प्राइमरी का मास्टर ● इन - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Thursday, July 21, 2022

प्राइमरी का मास्टर ● इन

प्राइमरी का मास्टर ● इन


NPS : बुढ़ापे की लाठी पर बाजार की गिरावट की मार, पिछले नौ महीने की राशि निवेशित न होने से भी नुकसान

Posted: 20 Jul 2022 05:36 PM PDT

NPS : बुढ़ापे की लाठी पर बाजार की गिरावट की मार, पिछले नौ महीने की राशि निवेशित न होने से भी नुकसान 


जिले में एनपीएस कर्मचारियों के खाते से सितंबर 2021 से जून 2022 तक कर्मचारी और सरकार का अंशदान काट लिया गया किंतु निवेशित नहीं किया गया। पिछले नौ महीने की राशि निवेशित न होने से भी नाराजगी है।



केस वन: केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज के शिक्षक योगेश कुमार मिश्रा के एनपीएस की टोटल फंड वैल्यू 31 मार्च 2022 को 16.14 लाख रुपये थी जो दो सप्ताह बाद 14 अप्रैल को घटकर 15.94 लाख रह गई। शेयर मार्केट के गिरने से निवेशित रकम कम हो गई।


केस टू: परमेश्वरदीन मिश्र इंटर कॉलेज करछना के शिक्षक अंजनी कुमार के राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (पूर्व में नई पेंशन योजना-एनपीएस) खाते में 31 मार्च 2022 को 16.41 लाख रुपये थे जो दो सप्ताह बाद 14 अप्रैल को घटकर 16.21 रुपये ही रह गए।



यही हाल सभी एनपीएस कर्मचारियों के साथ हुआ है। जिसकी जितनी ज्यादा फंड वैल्यू थी उसको उतना ही ज्यादा नुकसान हुआ। एनपीएस से आच्छादित शिक्षकों और कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी पर भी बाजार की मार पड़ी है। निवेशित राशि पर चालू वित्तीय वर्ष में नकारात्मक रिटर्न (प्रतिलाभ) मिलने के कारण इससे आच्छादित शिक्षकों और कर्मचारियों में नाराजगी है। इस मामले में भाजपा के ही सांसदों ने लोकसभा में सवाल खड़े किए हैं। कौशाम्बी से सांसद विनोद कुमार सोनकर और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह (राजू भैय्या) ने एनपीएस में नकारात्मक प्रतिलाभ पर हाल ही में लोकसभा में प्रश्न किया था जिसका जवाब वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड़ को देना पड़ा।


सफाई दी कि एनपीएस एक दीर्घकालिक उत्पाद है और वित्तीय वर्ष 2021-22 में रिटर्न 6.91 प्रतिशत रहा है। हालांकि शिक्षकों का कहना है कि शेयर मार्केट आधारित होने के कारण एनपीएस का कोई भरोसा नहीं है। यह शेयर कब गिर जाए और कब उठे क्या पता। ऐसा भी हो सकता है कि 31 मार्च को जो कर्मचारी अवकाश प्राप्त कर रहा हो उस दिन तक तो शेयर उठा रहे और एक अप्रैल को धड़ाम से गिर जाए तो क्या होगा।

4 माह गुजरने को और बिना किताबों के पढ़ाई कर रहे परिषदीय स्कूलों के बच्चे

Posted: 20 Jul 2022 05:31 PM PDT

4 माह गुजरने को और बिना किताबों के पढ़ाई कर रहे परिषदीय स्कूलों के बच्चे


लखनऊ। राजधानी के प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में पढ़ रहे करीब दो लाख बच्चों को अभी तक किताबें नहीं मिली हैं। 16 जून को स्कूल खुले थे। एक माह बीत गया है लेकिन अभी तक किताबें स्कूलों में नहीं पहुंची हैं। कुछ बच्चे ही पुरानी किताबों से पढ़ाई कर रहे हैं। करीब 30 से 50 फीसदी बच्चों के पास किताबें नहीं हैं। जिनके पास हैं भी वह फटी हैं या फिर आधी अधूरी। पुस्तकें न होने से शिक्षकों को भी पढ़ाने में बड़ी समस्या हो रही है।




