आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, July 19, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: साइकिल सवार बुजुर्ग शिक्षक की ट्रक से कुचल कर मौत

Posted: 19 Jul 2022 08:35 AM PDT


ट्यूशन पढ़ाने जाते समय हुआ हादसा, ट्रक चालक हिरासत में

आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित कुंवर नदी पुल के समीप मंगलवार की दोपहर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जा रहे साइकिल सवार शिक्षक की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फूलपुर बाजार स्थित निजी विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत 65 वर्षीय रमाशंकर सिंह मंगलवार की शाम बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए साइकिल से गोबरहां गांव की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे जगदीशपुर नदी पुल के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक उन्हें अपनी चपेट में लेते हुए निकल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को वाहन सहित कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के तीन पुत्र बताए गए हैं।

आजमगढ़: जिले में गूंजा मंगल पांडेय अमर रहें का नारा...

Posted: 19 Jul 2022 08:24 AM PDT



जंग-ए-आजादी के प्रथम नायक मंगल पांडेय की जयंती पर निकाली गई प्रभात फेरी

आजमगढ़: तिरंगे को ऊंचा रखना, जब तक दिल में जान है। मंगल पांडेय अमर रहें, अमर रहें...यह नारा मंगलवार की सुबह जिले में गूंजा। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 1857 की जंग-ए-आजादी के नायक मंगल पांडेय की जयंती पर राजकीय बालिका इंटर कालेज से एनसीसी के कैडेटों व छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। कतारबद्ध एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं विकास भवन, कलेक्ट्रेट, नेहरू हाल, रैदोपुर, डीएवी कालेज होते हुए पुन: जीजीआइसी पहुंचे। इससे पूर्व एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
-एडीएम प्रशासन ने कहा कि प्रभात फेरी के माध्यम से बलिदानी मंगल पांडेय के बारे में जन-जन को जागरूक करना है। बताया कि 1857 में मंगल पांडेय के विद्रोह ने फिरंगियों की नींद उड़ा दी थी। उसी समय से बलिया को बागी धरती का नाम मिला। बलिदानी मंगल पांडेय की जयंती पर माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में 1857 की क्रांति से संबंधित स्वतंत्रता सेनानी पर इतिहास लेखन, वाद-विवाद एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह, डीआइओ अशोक कुमार, प्रधानाचार्य ललिता देवी थीं।

आजमगढ़: डीआईजी व एसपी ने शहर में किया पैदल गश्त,अतिक्रमण पर हुए नाराज

Posted: 19 Jul 2022 08:11 AM PDT



चौराहों पर सीसीटीवी लगाने और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए

आजमगढ़: मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री अखिलेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा शासन के निर्देशों के क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर चौकी से मुरली टाकीज से सदर अस्पताल से बलरामपुर चौकी से हाफीजपुर चौराहा तक पैदल गस्त की गयी है। इस पैदल गस्त में डीआईजी आजमगढ़ के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात सुधीर जायसवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तथा यातायात व कोतवाली के पुलिस बल शामिल रहें। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली व चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे एरिया जहां अतिक्रमण है, उनके विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए अतिक्रमण हटवाना है, उसके साथ-साथ प्रमुख चौराहे पर जहां आवागमन होता है, सीसीटीवी कैमरा लगवाने के लिए निर्देशित किया गया है, अपने-अपने क्षेत्रों के लिए बीट व चौकी के सिपाही जिम्मेदार है, सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हों कोई भी व्यक्ति यातायात बाधित न कर सकें। महिलाओं की सुरक्षा के सम्बन्ध में भी निर्देशित किया गया है।

आजमगढ़:पुण्यतिथि पर पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू को अर्पित की गई श्रद्धांजलि

Posted: 19 Jul 2022 07:57 AM PDT




स्व. सर्वेश सिंह सामाजिक सद्भाव की मिसाल व सर्व लोकप्रिय व्यक्ति थे -अखिलेश मिश्र गुड्डू

