसीएम की टक्कर से आटो सवार बेटे की मौत, मां घायल

Posted: 29 Jun 2022 04:01 AM PDT


गंभीरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा

आजमगढ़: तेज रफ्तार की मार मंगलवार को अपनी बहन से मिलकर घर लौट रहे आटो सवार युवक पर पड़ी और डीसीएम की टक्कर से उसकी मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। आटो और डीसीएम के चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। गौरी (गंभीरपुर) गांव निवासी रमेश खेतीबाड़ी करके परिवार की जीविका चलाते थे। सुबह अपनी मां हीरावती को लेकर सरायमीर के बुद्धसेनपुर गांव निवासी अपनी बहन सरिता से मिलने के लिए गए थे। दोनों शाम को आटो रिक्शा से वापस लौट रहे थे कि रसूलपुर मोड़ पर सामने से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। लोगों ने आनन-फानन लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया और मां की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आपातकालीन कक्ष में तैनात डाक्टर राघवेंद्र सिंह ने मां की हालत गंभीर बताई है। गंभीरपुर थानाध्यक्ष रामप्रसाद बिंद ने कहा कि मृतक के भाई दिनेश की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आजमगढ़: युवती को चाकू मार कर छत से कूदा युवक, दोनों जख्मी

Posted: 29 Jun 2022 01:07 AM PDT


युवती ने युवक से बात करना बंद कर दिया था,जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज

आजमगढ़: नगर कोतवाली क्षेत्र में एक गाव में बुधवार की सुबह प्रेम संबंध में युवक गांव की एक युवती को चाकू मार कर घायल कर दिया। परिवार के लोग युवक को पकड़ने का प्रयास किए तो वह छत से कूद गया। दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 20 वर्षीय युवक का गांव युवती से प्रेम संबंध चल रहा था। इधर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। युवती ने युवक से बात करना बंद कर दिया था। युवती के परिजनों ने बताया कि युवक बुधवार की सुबह करीब 10 बजे चाकू के साथ युवती के घर में घुस गया। युवती के गर्दन पर वार कर दिया। घायल युवती के शोर मचाने पर परिवार के लोग युवक को पकड़ने का प्रयास किए। युवक भगाते समय छत से छलांग लगा दिया। बिजली के तार से टकरा कर नीचे गिर कर घायल हो गया। एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर युवक के विरूद्ध घर में घुस कर जानलेवा हमले के मामले में रिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़: जिले में 22 अगस्त तक प्रभावी रहेगी धारा 144

Posted: 28 Jun 2022 10:27 PM PDT


धरना-प्रदर्शन, जुलूस, आंदोलनों पर प्रतिबंध रहेगा

आजमगढ़: जनपद में तत्काल प्रभाव से धारा 144 लागू कर दी गई है, जो 22 अगस्त प्रभावी रहेगी। एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले, रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की तरफ से छह जुलाई को बीएड प्रवेश परीक्षा सत्र 2022-24 का आयोजन होगा। विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर पालिटेक्निक व फार्मेसी की सेमेस्टर परीक्षाएं भी 15 जुलाई तक चलेंगी। 10 जुलाई को ईद-उल-अजहा, नौ अगस्त को मोहर्रम, 12 अगस्त को रक्षाबंधन, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व का आयोजन और 18 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा। धरना-प्रदर्शन, जुलूस, आंदोलनों पर प्रतिबंध है।

आजमगढ़: पति को पत्नी के साथ ही उठानी पड़ेगी 'वो' की भी जिम्मेदारी!

Posted: 28 Jun 2022 10:17 PM PDT


18 साल बाद पत्नी की याद आई तो घर पंहुचा,पीछे से आ गई प्रेमिका,कोतवाली में घंटों चली पंचायत


