आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Thursday, July 21, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: बारिश से किसानों को मिला राहत, रोपाई में जुटे अन्नदाता

Posted: 21 Jul 2022 12:04 AM PDT


उमस भरी गर्मी से ठंडी हवाओं और बारिश ने दी राहत

आजमगढ़ : काफी इंतजार के बाद बुधवार की दोपहर में दक्षिण से शुरू वर्षा शाम तक उत्तर तक पहुंच गई। गुरूवार सुबह से ही बादल जमकर बरस रहें हैं। देवराज इंद्र का वरदान मिला तो धान की बेजान हो रही फसल और नर्सरी में जान लौट आई। अब तक पानी के अभाव में जो किसान रोपाई नहीं कर सके थे वे रोपाई में जुट गए।
किसानों का कहना है कि वर्षा के पानी से रोपी जा चुकी फसल के साथ सूख रही नर्सरी को फायदा होगा। हालांकि अभी रोपाई के लिए और पानी की जरूरत है। वर्षा से फायदा यह होगा कि अब रोपाई के लिए दो घंटे की जगह एक घंटे ही नलकूप चलाना पड़ेगा। फिर भी अन्नदाता प्रफुल्लित हैं, क्यों कि निचले खेतों में रोपाई भर का पानी हो गया है।
उम्मीद इसलिए भी बढ़ी है कि बुधवार को शुरू वर्षा गुरुवार को दोपहर तक रुक-रुककर होती रही। बारिश से मौसम भी सुहाना हो गया है। उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
कई दिनों से उमस भरी भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे लोगों को वर्षा से थोड़ा सुकून मिला। कई दिनों से आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा था, लेकिन बुधवार को मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ बारिश हुई। किसानों के चेहरे खिल उठे। आसमान में बादलों को देखते हुए किसान अपने धान की रोपाई की तैयारी में जुट गए है। पीले हो रहे धान के बेहन के लिए लाभदायक होगा। किसानों द्वारा रोपी गई धान की फसल जहां सूख रही थी, खेतों में दरारें पड़ गई थीं, वहीं गए खेत मे पानी होने की दशा में धान हरा-भरा हो गया है।
दूसरी तरफ वर्षा से शहरी जनजीवन प्रभावित हुआ। जर्जर सड़कों के गड्ढों में पानी भरने और फिसलन बढ़ने से आवागमन में दिक्कत आई।

आजमगढ़: फर्जी प्रमाणपत्र पर नौकरी कर रहे 10 शिक्षकों के खिलाफ एफआइआर

Posted: 20 Jul 2022 11:52 PM PDT


एसटीएफ की जांच में शिक्षकों का प्रमाण पत्र फर्जी मिला था

सुर्खियों में एक वर्ष पूर्व आया था मामला,अब शुरू हुई कार्रवाई

आजमगढ़ : फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी कर रहे 10 शिक्षकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा प्रशासन की तहरीर पर आरोपितों के तैनाती क्षेत्र के थानों में केस दर्ज हुआ है। एसटीएफ ने बहुत पहले इस मामले की जांच की थी, लेकिन कार्रवाई पर ब्रेक था। महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरन आनंद ने संज्ञान लेते हुए पत्र जारी किया, तो कार्रवाई शुरू हो पाई है।
शिक्षकों के फर्जीवाड़ा करने का प्रकरण करीब एक वर्ष पूर्व सुर्खियों में छाया था। उस समय विभागीय जांच हुई, तो कई स्तर पर झोल नजर आया। शासन तक मामला पहुंचा, तो जांच एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को सौंप दी गई। एसटीएफ की जांच में शिक्षकों का प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया था।
रिपोर्ट पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमीन दसावं ब्लाक संसाधन केंद्र अतरौलिया के सहायक अध्यापक नंद लाल, प्राथमिक विद्यालय सीही, सठियांव की नेहा शुक्ला, प्रमोद कुमार सिंह सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय पिछौरा, राजाराम सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय छीरीब्राह्मण, अजीत कुमार यादव, गोविंद पांडेय कंपोजिट विद्यालय फदगुदिया पवई, धीरज सिंह कश्यप सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय गोमाडीह ठेकमा, अविनाश प्रजापति सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय भटपुरवा पठकौली अतरौलिया, राजेश कुमार चौबे सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय राजापट्टी अहरौला व आशुतोष सिंह सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर साउथ विकास खंड तरवां के खिलाफ लगी थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि सभी दस आरोपिताें के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दो शिक्षकों का मामला हाई कोर्ट में चल रहा है।