आजमगढ़: पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की 9वीं पुण्यतिथि जीयनपुर सेंट जेवियर्स कॉलेज पर मनाई गई। पूर्व विधायक बंदना सिंह सहित परिजनों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किया। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता बब्बन राय व संचालन नीरज ने किया। बता दें कि 19 जुलाई 2013 को कस्बा जीयनपुर आवास के सामने पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके साथ ही भरत राय, संजय विश्वकर्मा, जितेंद्र गुप्ता और चंद्रभान चौबे की भी हत्या कर दी गई थी। आज जीयनपुर सेंट जेवियर्स कालेज में सर्वेश सिंह सीपू की याद में आज 19 जुलाई को श्रद्धांजलि सभा व पुण्यतिथि का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सिपू, भरत राय, संजय विश्वकर्मा, जितेंद्र गुप्ता, चंद्रभान चौबे की प्रतिमा पर सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। श्रद्धांजलि सभा में लोग 2 मिनट का मौन रखकर अपने नेता को याद किए। श्रद्धाजंलि सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा नेता अखिलेश मिश्र उर्फ गुड्डू ने कहा सीपू सिंह की हत्या सुविचार और सामाजिक सद्भाव की हत्या थी। जनता के साथ अन्य राजनीतिक दलों में भी वे लोकप्रिय रहे।
श्रद्धांजलि सभा के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर, नेता भाजपा अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा, नरेंद्र सिंह पूर्व विधायक, राम दर्शन यादव पूर्व विधायक, घनश्याम पटेल, रानू सिंह प्रमुख, मनीष मिश्रा प्रमुख प्रतिनिधि, संतोष सिंह प्रमुख, सच्चिदानंद सिंह, नेता कृष्ण पाल सिंह, विनोद राय, अरविंद जायसवाल, रामाधीन सिंह आदि लोगों ने अपने अपने विचार व्यक्त किए।
पूर्व विधायक बंदना सिंह ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उस दिन को याद करते हुए रो पड़ीं जब छोटे-छोटे बच्चों, भाईयों, परिजनों को दरिंदों से बचाने में पूरा समय लगा दिया और अपराधियों के खिलाफ हौसले से लड़ती रहीं। संतोष सिंह टीपू ने आए हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आजमगढ़: भूमिगत जल से ही पूरी होती है भूलभूत आवश्यकताएं

Posted: 19 Jul 2022 07:40 AM PDT


पृथ्वी पर मात्र तीन फीसद ही साफ पानी है - इं० कुलभूषण 

जल संरक्षण/वर्षा जल संचयन पर गोष्ठी आयोजित हुई

आजमगढ़: भूजल सप्ताह के तहत मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) जाफरपुर में प्राचार्य अमरनाथ राय की अध्यक्षता में जल संरक्षण व वर्षा जल संचयन के संबंध में गोष्ठी हुई।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने बताया कि पृथ्वी पर 97 फीसद खारा और मात्र तीन फीसद ही साफ पानी है, जिसका 30 फीसद भूमिगत जल है। भूमिगत जल से ही हमारी भूलभूत आवश्यकताएं पूरी होती हैं। बताया कि टपकती बूंद से 24 घंटे में पांच से छह लीटर पानी बर्बाद होता है। इसे बचाने और इसके लिए समाज को जागरूक करने की आवश्यकता है। दक्षिण भारत में हैदराबाद सहित लगभग 30 शहर ऐसे हैं, जहां से उद्योगों का पलायन हो रहा है। हम आजमगढ़ के लोग जल स्तर को संतुलित करके यहां उद्योग जगत को आकर्षित कर सकते हैं, इसलिए जल का संरक्षण करिए।
भूगर्भ जल विभाग के हाइड्रोलॉजिस्ट आनन्द प्रकाश द्वारा बताया गया कि आजमगढ़ जनपद गंगा का मैदानी क्षेत्र हैं, लोगों को लगता है कि यहां बहुत जल है, लेकिन ऐसा नही है, विभागीय रिपोर्ट 2020 के अनुसार जनपद के सात ब्लाक सेमी क्रिटिकल श्रेणी में है। ऐसे क्षेत्रों में रिचार्जिंग विधा अपनाकर जल स्तर बनाये रखने की जरूरत है। उन्होने बताया कि भूजल एक्ट 2019 के अनुसार रजिस्ट्रेशन, अनापत्ति एवं दण्ड का प्राविधान है। उन्होने बताया कि अनापत्ति/प्राधिकार एवं पंजीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल www.upgwdonline.in पर आवेदन कर सकते हैं। श्री आनन्द प्रकाश ने बताया कि औद्योगिक, अवसंरचनात्मक, वाणिज्यिक एवं बल्क यूजर्स को अनापत्ति/प्राधिकार एवं पंजीकरण कराना अनिवार्य है, अन्यथा उनके विरूद्ध भूगर्भ जल एक्ट 2019 के तहत दण्ड का प्राविधान है।
जेई राशिद अली ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए बताया कि लोग पानी निकाल रहे हैं, लेकिन उस अनुपात में रिचार्जिंग नही हो रही है, जो भविष्य के लिए अच्छा संदेश नही है।
राम अवध यादव द्वारा बताया गया कि वर्षा का जल संरक्षित कर हम अपनी भावी पीढ़ी को सुरक्षित कर सकते हैं, क्योंकि जल ही जीवन है। चाणक्य के समय भी वर्षा जल संचयन करने वालों को पुरस्कार एवं दुरूपयोग करने वालों को दण्डित किये जाने का प्राविधान था।
अन्त में प्राचार्य डायट अमरनाथ राय द्वारा कार्यक्रम का समापन करते हुए बताया गया कि जल संरक्षण पर निरंतर सोचने एवं जागरूक रहने की जरूरत है। हमें संकल्प नही करना चाहिए, कार्य शुरू कर देना चाहिए।
इस अवसर पर पौधारोपण अभियान के अन्तर्गत कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में भूगर्भ जल के कामेश्वर प्रसाद, शिवानन्द, नूरे आलम, पंकज कुमार, डायट कार्यालय के प्रवक्ता, संबंधित अधिकारी/कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आजमगढ़: युवक ने पंखे के हुक से फांसी लगा दी जान