आजमगढ़: जिले में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां पर प्रेमी को खोजते हुए नैनीताल से प्रेमिका उसके गांव पहुंची तो पुलिस ने पति को पकड़ लिया और जो पंचायत में तय हुआ उसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। कोतवाली में घंटों चली पंचायत में तय हुआ कि पत्‍नी और प्रेमिका दोनों की ही जिम्‍मेदारी युवक को उठानी पड़ेगी। जीयनपुर कोतवाली में मंगलवार को पत्नी और प्रेमिका दोनों एक ही व्यक्ति को अपने साथ ले जाने के लिए अड़ गईं। घंटों पंचायत के बाद पुलिस ने किसी तरह से दोनों पक्षों में यह कहकर सुलह करा दिया कि प्रेमी पत्नी के साथ प्रेमिका की भी जिम्मेदारी उठाएगा।
जीयनपुर कोतवाली के एक गांव का रहने वाला व्यक्ति 18 वर्ष पहले अपनी पत्नी और चार बच्चों को छोड़कर प्रेमिका के साथ फरार हो गया और नैनीताल में दोनों साथ रहने लगे। पत्नी ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका का कहीं पता नहीं चला, तो विवश होकर अपने बच्चों की परवरिश में लग गई। लगभग 18 वर्षों बाद पत्नी की याद आई, तो वह प्रेमिका को छोड़कर 18 मई को अपने गांव लौट आया और पत्नी के साथ रहने लगा। इस बीच प्रेमिका ने फोन से संपर्क करना चाहा तो उसका मोबाइल बंद था। नैनीताल में रह रही प्रेमिका प्रेमी को खोजते हुए 27 जून को उसके गांव पहुंच गई। पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ। विवाद बढ़ा तो प्रेमिका थाने पहुंची।
जीयनपुर पुलिस व्यक्ति को पकड़कर कोतवाली लाई। कोतवाली में पत्नी और प्रेमिका के बीच जमकर कहासुनी हुई। इस संबंध में प्रेमिका ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आज से लगभग 18 वर्ष पूर्व वह मेरे साथ नैनीताल चला गया। वहीं हम लोग रहने लगे। इंदल से पैदा हुई 16 साल की बच्ची भी है। अब यह मुझे छोड़कर अपनी पत्नी के साथ रहना चाहता है। ऐसी स्थिति में मैं कहां जाऊं। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह से प्रेमिका, पत्नी और पति के बीच सुलह कराया, लेकिन प्रेमिका सुलहनामे को मानने को तैयार नहीं थी।

आजमगढ़: रफीक गैंग के तीन सदस्यों को किया गया सूचीबद्ध

Posted: 28 Jun 2022 07:36 AM PDT


D-92 होगा गैंग कोड,एसपी के अभियान में अब तक 13 गैंग रजिस्टर्ड हुए हैं

आजमगढ़ : पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर की आख्या, क्षेत्राधिकारी सगड़ी व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अवलोकन के बाद रफीक गैंग के तीन सदस्यों को सूचीबद्ध किया है। धौरहरा गांव का रफीक गैंग बनाकर व स्वयं उसका लीडर बनकर आर्थिक, भौतिक व दुनियावी लाभ के लिए अपराध करता रहा है। उसकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद स्तर पर सूचीबद्ध किया गया है। यह गैंग रफीक गैंग के नाम से जाना जाएगा और उसका कोड नंबर डी-92 होगा। गैंग में धौरहरा के नफीस व नौशाद तथा शाहपुर नेवादा का आमिर शामिल है। जिले में अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए एसपी अनुराग आर्य ने अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत लगातार संगठित अपराध करने वाली गैंग को रजिस्टर्ड किया जा रहा है, जिससे आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके। इसके तहत जिले में अब तब 13 गैंग रजिस्टर्ड की जा चुकी हैं।