लखनऊ के ग्रामीण व शहरी इलाकों में 1619 स्कूल संचालित हो रहे हैं। इनमें दो लाख छह हजार बच्चे पंजीकृत हैं। करीब 18 लाख किताबें बच्चों को वितरित होनी हैं लेकिन अभी तक कक्षा तीन की करीब एक लाख पुस्तकें मिली हैं। जिन्हें बीएसए कार्यालय द्वारा वितरित कराया जा रहा है। 17 लाख से अधिक पुस्तकें आनी बाकी हैं।


काकोरी, भरोसा स्थित प्राथमिक व जूनियर स्कूल में 400 से अधिक बच्चे हैं। यहां किसी बच्चे को किताब नहीं मिली है। शिक्षकों ने बताया कि किताबें न होने से पाठ्यक्रम पिछड़ रहा है।


इसी स्कूल में कक्षा एक के छात्र के पास एक भी किताब नहीं मिली। जबकि तीन किताबें होनी चाहिए। हफ्ता भर पहले दाखिला हुआ है। स्कूल में जो शिक्षक पढ़ाते हैं। वही पढ़कर घर चला जाता है।


काकोरी के भरोसा कम्पोजिट स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा छह की छात्रा ने बताया कि सिर्फ पांच पुरानी किताबों से पढ़ाई हो रही है। जबकि 13 किताबें व कार्य पुस्तिका मिलनी चाहिए। दूसरे बच्चों की किताब की मदद से ले रहे हैं।


किन्हें कितनी किताबें मिलनी चाहिए


● कक्षा एक में तीन, दो में चार, तीन से 5 तक कक्षाओं में पांच-पांच किताबें और कार्य पुस्तिकाएं

● कक्षा छह, सात व आठ में 11-11 किताबें और कार्य पुस्तिकाएं

केवल 9 फीसदी किताबें यूपी के स्कूलों तक पहुंचीं

प्रदेश में अभी तक लगभग 90 लाख पाठ्य पुस्तकें यानी 9 फीसदी किताबें ही बच्चों तक पहुंच पाई हैं। लगभग एक दर्जन जिले ऐसे हैं जिसमें किताबों की सप्लाई भी शुरू नहीं हो पाई है।

अभी कक्षा तीन की किताबें मिली हैं। उन्हें वितरित कराया जा रहा है। एक हफ्ते के भीतर सभी स्कूलों को किताबें उपलब्ध करा दी जाएंगी। डॉ. मुकेश कुमार सिंह, एडी बेसिक

सरकार तदर्थ शिक्षकों को मानदेय पर रखेगी, इस सम्बन्ध में तैयार किया जा रहा प्रस्ताव

Posted: 20 Jul 2022 05:25 PM PDT

सरकार तदर्थ शिक्षकों को मानदेय पर रखेगी, इस सम्बन्ध में तैयार किया जा रहा प्रस्ताव

प्रयागराज : सूबे में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में तैनात तदर्थ शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। उनकी दीर्घकालिक सेवा को देखते हुए शासन उन्हें मानदेय पर रखने पर विचार कर रहा है। ताकि, इन शिक्षकों के सामने जीवन यापन की समस्या न उत्पन्न हो।


सर्वोच्च न्यायालय की ओर से पारित आदेश 26 अगस्त 2020 व सात दिसंबर 2021 के क्रम में तदर्थ शिक्षकों के संबंध में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नौ जुलाई को हुई बैठक में मंथन किया गया। इस दौरान पाया गया कि इन शिक्षकों के समक्ष जीवन यापन की समस्या उत्पन्न हो रही है। विचार विमर्श में दिए गए निर्देश के क्रम में इन शिक्षकों के भरण-पोषण के संबंध में प्रस्ताव  उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। 

शिक्षा निदेशक माध्यमिक की ओर से तैयार प्रस्ताव में तय हुआ है कि तदर्थ शिक्षकों की सेवा के संबंध तिथि निर्धारण अवश्य किया जाए। ताकि, उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बड़ी संख्या में दीर्घ अवधि तक सेवा करने वाले शिक्षकों के समक्ष जीवन यापन का संकट दूर किया जा सके। राज्य सरकार मानवीय आधार पर विचार करते हुए तदर्थ शिक्षकों को दीर्घ कालीन सेवा के दृष्टिगत उन्हें विशेष प्रावधान करते हुए आर्थिक सहायता / अनुतोष देने पर विचार कर सकती है। इसके लिए कई विकल्प सुझाए गए हैं। जैसे वर्तमान देय कुल परिलब्धि का 50 प्रतिशत और ग्रोथ रेट या उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (वार्षिक फिक्स रेट), वर्तमान बेसिक पे और ग्रोथ रेट या उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (वार्षिक फिक्स रेट), तदर्थ शिक्षक का वर्तमान बेसिक पे व प्रत्येक आगामी पांच वर्षों की सेवा पर 10 हजार रुपये की वृद्धि (अधिकतम 50,000 तक) देने का प्रस्ताव है। इन विकल्पों को लागू किए जाने में कुछ प्रतिबंधों को लागू किया जाना भी समीचीन बताया गया है।