आजमगढ़: नवस्थापित विश्वविद्यालय के 335 केंद्रों पर शुरू हुई परीक्षा

Posted: 20 Jul 2022 08:05 AM PDT


कुलपति ने परीक्षा केंद्रों और नोडल सेंटरों का औचक निरीक्षण किया

आजमगढ़: नवस्थापित महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित प्रथम परीक्षा की शुरुआत बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में आजमगढ़ और मऊ के 335 केंद्रों पंजीकृत छात्रों में स्नातक द्वितीय सेमेस्टर और पीजी प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। आजमगढ़ में 10 और मऊ के पांच नोडल केंद्रों से संबद्ध महाविद्यालयों के कर्मचारी प्रत्येक मीटिंग का प्रश्नपत्र लगभग दो से तीन घंटे पूर्व प्राप्त कर परीक्षा कराने में लगे थे। उत्तरपुस्तिका उन्हें कल ही प्राप्त करा दी गई थीं।
कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार शर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों और नोडल सेंटरों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा की शुचिता का अवलोकन किया। परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका के नए कलेवर से प्रभावित दिखे। कुलसचिव वीपी कौशल ने भी डीएवी पीजी कालेज में चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया। कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय के अधिकारी व कर्मचारी अगले चरण की परीक्षा की तैयारी में देर शाम तक जुटे थे।

आजमगढ़: अनुपस्थित दो प्रधानाध्यापक समेत चार निलंबित, 52 का रोका वेतन

Posted: 20 Jul 2022 07:49 AM PDT


परिषदीय विद्यालयों में व्यवस्था दुरुस्त करने को सुबह चल रही चेकिंग

आजमगढ़: परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने को सुबह चल रही चेकिंग में बुधवार को अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ बीएसए ने कार्रवाई की है। विद्यालय समय से खुला नहीं मिलने पर दो प्रधानाध्यापक समेत चार को निलंबित किया है। वहीं, अनुपस्थित 52 शिक्षकों का एक दिन वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह सुबह आठ बजे रानी की सराय ब्लाक के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रुदरी व पूर्व माध्यमिक विद्यालय लछिरामपुर पहुंच गए।
विद्यालय बंद मिलने पर उन्होंने रुदरी के प्रधानाध्यापक वृज भानुजा, लछिरामपुर के प्रधानाध्यापक ललिता कुमारी, सहायक अध्यापक राना परवीन व संजीव कुमार राय को निलंबित किया। शासन के निर्देश पर विद्यालयों के सुबह निरीक्षण के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयक की टीम बनाई गई है। टीम ने 75 स्कूलों को चेक किया। अध्यापक व कर्मचारियों के अनुपस्थित होने पर कार्रवाई की गई है। बीएसए ने बताया कि चेकिंग निरंतर जारी रहेगी। शिक्षकों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़: मुख्तार व अखंड के 05 सहयोगियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई

Posted: 20 Jul 2022 07:37 AM PDT


मुख्तार अंसारी के 02 एवं अखंड प्रताप सिंह के 03 सहयोगियों पर कार्रवाई

आजमगढ़: पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर जनपद की पुलिस ने बुधवार को मुख्तार अंसारी एवं अखंड सिंह गैंग के 5 सदस्यों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में पाबंद किए गए अपराधियों में प्रदेश स्तर पर चिन्हित किए गए माफियाओं में शामिल तरवां थाना क्षेत्र के रहने वाले अखंड प्रताप सिंह के तीन सहयोगियों में मेंहनगर थाना क्षेत्र के टोडरपुर ग्राम निवासी चंदन सिंह उर्फ मनीष सिंह उर्फ जोजो पुत्र शिवकुमार सिंह, सुनील सिंह पुत्र वशिष्ठ सिंह तथा अमित सिंह पुत्र फुलाने उर्फ भुलाने सिंह शामिल बताए गए हैं। वहीं मुख्तार अंसारी गिरोह के दो सदस्यों में मेंहनगर थाना क्षेत्र के वीरपुर ग्राम निवासी सोहन पासी पुत्र प्रसिद्धि पासी तथा मानपुर ग्राम निवासी नवीन सिंह उर्फ सिद्धार्थ पुत्र शिवकुमार सिंह को गुंडा एक्ट के तहत पाबंद किया गया है।

