| आजमगढ़: बीएसए ने 3 विद्यालय के अध्यापकों से मांगा स्पष्टीकरण, एक का रोका वेतन Posted: 13 Jul 2022 08:35 AM PDT बच्चों के आधार सत्यापन की समीक्षा में तीन विद्यालयों में नही पंहुचे अध्यापक
आजमगढ़: बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को कार्यालय के सभा कक्ष में बच्चों के आधार सत्यापन की समीक्षा में तीन विद्यालयों से किसी अध्यापक के नहीं पहुंचे पर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे एक अध्यापक का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। परिषदीय विद्यालय के नामांकित बच्चों का सौ फीसद आधार सत्यापन होना है। इसके लिए रानी की सराय, सठियांव व तरवां ब्लाक के ब्लाक के 30 विद्यालय के अध्यापकों को बुलाया गया था। समीक्षा के दौरान पता चला कि ब्लाक रानी की सराय के उच्चतर प्राथमिक विद्यालय दाउद के सहायक अध्यापक अविनाश यादव 21 जून से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। बीएसए अतुल कुमार सिंह ने अनुपस्थित अवधि का वेतन रोकने का आदेश खंड शिक्षा अधिकारी को दिया। साथ ही सहायक अध्यापक प्रणव शुक्ला को आधार सत्यापन का प्रभारी बनाया है। प्राथमिक विद्यालय रसड़ा, कंपोजिट विद्यालय बैठौली व कंपोजिट विद्यालय असाउर से बैठक में किसी अध्यापक के नहीं आने पर 14 जुलाई तक स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने सभी विद्यालयों से दो दिनों के अंदर छात्रों का सौ फीसद सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। |
| आजमगढ़: विकास कार्यों की जांच करने पहुंची टीम विरोध पर लौटी Posted: 13 Jul 2022 08:18 AM PDT जांच के दौरान प्रधान व शिकायतकर्ता पक्ष आपस में विवाद करने लगे
आजमगढ़ : मेंहनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत खेवसीपुर में हुए विकास कार्यों की जांच करने पहुंची टीम बुधवार को विरोध के कारण बिना जांच के ही लौट गई। खंड विकास अधिकारी विकास शुक्ला द्वारा गठित टीम में अवर अभियंता लघु सिंचाई गौरव सिंह व एडीओ आइएसबी सुमिन्दल, सचिव रामअवध यादव शामिल थे। टीम सबसे पहले निर्माणाधीन अमृत सरोवर के पास पहुंची, जहां बुल्डोजर का निशान देख सन्न रही। जांच की जानकारी पर प्रधान व शिकायतकर्ता पक्ष के लोग एकत्र हो गए। दोनों तरफ से विवाद शुरू हो गया। शिकायतकर्ता प्रिंस यादव ने कहा कि जांच तकनीकी विशेषज्ञ से होनी चाहिए। इस पर टीम यह कहते हुए लौट गई कि उच्चाधिकारी ही जांच करेंगे। आरोप है कि टीम के आने की सूचना पर प्रधान पक्ष के लोग मजदूरों को लगाकर बुल्डोजर का निशान मिटवाना शुरू कर दिया था। गांव निवासी शिकायतकर्ता प्रिंस यादव ने अमृत सरोवर की बुल्डोजर से खोदाई समेत विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की थी। कहा था कि एक ही बाहा को तीन बार नाम बदलकर सफाई के नाम पर पूर्व में भुगतान कराया गया है। यही नहीं पल्हना ब्लाक के ग्राम पंचायत बाबू की खजुरी में पोखरी की बिना खोदाई कराए भुगतान कराया गया है। जांच अधिकारी सुमिन्दल ने बताया कि जांच के दौरान सचिव द्वारा सहयोग नहीं किया गया। इतनी भीड़ हो गई, जिससे जांच नहीं हो सकी। |
| जौनपुर:मुंबई से छपरा जा रही गोदान एक्सप्रेस ट्रेन में आग से मची अफरा-तफरी Posted: 13 Jul 2022 08:04 AM PDT जनरल बोगी से धुआं निकलते देख यात्री सहमे,कई ट्रेन से कूद पड़े