ऐलान : खुलेंगे पांच हजार अभ्युदय कंपोजिट मॉडल स्कूल, हर जिले में मॉडल स्कूल

Posted: 20 Jul 2022 05:57 PM PDT

ऐलान : खुलेंगे पांच हजार अभ्युदय कंपोजिट मॉडल स्कूल, हर जिले में मॉडल स्कूल


मुख्यमंत्री राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने स्कूली शिक्षा में निजी निवेश को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए और कहा कि यह देखना होगा कि अकादमिक संस्थान डिग्री बांटने के केंद्र बन कर न रह जाएं।


लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को निर्देश दिया है कि यूपी में 77.7 जनसंख्या गांवों में है इसलिए उन्नत भारत अभियान स्कीम के तहत ज्यादा से ज्यादा शिक्षा संस्थानों को ग्रामीण इलाकों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले चार वर्षों में प्रदेश में पांच हजार अभ्युदय कम्पोजिट स्कूल होंगे। हर जिले में एक मॉडल कम्पोजिट स्कूल विकसित किया जाएगा। वहीं उच्च शिक्षण संस्थानों को तत्काल नैक ग्रेडिंग करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि प्रॉक्सी टीचर की एक भी गतिविधि स्वीकार्य नहीं है।


स्कूली शिक्षा में निजी निवेश को मिले प्रोत्साहन: मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षण की एक हाइब्रिड प्रणाली विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुशल संसाधन व प्रभावी गवर्नेंस के लिए यथाशीघ्र राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण का गठन किया जाए। हर सरकारी स्कूल में स्मार्ट क्लास और बुक बैंक की व्यवस्था हो। हर ब्लॉक में 5-6 अभ्युदय स्कूल खोले जाएंगे, इसके लिए बजट की कमी नहीं होगी।



एक ही परिसर में होगी प्राइमरी से 12वीं तक पढ़ाई

जिले में खोला जाने वाला मॉडल कम्पोजिट स्कूल कक्षा एक से 12 तक का होगा। वहीं अभ्युदय कम्पोजिट स्कूल कक्षा एक से आठ तक के होंगे। इनमे से ही मॉडल स्कूलों का चयन होगा। इन स्कूलों में वे सभी सुविधाएं होंगी जो किसी आदर्श स्कूल में होती हैं और ये प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत होंगे। इसमें पांच कक्ष में डाइनिंग हॉल, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, कम्प्यूटर कक्ष व साइंस लैब होगी। इमारत इको फ्रेंडली और टॉयलेट पर्यावरण के अनुकूल उच्चीकृत किए जाएं।

UP BEd JEE Result 2022 date : 5 अगस्त को बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजे जारी होने की उम्मीद

Posted: 20 Jul 2022 05:04 PM PDT

UP BEd JEE Result 2022 date : 5 अगस्त को बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजे जारी होने की उम्मीद 


UP BEd JEE Result 2022 date : उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजों को कुछ ही दिन बाकी बचे हैं। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट अगस्त के पहले सप्ताह में आने की उम्मीद है। उम्मीद जताई जा रही है कि 5 अगस्त को बीएड प्रवेश परीक्षा के नतीजे जारी किए जा सकते हैं।


रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने रिजल्ट की तैयारियां शुरू कर दी हैं।  विश्वविद्यालय ओएमआर आंसर शीट का मूल्यांकन कार्य तकरीबन पूरा होने वाला है।  अब काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय तैयारी कर रहा है। आपको बता दें कि महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा बुधवार को प्रदेश के 75 जिलों के 1541 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था।


परीक्षा में रिकार्ड 92.26 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए थे।  रिजल्ट के आधार पर 19 विश्वविद्यालयों के कॉलेजों में अभ्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा।