आजमगढ़ और रामपुर के लोगों को रिटर्न गिफ्ट देगी योगी सरकार

Posted: 28 Jun 2022 05:42 AM PDT


विकास योजनाओं पर सीएम आफिस की रहेगी सीधी निगरानी

सरकार के 100 दिन के कार्यों की समीक्षा बैठक में हुई चर्चा

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ और रामपुर को उपचुनाव में ढहाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी इन्हें अपना अभेद्य दुर्ग बनाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों ही जिलों को शीर्ष प्राथमिकता में रखते हुए यहां चल रहीं विकास परियोजनाओं की शासन स्तर से समीक्षा के निर्देश दिए हैं। इन जिलों पर अब मुख्यमंत्री कार्यालय की सीधी नजर होगी।
योगी सरकार 2.0 के पहले 100 दिन के कार्यों की मंगलवार को समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की अभूतपूर्व जीत की चर्चा करते हुए स्थानीय जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में स्थानीय जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में अभूतपूर्व विश्वास जताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें रामपुर और आजमगढ़ की जनता के इस विश्वास और उनके भरोसे पर खरा उतरना होगा। सभी विभाग इन दोनों जनपदों से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर लें, कोई भी प्रस्ताव लंबित न रहे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी इन क्षेत्रों में संचालित और लंबित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के दो मजबूत किले रविवार को ढह गए। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के त्यागपत्र से रिक्त हुई आजमगढ़ और आजम खां के पार्टी के इस्तीफे से खाली हुई रामपुर लोक सभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है।
आजमगढ़ में हुए त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा के दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने सपा के धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराकर सपाई गढ़ पर केसरिया परचम लहराया। बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ सीट से सांसद रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश के चचेरे भाई हैं।
रामपुर में हुई सीधी लड़ाई में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42192 मत से पराजित करके आजम खां की प्रतिष्ठा से जुड़ी यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी। कांग्रेस ने दोनों सीटों पर उपचुनाव लड़ने से परहेज किया जबकि बसपा सिर्फ आजमगढ़ में मैदान में उतरी।

आजमगढ़: किसी भी दशा में अवैध वाहनों का संचालन नहीं हो - कमिश्नर

Posted: 28 Jun 2022 04:15 AM PDT


सीएनजी किट लगाने के सभी मानकों का पूरा होना जरूरी: मण्डलायुक्त

वाहन स्टैंडो की व्यवस्था ठीक करा वहीं से संचालन कराएं - डीएम

आज़मगढ़ 28 जून -- मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय परिवहन प्राधिकरण की अध्यक्षता करते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मण्डल के जनपदों में अवैध वाहनों के संचालन पर सख्ती रोक लागाई जाये, किसी भी दशा में अवैध वाहनों का संचालन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रायः बिना नम्बर प्लेट की गाड़ियॉं भी सड़कों पर संचालित पाई जाती हैं तथा हाई सिक्योरिट नम्बर प्लेट्स भी बहुत कम वाहनों पर लगे हुए पाये जाते हैं, यह स्थिति अत्यन्त आपत्तिजनक है। उन्होंने अभियान चलाकर इस प्रकार के वाहन के विरुद्ध कार्यवाही करने का निर्देश दिया। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा जनपद आज़मगढ़ में दो एवं बलिया में एक सीएनजी किट लगाने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसपर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने कहा कि पहले सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा होने, सभी संयन्त्र उपलब्ध होने, सम्बन्धित को दक्ष एवं प्रशिक्षित होने आदि सभी बिन्दुओं की जॉंच कर लें, तदुपरान्त पूर्ण विवरण के साथ प्रस्ताव उपलब्ध करायें। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने कहा कि जनपदों में अवैध रूप से डीजल से चलने वाले अवैध आटो रिक्शा पर भी सख्ती से रोक लगाई जाय। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोल पम्पों के माध्यम से तथा जिला पूति अधिकारी से इस सम्बन्ध में रिपोर्ट प्राप्त करें। उन्होने कहा कि शासन के निर्देशानुसार डीजल चालित किसी आटो रिक्श को अब न तो नया परमिट दिया जाना है और न ही परमिट की अवधि बढ़ाई जानी है, इसलिए जिन डीजल चालित आटो रिक्शा की परमिट अवधि समाप्त हो चुकी है उसे सख्ती से बन्द करायें। मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल के जनपदों में भ्रमण के दौरान ओवर लोड गाड़ियॉं भी संचालित पाई जाती हैं, इस पर सख्ती से अंकुश लगाया जाय। उन्होंने कहा कि अवैध वाहनों, बिना नम्बर प्लेट की गाड़ियों, ओवर लोडिंग आदि के सम्बन्ध में जो भी कार्यवाही की जाय, उसका नियमित रूप से विवरण भी उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि मोटर गाड़ी अधिनियम 1988 की धारा 86 के प्राविधानों के अनतर्गत परमिट शर्तों के विरुद्ध संचालित वाहनों के प्रति की गयी कार्यवाही में मण्डल के जनपदों से सम्बन्धित वाहन स्वामियों को जो नोटिस निर्गत की गयी है, उसे प्राप्त हो जाने की स्थिति का सत्यापन करा लें, तद्नुसार कार्यवाही सुनिश्चित करायें।
जिलाधिकारी आज़मगढ़ विशाल भारद्वाज ने कहा कि आटो रिक्शा, ई-रिक्शा आदि द्वारा अव्यवस्थित ढंग से सवारियों को बैठाने और उतारने के कारण प्रायः जाम लग जाता है, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से परेशानी उठानी पड़ती है। इस सम्बन्ध में उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद आज़मगढ़ को निर्देशित किया कि शहर के अन्दर जो भी वाहन स्टैण्ड बने हैं, वहॉं तत्काल व्यवस्थायें सुदृढ़ कराते हुए वाहनों का वहीं से संचालन सुनिश्चित करायें।
इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त, वाराणसी जोन अशोक कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) रामवृक्ष सोनकर व डा. आरएन चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह यादव व सन्तोष कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बलिया अरुण कुमार सिंह, अधिशासी अधिकाकारी नगर पालिका परिषद आज़मगढ़ मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