रेलवे की तकनीकी टीम ने पूरी बोगी की जांच कर ट्रेन को आगे रवाना कियाजौनपुर: मुंबई से छपरा जा रही गोदान एक्सप्रेस ट्रेन में जौनपुर जिले के पास आग लग गई। आग लगने के बाद जनरल बोगी से धुआं निकलते देख यात्री सहम गए और अफरा तफरी मच गई। इस दौरान कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से कूद पड़े। बताया जा रहा है कि इस अफरा तफरी में यात्री राधेश्याम और उनका 6 साल का बेटा घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक ये घटना बुधवार दोपहर 12 बजे बसरठी और भन्नौर रेलवे स्टेशन के बीच भगवानपुर गांव के पास हुई। जनरल बोगी से धुआं निकलता देख लोग दहशत में आ गए। शुरूआती जांच के बाद पता चला है कि वायरिंग जाम होने की वजह से ट्रेन में आग लगी। तकनीकी टीम ने करीब दो घंटे तक जांच के बाद ट्रेन को रवाना किया। काफी देर तक यात्री स्टेशन पर दहशत में रहे। ऊपर से गर्मी की वजह से लोगों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। ट्रेन चलने के बाद भी यात्री खौफ में दिखे। कई बार ट्रेन की गति कम होती देख यात्री दहशत में आ गए। जानकारी के मुताबिक किसी ने एसओ बरसठी को मोबाइल फोन पर गोदान एक्सप्रेस की बोगी में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद मडियाहूं स्टेशन पर ट्रेन को जांच के लिए रोक दिया गया और फिर रेलवे की तकनीकी टीम ने पूरी बोगी की जांच की। करीब दो घंटे तक पूरी तरह जांच होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। |
| आजमगढ़: रंग नही ला रही कामर्शियल वाहनों के टैक्स पर सरचार्ज छूट की योजना Posted: 13 Jul 2022 07:51 AM PDT 20 करोड़ के सापेक्ष अब तक जमा हुए मात्र 12.50 लाख
आजमगढ़: कामर्शियल वाहनों के बकाया टैक्स पर लगे सरचार्ज में छूट देने के लिए संभागीय परिवहन विभाग की योजना परवान नहीं चढ़ा पा रही है। जिले में आठ हजार वाहन स्वामियों पर 20 करोड़ रुपये का सरचार्ज बकाया है। अभी तक 42 वाहन स्वामियों ने छूट का लाभ लेने के लिए आवेदन दिया हैं। अभियान के इतने दिन बीत जाने के बाद भी बुधवार को मात्र 25 वाहन स्वामियों ने छूट का लाभ उठाया है। इनसे अभी तक 12.50 लाख रुपये का सरचार्ज वसूला गया है। टैक्स बकाए पर वाहन स्वामियों को छूट का लाभ लेने के लिए सूचना भी दी जा रही है। इसके बाद भी प्रगति अच्छी नहीं मिल पा रही है। योजना के तहत टैक्स पर लगे सरचार्ज को पूरी तरह से माफ किया जाएगा। छूट में एक लाख से कम बकाया वालों को एकमुश्त जमा करना होगा और इससे ऊपर वाहनों के लिए किस्त की व्यवस्था है। इसमें उनका सरचार्ज पूरा माफ करते हुए पहली किस्त में 50 हजार रुपये और उसके बाद की धनराशि दो किस्त में जमा करनी होगी। सभी बकाया टैक्स वाले वाहन स्वामियों को इस योजना का लाभ मिलना है। इसका लाभ एक अप्रैल 2020 तक के पंजीकृत वाहनों को ही मिलेगा। एआरटीओ प्रशासन सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि कामर्शियल वाहन के टैक्स पर सरचार्ज की सूची में शामिल वाहन स्वामियों को नोटिस भेजी गई है। अभी तक अच्छी प्रगति नहीं हुई है। प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। |
| आजमगढ़: रोडवेज बस की ट्रक से हुई टक्कर, एक की मौत, 15 घायल Posted: 13 Jul 2022 07:42 AM PDT बरदह के जिवली बाजार के पास बस व ट्रक में आमने-सामने हुई टक्कर
आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार के पास बुधवार को रोडवेज बस व ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक समेत दर्जन भर से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान बस चालक की मौत हो गई। वहीं अभी तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के समय रोडवेज बस गोरखपुर से प्रयागराज जा रही थी। प्रयागराज जिले के सिविल लाइंस डिपो की बस बुधवार की भोर में गोरखपुर से चल कर आजमगढ़ होते हुए प्रयागराज जा रही थी। सुबह लगभग छह बजे बस बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार के पास ही पहुंची थी कि जौनपुर की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक से आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक, बस के परिचालक के अलावा रोडवेज बस में तैनात 13 यात्री भी घायल हो गए। वाहनों के टक्कर के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकालने की कवायद में जुट गए। इस बीच बरदह थाना और जौनपुर जिले की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को जौनपुर अस्पताल रवाना किया गया। गंभीर रूप से से घायल बस चालक धर्मेंद्र दुबे (40) निवासी डुगावले थाना सरायनई जिला प्रयागराज की इलाज के दौरान दिन में एक बजे के लगभग मौत हो गई। वहीं घटना में घायल बस परिचालक रंजीत (37) पुत्र छेदी लाल निवासी टेनुआ थाना शंकरगढ़, ट्रक चालक व तीन अन्य यात्रियों की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। अन्य यात्रियों को मरहम-पट्टी के बाद छोड़ दिया गया है और वे जौनपुर अस्पताल से अपने गंतव्य को रवाना हो गए। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। |
| आजमगढ़: बिना फिटनेस स्कूल व निजी बसों का नहीं होगा संचालन Posted: 13 Jul 2022 07:27 AM PDT डीएम ने संभागीय परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिया
आजमगढ़ : बिना फिटनेस अब स्कूल व निजी बसें नहीं चलेंगी। डीएम विशाल भारद्वाज ने संभागीय परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिया है। किसी कारण फिटनेस न करा पाने वाले स्कूल प्रबंधक संचालित न करने का प्रमाण पत्र संभागीय परिवहन विभाग को देंगे। एआरटीओ व पुलिस की जांच में बिना फिटनेस स्कूल बस मिलने पर निरुद्ध करने के साथ ही प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सवारी व स्कूल बच्चों को ले जाने वाली बसों में सीट से अधिक सवारी कतई न हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध रूप से लाल व नीली बत्ती वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी आदेश का पालन कराने के लिए बुधवार को सड़क पर उतर गए। स्कूल प्रबंधकों से फिटनेस के बिना बसों का संचालन न कराने का प्रमाण पत्र भी लेने लगे हैं। अभी भी लगभग 300 से अधिक बसें बिना फिटनेस की चल रहीं है। एआरटीओ प्रशासन सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि स्कूलों वैन का संचालन नियमानुसार करने की अनुमति मिल गई है। प्रबंधकों के साथ जल्द ही बैठक कर नियमों को पालन कराना सुनिश्चित कराया जाएगा। |
| आजमगढ़: सरकारी भूमि पर बने 35 मकानों पर बेदखली का नोटिस चस्पा Posted: 13 Jul 2022 07:21 AM PDT सगड़ी तहसील के चांदपट्टी मेहरा गांव में प्रशासन ने नोटिस चस्पा किया
आजमगढ़: सगड़ी तहसील के चांदपट्टी मेहरा गांव में सरकारी जमीन पर बने 35 मकानों पर बेदखली के लिए तहसील प्रशासन ने बुधवार को नोटिस चस्पा किया। सगड़ी तहसील के चांदपट्टी मेहरा गांव में सरकारी जमीन पर कई दशक पहले से 50 परिवार मकान बनाकर रहते हैं। 2018 में गांव के ही मोहम्मद अली ने सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे की शिकायत की। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मोहम्मद अली हाईकोर्ट चले गए। हाईकोर्ट के निर्देश पर 2018 में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए लोगों के खिलाफ तहसीलदार न्यायालय में 15 सी का मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे में 35 लोगों के खिलाफ बेदखली का निर्णय हुआ। उसके बाद 35 लोगों के घरों पर लेखपाल रितेश और अन्य तहसील के कर्मचारियों ने नोटिस चस्पा किया। नोटिस का विरोध करते हुए जौवाद खान, अबू सहमा, अब्दुलरब, संतू आदि ने कहा कि जमाने से हम लोग इस जमीन पर घर मकान बनाकर रहते चले आ रहे हैं। अगर यह मकान गिरा दिया गया तो हम लोग कहां जाएंगे। तहसीलदार अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस चस्पा कर दिया गया है। तीन दिनों के अंदर सबको अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। समय सीमा के अंदर सरकारी जमीन नहीं खाली की गई तो हम लोग खुद जमीन खाली करा देंगे। |