Posted: 19 Jul 2022 07:25 AM PDT


तहबरपुर थाना क्षेत्र के चकिया दुबे रामपुर गांव की घटना,चार बहनों का इकलौता भाई था युवक

आजमगढ़: तहबरपुर थाना क्षेत्र के चकिया दुबे रामपुर गांव में सोमवार की शाम 18 वर्षीय युवक ने पंखे के हुक से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चकिया दुबे रामपुर ग्राम निवासी चंद्रिका राम सोमवार को किसी कार्यवश घर से बाहर गया था। दोपहर में उसकी पत्नी कृषि कार्य के लिए अपने खेत की ओर गई थी। दोपहर में चंद्रिका का 18 वर्षीय इकलौता पुत्र रामनेत घर पहुंचा और बहन से भोजन मांगकर खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। किसी समय उसने घर में पंखे के हुक से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। शाम को घर की साफ-सफाई कर रही मृतक की बहन ने फंदे से लटक रहे भाई का शव देख और शोर मचाया। इसके बाद घटना की जानकारी लोगों को हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था। किस वजह से उसने आत्महत्या जैसा कड़ा कदम उठाया यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

आजमगढ़: दो और स्ववित्तपोषित विद्यालयों की मान्यता होगी निरस्त

Posted: 19 Jul 2022 06:55 AM PDT


माध्यमिक शिक्षा विभाग को सूचना अपलोड करने में 27 ने दिखाई थी उदासीनता

भौतिक सत्यापन में दो विद्यालय तो बंद मिले

आजमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 100 दिन के कार्ययोजना में शामिल माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार बिंदुओं पर सूचना न देने वाले 44 स्ववित्तपोषित विद्यालयों का भौतिक सत्यापन राजकीय विद्यालय के प्रवक्ताओं ने की। दो विद्यालय बंद मिले, जिनके मान्यता निरस्त (प्रत्याहरण) करने की संस्तुति की गई है। डीआइओएस ने रिपोर्ट यूपी बोर्ड को भेज दी है। इस प्रकार कार्रवाई की जद में 29 विद्यालय आ गए हैं। अब इन विद्यालयों के प्रबंधकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद नोटिस भेजेगा जिसका अभिलेख सहित स्पष्टीकरण ने देने पर कार्रवाई सुनिश्चित कर दी जाएगी। शेष 42 स्ववित्तपोषित विद्यालय प्रबंधकों को आवश्यक सूचना अपलोड करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया हैं। लापरवाही पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद के कुल 753 माध्यमिक विद्यालयों में 23 राजकीय, 97 वित्तपोषित और 633 स्ववित्त पोषित हैं। इनके प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को कई बार नोटिस जारी कर 15 जुलाई तक आवश्यक सूचना देने के निर्देश दिए गए थे जिसमें राजकीय, वित्तपोषित और 606 स्ववित्तपोषित विद्यालयों ने वेबसाइट पर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं की ई-मेल आइडी, स्कूल में मौजूद संसाधनों की मैपिंग और पेज पर अपलोड करने का कार्य पूरा कर लिया, लेकिन 27 ने रुचि नहीं दिखाई। 17 स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों ने काफी दबाव के बाद अंतिम दिनों में वांछित सूचना पोर्टल पर अपलोड की। जिससे बोर्ड को समय से प्रेषित नहीं की किया जा सका। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेशचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि

'शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों से जुड़ी सूचना देने में 44 स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों ने उदासीन हैं। इनमें 27 तो बिल्कुल ही रुचि नहीं दिखा पाए। भौतिक सत्यापन में दो विद्यालय बंद मिले, जिनकी मान्यता निरस्त करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट यूपी बोर्ड को भेज दी गई है।

आजमगढ़: चुनाव जीते या हारें मायने नहीं रखता,असहायों की मदद ही मकसद-गुड्डू जमाली

Posted: 19 Jul 2022 06:25 AM PDT


पूर्व विधायक शाह आलम ने जरूरतमंदों को दी 2 लाख एक हजार की मदद

आजमगढ़: मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा के पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने लोकसभा क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों का हाल जाना और समाज के गरीब, असहायों का दर्द बांटते हुए इनके इलाज और बेटियों के शादी के लिए दिल खोलकर अपने निजी स्रोत से चेक द्वारा आर्थिक मदद दिया। उन्होंने कहाकि समाज के गरीब असहायों का सेवा सबसे बड़ा धर्म है। क्षेत्र में गंभीर रोगों से ग्रसित लोगों के इलाज और बेटियों की शादी के लिए क्षेत्र के लोगों को आर्थिक सहायता पिछले कई वर्षों से दी जा रही है। उन्होने कहाकि मैं चुनाव हारूं या जीतूं ये मायने नहीं रखता मेरे लिए ये मायने रखता है कि मैं अपने जिले के जरूरतमंदों के काम आ सकूं और ईश्वर से दुआ करूंगा कि मैं अपनी आखिरी सांस तक गरीबों, असहायों की मदद करता रहूं। मेरे राजनीति में आने का मकसद ही समाज के गरीब, कमजोर, असहायों की सेवा करना है।
पूर्व विधायक ने चेक द्वारा 2 लाख एक हजार रूपये की आर्थिक मदद दी गई। जिसमें 15-15 हजार की मदद अख्तरी मुबारकपुर वा 10-10 हजार की मदद राजेश धनहुव्वॉ, भोला कुरैशी करमैनी,गणेश राजभर पियरोपुर, शम्सा बंजारा करमैनी, रशीद अहमद पलिया,रूबीना बिंद्रा बाजार, सीमा मुबारकपुर, वा 7-7हजार की मदद संगिनी गुजरपार, अबुल हसन गजहडा, जफर आलम फखरुद्दीनपुर, वकील अहमद शाहगढ़, मुन्ना सितारा बानो बिसहम, शमशाद अहमद लौदा मेहनगर, जहीरुन फखरुद्दीनपुर, असलम महाराजगंज व 5-5 हजार की मदद अवधू सरोज पदमिनियां, प्रभा देवी जमालपुर, रुकसाना गजाहड़ा, विद्यासागर बड़हलगंज, रूबीना करमैनी, आमिर अहमद बाजबहादुर, परवेज शाहगढ़, मधुबनी देवी भुजही, कमला देवी गुलामीपुरा, नुसरत खातून जालंधरी, मुमताज अहमद पतीला गौसपुर, शाहनवाज मुबारकपुर आदि शामिल रहे।