आजमगढ़: जापान के पीएम को पीएम मोदी ने उपहार में दी जिले की ब्लैक पाटरी

Posted: 28 Jun 2022 03:09 AM PDT


कारीगर सोहित प्रजापति की देखरेख में 04 कुम्‍हारों ने किया था तैयार

आजमगढ़: जिले का ब्‍लैक पाटरी वन डिस्ट्रिक्‍ट वन प्रोडक्‍ट यानि ODOP में शामिल है। यहां के उत्‍पाद वैश्विक पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में जी-7 की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से राष्‍ट्राध्‍यक्षों को भारत में बने ओडीओपी उत्‍पादों की भेंट देने के लिए ब्‍लैक पाटरी उत्‍पाद का भी चयन किया गया है। इसमें जापान के पीएम को देने के लिए आजमगढ़ की ब्‍लैक पाटरी को चुना गया जिसे बनाने के लिए जिले के कारीगर सोहित प्रजापति की देखरेख में पांच अन्‍य कुम्हारों ने तैयार किया था। इसे ओडीओपी केंद्र लखनऊ ने पीएमओ को उपलब्‍ध कराया था।
आजमगढ़ जिले में निजामाबाद के ब्लैक पाटरी उद्योग का मान एक बार फिर विश्व स्तर पर बढ़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काली मिट्टी के बर्तन अपने साथ जर्मनी में आयोजित जी-7 के समूह के सदस्य देशों के शिखर सम्मेलन में ले गए। वहां जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा को विश्व प्रसिद्ध काले मिट्टी के बर्तन उपहार में दिए।
निजामाबाद के रहने वाले व राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके सोहित प्रजापति ने बताया कि उनकी देखरेख में रामजतन प्रजापति, आनंद प्रजापति, सरिता प्रजापति और पुष्पा प्रजापति ने उन बर्तनाें को तैयार किया था। जो मटका, जार, डोंगा, लैंप जापान के पीएम को उपहार में दिया गया उस पर चांदी चढ़ाने का काम खुद किया था।
लखनऊ के ओडीओपी केंद्र ने पीएम हाउस की मांग के बाद कई स्तर पर जांच के बाद उपलब्ध कराया।
बताया कि काली मिट्टी के बर्तन निजामाबाद में काफी अरसा से तैयार किया जाता है और यहां के कई कलाकार पुरस्कृत हो चुके हैं। प्रधानमंत्री के हृदय में बर्तन का उपहार देने की बात आई, यह हमारे और निजामाबाद के सभी हस्त शिल्पियों के लिए गौरव का विषय है। इससे न केवल ब्लैक पाटरी उद्योग से जुड़े कलाकारों का हाैसला बढ़ेगा, बल्कि वह और भी बेहतर करने का प्रयास करेंगे।