आजमगढ़: जनरथ बस ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा,हुई मौत

Posted: 20 Jul 2022 07:23 AM PDT


रौनापार में हुआ दर्दनाक हादसा,12 किलोमीटर तक फंसी बाइक को घसीटती रही बस

आजमगढ़: जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब रौनापार थाना क्षेत्र के पिपरही रॉयल धर्मकांटा के पास जनरथ बस की चपेट में विपरीत दिशा से आ रही बाइक चपेट में आ गई। बाइक की जोरदार टक्कर रोडवेज बस से हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी की दोनो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक बस में फंसकर दोनो युवकों kob200 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पहचान हुए युवक का नाम शीबू यादव (35 ) पुत्र देवचंद यादव ग्राम खुशामदपुर थाना मुहम्मदाबाद के रूप में हुई जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई। रोडवेज बस चालक की लापरवाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक फंसने के बाद 12 किलोमीटर दूर जीयनपुर तक बाइक को घसीटतल रही। पुलिस ने बस को रोका तो काफी मशक्कत के बाद बस में फंसी बाइक को निकाला जा सका।

आजमगढ़:  सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 38 दुकानदारों पर मुकदमा

Posted: 20 Jul 2022 07:08 AM PDT


डीआइजी व एसपी ने नगर भ्रमण कर दिए थे निर्देश,हाफिजपुर से पहाड़पुर चौराहे तक के दुकानदारों पर हुई कारवाई

आजमगढ़: अतिक्रमण के खिलाफ सख्त पुलिस ने बुधवार को शहर के हाफिजपुर से पहाड़पुर चौराहे तक सड़क पर अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण करने वाले 38 दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डीआइजी अखिलेश कुमार और एसपी अनुराग आर्य ने एक दिन पूर्व ही कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शासन ने शहरों को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को दोनों अधिकारी शहर में पैदल गश्त पर निकले तो वस्तुस्थिति देख कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस कर्मियों ने इन इलाकों में सड़क तक हुए अतिक्रमण का वीडियो संग फोटो भी लिया था। इस आधार पर 38 दुकानदारों पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएचओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार अपनी निर्धारित सीमा के अंदर ही सामान रखें। कुछ दुकानदार सड़क के काफी हिस्से तक अस्थायी अतिक्रमण किए हुए थे।

आजमगढ़: स्वाथ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करायें: मण्डलायुक्त