आजमगढ़: दुकान के सामने खड़ी ट्रैक्टर से लड़ी बाइक, भाजपा नेता के पुत्र की मौत

Posted: 19 Jul 2022 02:41 AM PDT


माहुल-फूलवरिया मार्ग पर गनवारा बाजार की घटना,सड़क पर फैला बालू बना हादसे का कारण

आजमगढ़ : माहुल-फूलवरिया मार्ग पर गनवारा बाजार में गिट्टी बालू की दुकान के सामने खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक के टकराने से भाजपा नेता के पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी ट्राली को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया।
माहुल नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार (पूरामया पांडेय) निवासी आचार्य व भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य धरनीधर पांडेय के पुत्र हिमांशु पांडेय अपने दोस्त विपिन पांडेय के साथ रात को फूलवरिया बाजार से बाइक से लौट रहे थे।
अहरौला के गनवारा बाजार में गिट्टी बालू की दुकान के सामने सड़क किनारे खड़ी ट्राली में बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे हिमांशु के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनका दोस्त छिटककर दूर जा गिरा। जिला अस्पताल ले जाते समय हिमांशु की रास्ते में मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। आईटीआई करने के बाद वह जाब की तलाश में लगा था। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले लिया है।
गिट्टी बालू की दुकानों के सामने सड़क तक फैला बालू हादसों का कारण बनते जा रहे हैं । हिमांशु की बाइक दुकान के सामने तक फैले बालू के कारण अनियंत्रित हो गई। जिसके कारण किनारे खड़ी ट्राली से बाइक टकरा गई। उसके सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
सड़क किनारे दुकानों के सामने गिट्टी बालू व खड़े वाहनों के खिलाफ प्रशासन कभी भी कार्रवाई नहीं करता है। दुकानदार गिट्टी बालू रखने के साथ है सड़क तक अपनी ट्रैक्टर ट्राली को भी खड़ा कर देते हैं। जो हादसे का कारण बनते जा रहे हैं।

आजमगढ़ : 112 प्रभारी सहित दो लाइन हाजिर, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Posted: 19 Jul 2022 12:02 AM PDT


ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर एसपी ने की कार्रवाई

एसपी ने आधी रात में की थी 112 की गाड़ियों को चेकिंग

आजमगढ़: पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर जहां तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, वहीं डायल 112 प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा 17 जुलाई की रात 11 से 1 बजे के मध्य थाना सरायमीर व थाना निजामाबाद क्षेत्र में पीआरवी 112 के वाहनों की आकस्मिक रूप से चेकिंग की गयी, जिसमें पीआरवी 112 के 3 मुख्य आरक्षियों द्वारा ड्यूटी में लापरवाही/ड्यूटी से गैर हाजिर होने पर तत्काल प्रभाव से निलम्बित तथा 01 मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन्स स्थानांतरित करते हुए प्रारम्भिक जांच का आदेश दिया गया तथा पीआरवी 112 की गाड़ियों में अनुशासनहीनता व लापरवाही परिलक्षित होने के कारण डायल 112 प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी को प्रभार से हटाते हुए पुलिस लाइन्स सम्बद्ध किया गया एवं प्रारम्भिक जांच की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सरायमीर में मुख्य आरक्षी रामजीत यादव जो पहली शिफ्ट में पीआरवी 1063 पर ड्यूटी में थे इनके द्वारा सरकारी शस्त्र (पिस्टल) को लापरवाही पूर्वक गाड़ी में रख दिया गया जिसके लिए इनको तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित करते हुए प्रारम्भिक जांच करायी जा रही है।
वहीं मुख्य आरक्षी रामनरेश यादव को पीआरवी ड्यूटी से गैर हाजिर मिलने पर निलंबित कर विभागीय कार्यवाही का आदेश दिया गया है।
थाना निजामाबाद के पीआरबी 1028 के मुख्य आरक्षी पीएनओ- 062760404 रामलवट यादव, मुख्य आरक्षी अजय कुमार सिंह की ड्यूटी फरिहां चौराहे पर लगी थी, इनके द्वारा ड्यूटी पर उपस्थित न होकर संदिग्ध व्यक्तियों के साथ ढाबे पर बैठे हुए पाये जाने पर एसपी द्वारा दोनों को तत्कालिक प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।

Post Bottom Ad

Pages