| आजमगढ़: प्रतीक्षालय निर्माण के लिए काटा पेड़, एफआईआर व 10 हजार जुर्माना Posted: 13 Jul 2022 06:53 AM PDT शहर के राजघाट पर प्रतीक्षालय निर्माण कराने के दौरान 10 साल पुराना पेड़ काटा गया था
आजमगढ़: शहर के राजघाट (शमशान घाट) पर प्रतीक्षालय निर्माण कराने के लिए बरगद का पेड़ काटने को वन विभाग ने गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कराने के साथ 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। बरगद का पेड़ काटने पर भारत रक्षा दल ने कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस संग मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। नगर पालिका परिषद की तरफ से राजघाट पर प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए वहां लगभग 10 वर्ष पुराना बरगद का पेड़ काट दिया गया। इसकी शिकायत भारत रक्षा दल के जिलाध्यक्ष उमेश सिंह गुड्डू समेत अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री पोर्टल समेत जिला प्रशासन से की थी। वन विभाग ने मंगलवार को कटे पेड़ को जब्त करते हुए कटवाने वाले ठेकेदार पर मुकदमा कायम कर लिया। डीएफओ जीडी मिश्रा ने बताया कि नगर पालिका परिषद के ईओ से वार्ता की गई है। पेड़ काटने के मामले में ठीकेदार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। |
| आजमगढ़: सम्मान निधि पाने वाले किसानों का होगा सत्यापन Posted: 13 Jul 2022 06:38 AM PDT नए पात्र लोगों को जोड़ने के साथ ही अपात्र किसानों की रुकेगी किस्त, होगी वसूली
आजमगढ़: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभार्थी पात्र किसानों की पहचान, उसका सत्यापन और लाभार्थी किसानों की सूची का सुधार किया जाएगा। सरकार ने नए पात्र किसानों की पहचान कर उनका पीएम किसान पोर्टल पर पंजीकरण कराने, अपात्र किसानों को चिह्नित कर उन्हें डिलीट करने एवं ई-केवाईसी पूर्ण कराने और भूमि का विवरण सत्यापित करने के निर्देश दिए हैं। 31 जुलाई तक प्रत्येक लाभार्थी किसानों की भूमि का सत्यापन आवश्यक रूप से पीएम किसान पोर्टल पर करना है। डीएम विशाल भारद्वाज ने बताया कि किसानों को 2000 रुपये की तीन समान किस्तों में 6000 रुपये प्रति वर्ष प्रदान किया जा रहा है। डीडी कृषि को निर्देशित किया है कि राजस्व ग्रामवार समस्त लाभार्थियों का विवरण पोर्टल से डाउनलोड कर संबंधित तहसील को हार्ड कापी उपलब्ध कराएं। राजस्व कर्मी, लेखपाल अपने-अपने संबंधित राजस्व ग्राम में उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार लाभार्थी का विवरण राजस्व अभिलेख से मिलान कर एक्सेल शीट पर दर्ज करेंगे। इस कार्य का पर्यवेक्षण तहसील स्तर पर एसडीएम करेंगे। राजस्वकर्मी सूचना को एक्सेल शीट पर निर्धारित प्रारूप पर भरने के बाद हार्ड कापी पर 'मिलान किया गया एवं सही पाया गया' लिखते हुए संबंधित लेखपाल एवं कृषि विभाग के तकनीकी सहायक के संयुक्त हस्ताक्षर होंगे। उसके बाद सूचना तहसील लागिन से पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। सत्यापन कार्रवाई के दौरान मृतक अथवा भूमिहीन व अन्य कारणों से अपात्र पाए गए लाभार्थी को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लाभार्थियों की भविष्य की किस्त रोकते हुए पूर्व किस्तों की वसूली भी की जाएगी। कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है कि भूलेख का विवरण पीएम किसान पोर्टल पर दर्ज करने की कार्रवाई सावधानी के साथ त्रुटिरहित एवं समयावधि के अंतर्गत कराया जाए। कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समस्त कार्रवाई 30 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए। |