Posted: 20 Jul 2022 06:59 AM PDT


सभी सीडीओ मनरेगा में मशीनों के प्रयोग पर सख्ती से रोक लगायें

नहरों में पानी ऐसे चलाएं की सभी को मिले,विवाद की स्थिति न हो

आज़मगढ़ 20 जुलाई -- मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने कहा है कि सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण में प्रायः वहॉं पर चिकित्सकों का रोस्टर बना हुआ नहीं पाया जाता है, जो आपत्तिजनक है। इस सम्बन्ध में उन्होंने मण्डल के तीनों जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल सभी स्वास्थ्य केन्दों पर इमरजेन्सी के चिकित्सकों का रोस्टर बनाकर प्रदर्शित करना तथा रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने बुधवार को अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित शासन के सर्वोच्च विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों तथा कर करेत्तर वसूली आदि की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एक ही स्वास्थ्य केन्द्र पर विगत 5 वर्ष से अधिक समय से तैनात चिकित्सकों को अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्थानान्तरित किये जाने हेतु पूर्व में दिये गये निर्देश के क्रम में जितने स्थानान्तरण हो चुके हैं तथा जो अवशेष हैं, अपर निदेशक, स्वास्थ्य उसकी तत्काल जॉंच कर लें तथा वस्तुस्थिति से अवगत करायें। मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सभी चिकित्सकों को उनके तैनाती स्थल पर ही आवासित रहना भी अनिवार्य किया जाय। इसी क्रम में उन्होने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर को उपयोगी बनाया जाय, जो दवायें वहॉं उपलब्ध होनी चाहिए उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आमजन को हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर की सेवाओं का शपत प्रतिशत लाभ दिलाया जाय। मऊ में डायलिसिस कम पाये जाने पर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने असन्तोष व्यक्त किया तथा सीएमओ मऊ को निर्देश दिया कि उसका सघन प्रचार प्रसार कर पात्र मरीजों को लाभान्वित किया जाये। मण्डलायुक्त ने सीजेरियन प्रसव की समीक्षा में पाया कि गत माह में आज़मगढ़ के सीएचसी बिलरियागंज में मात्र 1 एवं फूलपुर में 3, मऊ जिला अस्पताल में मात्र 23 व अन्य सीएचसी पर भी अत्यन्त कम तथा बलिया जिला अस्पताल में 33 सीजेरियन प्रसव हुए जबकि सीएचसी रसड़ा, सिकन्दरपुर एवं सीयर में प्रगति नगण्य है। उन्होंने इस स्थिति पर तीनों जनपद के सीएमओ पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए सचेत किया कि इस ओर विशेष ध्यान देकर सुधार किया जाय, भविष्य में ऐसी स्थिति का पुनः पाया जाना किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से आच्छादित लाभार्थियों की संख्या कम पाये जाने पर भी असन्तोष व्यक्त किया तथा इस ओर तत्काल ध्यान दिये जाने का निर्देश दिया।
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने नहरों में पानी की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश नहीं हो रही है तथा सप्लाई भी पर्याप्त नहीं है, ऐसी दशा में नहरों को इस ढंग से चलाया जाय कि सबको पानी मिल सके तथा किसी दशा में विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होने अधीक्षण अभियन्ता, ड्रेनेज मण्डल को निर्देशित किया कि नहर के पानी को लेकर जहॉं विवाद की स्थिति उत्पन्न होना संभावित है, उन जगहों पर तत्काल पुलिस व्यवस्था करायें। उन्होने कहा कि मनरेगा योजना के तहत प्रायः मशीनों से कार्य कराये जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने तीनों जनपद के सीडीओ को तत्काल इस ओर विशेष ध्यान देकर मशीनों से कार्य कराये जाने पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने कहा कि बलिया में कई सेतु बन रहे हैं, जिसका सीडीओ द्वारा सघन निरीक्षण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सीडीओ बलिया को निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने गोवंश आश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए कहा कि गोवंश संरक्षण केन्द्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाय तथा संरक्षित गोवंश का शत प्रतिशत टीकाकरण भी सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि संरक्षित गोवंश को चारे की कमी नहीं होनी चाहिए, यदि कहीं भूसा आदि कम है तो पर्याप्त मात्र में उसकी उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित कर ली जाय। मण्डलायुक्त ने कहा कि भूसा के साथ ही हरे चारे की भी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होने निर्देश दिया कि पशुचर एवं अन्य सरकारी जमीन जो खाली है वहॉं से हरे चारे की उपलब्धता लेखपालों के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाय। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने तीनों जनपद के जिलाधिकारियों से कहा कि अधिकारियों द्वारा जिन विद्यालयों को गोद लिया गया है उसमें शासन की मंशा के अनुरूप कार्य होना चाहिए तथा सुविधायें भी उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने तीनों जिलाधिकारियों से कहा कि जनपदों में अविवादित वरासत, धारा 24 के वाद तथा म्युटेशन के वाद को समयान्तर्गत निस्तारित कराये जाने हेतु अपने स्तर से कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी आज़मगढ़ विशाल भारद्वाज ने कहा कि जो पंचायत भवन पूर्ण हो चुके हैं उसे तत्काल सक्रिय कराया जाय तथा पंचायत सेकेट्री और लेखपाल का रोस्टर बनवाकर तद्नुसार उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाय। उन्होने निर्देश दिया कि प्रत्येक सक्रिय पंचायत भवन पर एक शिकायत रजिस्टर भी अनिवार्य रूप से बनाकर वहॉं रखा जाय, जिसकी देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय समिति को दी जाय।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बलिया सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मऊ अरुण कुमार, मुख्य विकास अधिकारी आज़मगढ़ आनन्द कुमार शुक्ला, बलिया प्रवीण वर्मा, मऊ रामसिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी आज़मगढ़ एबी सिंह, बलिया राजेश कुमार सिंह, मऊ भानु प्रताप सिंह, वन संरक्षक डा. बीसी ब्रम्हा, अपर निदेशक, स्वास्थ्य डा. एमके शाह, मण्डलीय अर्थ एवं संख्या अधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के मण्डलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित थे।