आजमगढ़: पगड़ी को जूते तले रौंदा था, जिले के मुसलमानों ने हैसियत बता दी - गुड्डू जमाली

Posted: 28 Jun 2022 02:52 AM PDT


2024 में मजबूती से लड़ कर जीतेंगे, सपा के प्रत्याशी को वापस भेजेंगे - शाह आलम

अपना अपना बूथ चेक कर लें सपा के मुस्लिम नेता व विधायक 

आजमगढ़: 2 दिन पूर्व संपन्न हुए लोकसभा उपचुनाव की मतगणना के बाद भी अभी सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। एक तरफ जीत के बाद जहां बीजेपी के दिनेश लाल यादव निरहुआ लखनऊ के लिए निकल गए तो दूसरे नंबर पर रहे समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव भी सोमवार को लखनऊ चले गए। वहीं दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रहे शाह आलम गुड्डू जमाली ने आज आजमगढ़ शहर स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर कहा कि वह तो यहीं के रहने वाले हैं यही पैदा हुए यही कब्र में दफन होंगे। उन्होंने खासतौर पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा कहा कि मुसलमान को यह लोग अपनी जागीर समझते हैं। लेकिन इस बार मुसलमानों ने इनको आइना दिखा दिया है। कहा कि देश की राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी बहुजन समाज पार्टी को यह लोग बी टीम बताते हैं। इनको शर्म नहीं आती। जबकि इस पार्टी के प्रत्याशी को 2 लाख 70 हजार वोट मिले। उन्होंने अखिलेश पर खास तौर पर निशाना साधा। अपने बारे में कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले बसपा से कुछ दूरी के चलते अपने घर पर बैठे थे लेकिन उनको लखनऊ बुलाया गया और उनकी पगड़ी को जूते तले रौंदा गया। जिसको आजमगढ़ का मुस्लमान बर्दाश्त नहीं कर पाया। कहा कि सपा में जो मुसलमान नेता है वह अपनी गैरत बेचकर रहते हैं। मैं गैरत बेचकर नहीं रह सकता मरना पसंद है। उन्होंने सपा के मुस्लिम विधायकों पर भी निशाना साधा कहा कि वह अपने बूथ को चेक कर ले कितने वोट मिले थे। कहा कि एक एक बूथ पर जहां मुस्लिम आबादी है 700 से 800 वोट बसपा को मिले तो सौ से डेढ़ सौ वोट ही सपा को मिले। इससे उनको अपनी हैसियत पता चल गई है। 2024 में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे जीत हासिल कर समाजवादी पार्टी के जो भी प्रत्याशी होंगे उनको वापस लौटाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जो सैफई और इटावा से आकर यहां आजमगढ़ में अपनी जागीर बनाए हैं उनको सबक सिखाना जरूरी है। सपा नेताओं द्वारा बार-बार मुसलमानों को भ्रमित होने के बयान पर उन्होंने कहा कि मुसलमान उनकी जागीर नहीं है कि हमेशा उन्हीं को वोट करेगा आखिर यादव मतदाता ने बसपा को क्यों नहीं वोट किया। हारने पर सपा नेताओं द्वारा तमाम आरोप पर उन्होंने कहा कि इतना बड़ा चुनाव है। 19 या 20 ह्यूमन एरर हो सकता है लेकिन कहीं कोई धांधली की बात नहीं है। इनकी रोने की हमेशा आदत रही है। अगर जीत जाते तो कुछ नहीं बोलते। हार गए तो ईवीएम ने हरा दिया जमाली ने हरा दिया। जिस तरीके से उन्होंने पगड़ी को रौंदा तो एक जमाली नहीं सौ जमाली यहां पैदा होंगे। जमाली यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मालूम था कि धर्मेंद्र हारेंगे क्योंकि वह पहले डिंपल को लड़ाना चाहते थे लेकिन जब सामने गुड्डू जमाली को प्रत्याशी के रूप में देखे तो धर्मेंद्र को लड़ने भेज दिया।