| आजमगढ़: करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत Posted: 13 Jul 2022 06:23 AM PDT करंट प्रभावित विद्युत खंभे के तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा
आजमगढ़: बछवल गांव में बुधवार की सुबह शौच के लिए जा रहे मजदूर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बछवल गांव के सूरज कुमार मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाते थे। सुबह लगभग सात बजे शौच के लिए घर से कुछ दूर स्थित सिवान में जा रहे थे कि रास्ते में करंट प्रभावित विद्युत पोल लगा जिसके आसपास पानी लगा था। उसी पानी से बचने के लिए खंभे से लगे तार को पकड़ लिया जिससे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इनकी दो पुत्रियां हैं। |
| आजमगढ़: डी-94 के नाम से जाना जाएगा बड़कई गैंग, पुलिस ने किया सूचीबद्ध Posted: 13 Jul 2022 06:15 AM PDT लूट, डकैती करने वाले बड़कई उर्फ अभय गैंग में 06 सदस्य चिन्हित किए गए
आजमगढ़ : पुलिस अधीक्षक ने बड़कई उर्फ अभय गैंग को सूचीबद्ध किया है। यह गैंग जनपद में आर्थिक, भौतिक व दुनियाबी लाभ के लिए लूट, डकैती जैसे अपराध कर रहा है। इनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गैंग को जनपद स्तर पर सूचीबद्ध करते हुए इसका कोड डी-94 दिया गया है। मऊ के मोहम्मदाबाद थाना के सुल्तानपुर कोलौरा निवासी बड़कई उर्फ अभय के गैंग में छह सदस्य शामिल है। गैंग के सदस्यों में चंदन यादव निवासी सुल्तानपुर कोलौरा, अवधराज राजभर निवासी सिगाड़ी, अजय यादव निवासी कयानपुर थाना मोहम्मदाबाद, मऊ, रोहित यादव उर्फ बीएसएफ भाई निवासी भीखमपुर थाना जहानागंज, मनोज यादव उर्फ मोनू निवासी श्रीनगर सियरहा थाना बिलरियागंज, आजमगढ़ व हरेंद्र यादव निवासी मानपुर चिरकुटहा थाना सरायलखंसी, मऊ शामिल है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में गैंग कई लूट व डकैती की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गैंग के सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। संबंधित थानों को इस गैंग पर अंकुश लगाने के लिए विधिक कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। |
| आजमगढ़: सेंसर वाले टेस्टिंग ट्रैक पर होगा ट्रायल, तब मिलेगा ड्राइविंग लाइसेंस Posted: 12 Jul 2022 08:59 AM PDT 7.369 करोड़ की लागत से परिवहन विभाग का मेगा प्रोजेक्ट दिसंबर में होगा पूर्ण
मुख्य भवन, चहारदीवारी, गार्ड रूम के साथ ट्रैक का कार्य भी प्रगति परआजमगढ़: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए वाहन चालकों को गंभीरन में बन रहे ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक से गुजरना होगा। टेस्ट के लिए बनने वाले ट्रैक का नाम आटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक रखा गया है। इस पर परीक्षा के लिए आरआइ को खड़ा नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि इस पर लगे सेंसर के माध्यम से वह एक स्थान पर बैठकर आपके वाहन संचालन पर नजर रख सकेंगे। उसी के आधार पर परिणाम घोषित हो जाएगाइसके बनने के बाद कुशल चालक ही ड्राइविंग लाइसेंस पा सकेंगे। गंभीर वन में निर्माणाधीन ट्रैक दिसंबर माह तक तैयार हो जाएगा। इस पर टेस्ट देते ही लाल व हरी बत्ती चालक को बता देगी आप पास हैं या फेल। 