आजमगढ़: पहले अपने घर से शुरू करें जल संरक्षण - फादर प्रकाश दास

Posted: 20 Jul 2022 06:13 AM PDT



ज्योति निकेतन स्कूल में जल सरंक्षण व वर्षा जल संचयन कार्यक्रम आयोजित हुआ

छात्रों, अध्यापकों व कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई

आजमगढ़: भूजल सप्ताह एवं आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को ज्योति निकेतन स्कूल में जल सरंक्षण व वर्षा जल संचयन का कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य प्रकाश दास ने बताया कि जल संरक्षण की शुरुआत अपने घर से ही करें। खुले नल को बंद करें, मग में पानी रख कर सेविंग करें। कपड़ों में साबुन लगाते समय या खंगालते समय नल बंद रखें। उन्होंने छात्रों, अध्यापकों, भूगर्भ जल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को जल संरक्षण के लिए जल शपथ दिलाई।
भूगर्भ जल विभाग के जल वैज्ञानिक आनन्द प्रकाश ने उत्तर प्रदेश भूगर्भ जल प्रबंधन अधिनियम 2019 के बारे में जानकारी दी। बताया कि सभी औद्योगिक, वाणिज्यिक, आरओ प्लांट, होटल, वाटर पार्क, आवासीय कालोनी और सामूहिक उपयोगकर्ता, वाहन धुलाई केंद्र आदि भूजल निकालने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) व पंजीकरण का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त ट्यूबवेल बोरिंग (कूप छिद्रण) एजेंसियों का विभागीय पोर्टल www.upgwdonline.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसका उल्लघंन दंडनीय अपराध है। जिला विज्ञान क्लब के समंवयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने वीडियो क्लिप के माध्यम से छात्रों को जल संरक्षण व जल संचयन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जेई राशिद अली ने बताया कि शहरी सीमा के अंदर भूगर्भ जल आधारित व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित न किया जाए।

आजमगढ़: देवगांव में दो इनामी अपराधी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

Posted: 20 Jul 2022 06:03 AM PDT



गैंगस्टर एक्ट में फरार थे 25 और 15 हजार के इनामी बदमाश

आजमगढ़: देवगांव पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। 25 हजार का इनामी चेकिंग के दौरान पकड़ा गया, तो 15 हजार के इनामी को देख ग्रामीणों ने खुद घेरकर पकड़ लिया।
प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पांडेय बुधवार की सुबह क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे कि कटौली बुजुर्ग गांव से किसी ने सूचना दी कि 15 हजार रुपये का इनामी एखलाक गांव में आया है, कहें तो उसे पकड़ा जाए। पुलिस की अनुमति मिलते ही ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और बाइक पर बैठाकर थाने ला रहे थे। तब तक पुलिस भी पहुंच गई तो वह कूदकर भागने का प्रयास किया जिससे उसके हाथ में हल्की चोट आ गई। पुलिस ने उसे मरहम-पट्टी कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
इसी क्रम में मंगलवार की देर रात करिया गोपालपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागना चाहा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह 25 हजार रुपये का इनामी अजीत यादव निवासी ग्राम एकौनी, थाना केराकत, जौनपुर है। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।
A

आजमगढ़ का रहने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Posted: 20 Jul 2022 05:47 AM PDT


देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाने में दो मुकदमा दर्ज थे

देवरिया: गो तस्करी में लिप्त आजमगढ़ के रहने वाले इनामी बदमाश को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके विरुद्ध देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाने में दो मुकदमा दर्ज हैं।गो तस्करी के धंधे में शामिल आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के करमईनी गांव के रहने वाले सोहराब पुत्र दिलशेर अली के विरुद्ध रामपुर कारखाना पुलिस ने सोहराब समेत सात के विरुद्ध 11 जनवरी 2021 को पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम व गो हत्या निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर गिरफ्तार किया था। साथ ही 11 गोवंशीय को बरामद किया गया था। उसके बाद वह जमानत पर छूट गया। फिर गैंग बनाकर अपराध में शामिल सक्रिय हो गया। रामपुर कारखाना पुलिस ने एक जनवरी को उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। तभी से वह वांछित चल रहा था। एसपी संकल्प शर्मा ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस उसे तलाश कर रही थी, तभी मंगलवार को उसे पांडेय चक चौराहा से आगे बैतालपुर रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। टीम में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी व उप निरीक्षक मान सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

Post Bottom Ad

Pages