लखनऊ:नव निर्वाचित सांसद 'निरहुआ' ने सीएम योगी से की मुलाकात

Posted: 28 Jun 2022 12:31 AM PDT


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल से भी मिले

लखनऊ: लोकसभा उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ में सेंध लगाने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भोजपुरी गायक तथा अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य निर्वाचित दिनेश लाल यादव निरहुआ ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
लखनऊ पहुंचे दिनेश लाल यादव ने मंगलवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से भी भेंट की। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को हराया था। बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली यहां पर तीसरे स्थान पर थे। आजमगढ़ लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी। जहां पर 23 जून को मतदान हुआ और 26 जून को इसका परिणाम घोषित किया गया। आजमगढ़ में अखिलेश यादव ने 2019 तथा मुलायम सिंह यादव ने 2014 में जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2009 में आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में रमाकांत यादव ने जीत दर्ज की थी। आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव में करीब 18 लाख, 38 हजार वोट में से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को तीन लाख, 12,768 (34.34 प्रतिशत) वोट मिले। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बदायूं से पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को तीन लाख, चार हजार, 089 वोट (33.44 प्रतिशत) तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को दो लाख, 66,210 (29.27 प्रतिशत) वोट मिले। यहां पर 23 जून को कुल 46.84 प्रतिशत मतदान हुआ था। आजमगढ़ में एक महिला सहित कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।

आजमगढ़: घटे मतदान में भी कमजोर नहीं पड़ा ‘निरहुआ’ का कद

Posted: 27 Jun 2022 10:37 AM PDT


वोटिंग फीसद बरकरार रखना माना जा रहा मोदी-योगी का असर

सपा का वोट फीसद घटा, बसपा के 1.52 प्रतिशत मतदाता बढ़े

भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का कद कम नहीं हुआ है। यह मोदी मैजिक की ओर इशारा कर रहा है। वहीं, गढ़ में सपा का ग्राफ घटा तो बसपा ने मामूली वृद्धि दर्ज की है।उपचुनाव के आंकड़ों को देखें तो भाजपा के दिनेश लाल यादव को 312768 वोट मिले। इस तरह 34.39 फीसद लोगों ने भाजपा को मतदान किया है। वर्ष 2019 के सामान्य चुनाव के आंकड़ों पर गौर करें तो भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव को 35.15 फीसद यानी कि 3,61,704 वोट मिले थे। अगर हम वर्ष 2014 के चुनावी आंकड़े से उपचुनाव की तुलना करें तो भाजपा का ग्राफ 6.04 फीसद बढ़ा है। उस समय रमाकांत यादव भाजपा प्रत्याशी थे। सपा के वोटों को देखें तो धर्मेंद्र यादव 304089 वोट पाए, जो 33.44 फीसद है। वर्ष 2019 के चुनाव से तुलना करें तो सपा को 26.6 फीसद वोट कम मिले। चूंकि उस समय बसपा के साथ गठबंधन में सपा मुखिया अखिलेश यादव जीते थे। इसलिए वर्ष 2014 में हुए चुनाव से तुलना करना उचित होगा। उस समय सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव 3,40,306 मतों के साथ 35.43 फीसद वोट पाए थे। उपचुनाव के वोट फीसद से तुलना करें तो सपा का वोट गढ़ में 1.99 फीसद कम हुआ है। वर्ष 2014 में बसपा प्रत्याशी रहे शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के 2,66,528 मत का वोट फीसद 27.75 था, जो अबकी उपचुनाव में 1.52 फीसद बढ़ा है। हालांकि, यह वोट मुसलमानों का माना जा रहा है, जो शाह आलम का अपना है। दरअसल, वह जनता के बीच में बराबर सक्रिय रहते हैं। भाजपा के दिनेश लाल यादव जरूर जीते, लेकिन वर्ष 2019 में हारने के बाद वह बहुत सक्रिय नहीं थे। राजनीति विज्ञान के एसोसिएट प्रोफेसर सुजीत श्रीवास्तव का कहना है कि सामान्य चुनाव के सापेक्ष उपचुनाव के प्रति जनता में रुचि कम होती है। मुस्लिमों का वोट गुड्डू जमाली को उनके व्यक्तिगत वजह से मिला है। इसके अलावा भाजपा की जीत के कई और भी कारण हैं।

Post Bottom Ad

Pages