CBSE result 2022: सीबीएसई 10वीं, 12वीं क्लास के नतीजे इन तरीकों से कर सकेंगे चेक

Posted: 20 Jul 2022 05:10 PM PDT

CBSE result 2022: सीबीएसई 10वीं, 12वीं क्लास के नतीजे इन तरीकों से कर सकेंगे चेक

CBSE 10th 12th Result 2022 , cbseresults.nic.in : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10वीं 12वीं रिजल्ट जल्द जारी किए जा सकते हैं। रिजल्ट के बारे में सूचना सीबीएसई की वेबसाइट पर ही मिलेगी। जैसे-जैसे आज समय जा रहा है, रिजल्ट जारी होने की संभावना भी कम हो रही है। इसलिए रिजल्ट आज जारी होने की उम्मीद कम लग रही है।


रिजल्ट चेक करने के लिए स्टूडेंट्स को पता होना चाहिए कि वे कहां-कहां से नतीजे चेक कर सकते हैं। सीबीएसई के नतीजे स्टूडेंट्स कई प्लेटफॉर्म से चेक कर सकते हैं। सबसे पहला है सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर नतीजे बड़ी आसानी से रोव नंबर डालकर चेक किए जा सकते हैं। इसके अलावा आप अपना स्कूल कोड और डेट ऑफ बर्थ का भी ध्यान रखें। स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट cbse.gov.in पर चेक कर सकेंगे।  स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट डिजिलॉकर से भी चेक कर सकेंगे। साथ ही वह अपने एकेडमिक सर्टिफिकेट डिजिलॉकर से डाउनलोड भी कर सकेंगे। 

CBSE 10th Result 2022: डिजीलॉकर से मार्कशीट ऐसे करें डाउनलोड

1. गूगल प्ले स्टोर से डिजीलॉकर ऐप डाउनलोड करें

2. ऐप डाउनलोड करने के बाद इसे खोलें और 'Access DigiLocker' पर क्लिक करें।

3. सीबीएसई में रजिस्टर्ड किया गया फोन नंबर डालें

4. मांगी गई जानकारी भरें और आपको CBSE मार्कशीट और सर्टिफिकेट मिल जाएंगे, आप इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।

CBSE Class 10th Board Exam Result : UMANG App पपर चेक कर सकेंगे सीबीएसई रिजल्ट

स्टूडेंट्स CBSE 10वीं क्लास का रिजल्ट आसानी से उमंग ऐप पर भी चेक कर सकेंगे। उमंग ऐप पर रिजल्ट चेक करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें। 

1. सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से उमंग ऐप स डाउनलोड करें। 
2. अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करें
3. होम पर दिए सेक्शन  'All Services' पर क्लिक करें
4. इसके बाद आपको 'CBSE' लिंक दिखाई देगा। 
5. यहां आप रोल नंबर डालकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

आज सीबीएसई 10वीं के आ सकते हैं नतीजे

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 के 10वीं का परिणाम तैयार कर लिया है। 21 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे इसके परिणाम जारी किए जा सकते हैं, जो उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होंगे। 24 मई को समाप्त हुई इस परीक्षा में 2116209 छात्र भाग लिए थे।

सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोरोना के कारण सत्र 20201-22 के लिए परीक्षाओं को दो बार कराने का निर्णय लिया था। बोर्ड ने पाठ्यक्रम को दो बराबर हिस्सों में विभाजित किया था। 50 प्रतिशत पाठ्यक्रम की परीक्षा टर्म-वन में नवंबर-दिसंबर 2021 में हुई थी। ये परीक्षा बहुविकल्पीय थी। टर्म टू की परीक्षा भी 50 प्रतिशत पाठ्यक्रम के आधार पर अप्रैल-जून 2022 में हुई थी । ये परीक्षा विवरणात्मक थी। बोर्ड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, परिणाम 50-50 प्रतिशत पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किया गया है। दोनों टर्म के बराबर अंक जोड़े गए हैं। किसी भी टर्म की अलग से मार्कशीट जारी नहीं की जाएगी। हालांकि, बोर्ड ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सीबीएसई के एक अधिकारी ने बताया कि 10वीं के छात्र जब अपना परिणाम पत्र डिजिलाकर से डाउनलोड करेंगे, तो उनके परिणाम में आंतरिक मूल्यांकन के अंकों के साथ प्रायोगिक परीक्षा, प्रोजेक्ट, टर्म-वन और टर्म-टू के अंकों की जानकारी दी जाएगी।

Post Bottom Ad

Pages