7.36 करोड़ की लागत से ट्रैक का निर्माण कार्य चल रहा है। लगभग 68 फीसद काम पूरा भी कर लिया गया है। परिवहन विभाग की तरफ से गंभीर वन में ट्रैक का निर्माण यूपी स्टेट कांस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट कारपोरेशन करा रहा है। ट्रैक के पास कंट्रोल रूम होगा, जो परीक्षा दे रहे वाहन चालक पर नजर रखेगा। इतना ही नहीं यह पूरी तरह से आनलाइन भी होगा। यानी एक क्लिक पर वाहन चालक की सारी गलतियां भी पता चल जाएंगी। ट्रायल ट्रैक पर टेस्ट के दौरान एक भी गलती की तो नहीं बन सकेगा ड्राइविंग लाइसेंस। गाड़ी को गलत तरीके से चलाने पर लाल व हरी बत्ती फेल व पास का इशारा कर देगी। इससे दलालों का नेटवर्क खत्म हो जाएगा। ट्रैक पर यदि चालक सही तरीके से वाहन चलाता है और यातायात नियमों की जानकारी रखने में पास हो जाता है, तो ही उसे लाइसेंस जारी किया जाएगा। ट्रैक पर एचडी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जांच के लिए ट्रैक पर स्पीड ब्रेकर, स्लोप, जेबरा लाइन, ट्रैफिक लाइट भी होंगी। इनकी निगरानी के लिए यहां सेंसर लगाए जाएंगे। इसमें पास या फेल हो जाता है तो इसके लिए उसे वीडियो रिकाॅर्डिंग दिखाने के साथ उसकी सीडी भी सौंपी जाएगी। इससे उसे यह पता चलेगा कि उसने कहां पर कौन सी गलती की थी। एआरटीओ। सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया की 'ड्राइविंग ट्रैक का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। काफी हद तक कार्य हो गया है। दिसंबर में पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। नियमों की जागरूकता और ड्राइविंग स्किल सुधरने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।' |
| आजमगढ़: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत Posted: 12 Jul 2022 08:41 AM PDT मेहमैनी(कप्तानगंज) गांव निवासी गोलू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे
आजमगढ़: मेहमैनी(कप्तानगंज) गांव निवासी गोलू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। मेहमैनी बाजार में आरो प्लांट से परिवार की जीविका चलाते थे। चार दिन पूर्व तहबरपुर के मधसिया गांव निवासी अपने ममेरे भाई रमेश से मिलने गए थे और वहीं से उनकी बाइक लेकर घर चले आए। मंगलवार की सुबह आरो प्लांट का सामान लेने के लिए शहर के रोडवेज के पास गए थे। दोपहर को बाइक से सामान लेकर घर लौट रहे थे कि जैसे पेट्रोल पंप के पहले ही पीछे से आ रही अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के मिले कागजात के आधार पर पहचान हो सकी। |
| आजमगढ़: नायब तहसीदार के निरीक्षण में मानक के विपरीत मिला मध्याह्न भोजन Posted: 12 Jul 2022 08:33 AM PDT  | | सैंपल चित्र |
निजामाबाद तहसील के ग्रामसभा फरिहां के कंपोजिट विद्यालय का मामला
आजमगढ़: निजामाबाद तहसील के ग्रामसभा फरिहां के कंपोजिट विद्यालय में मानक के अनुसार मध्याह्न भोजन न बनने, शौचालय में ताला बंद रहने की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम रवि कुमार से की, तो वे गंभीर हो गए। नायब तहसीलदार आदर्श सिंह को मौके पर जांच को भेजा तो शिकायत सही पाई गई।विद्यालय में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की संख्या 267 है, जबकि मंगलवार को मात्र 95 बच्चे मंगलवार को उपस्थित मिले। उनके लिए 500 ग्राम अरहर की दाल और नौ किलोग्राम चावल बनने की बात सामने आई। नायब तहसीलदार आदर्श सिंह ने कहा कि इस तरह की गलती नहीं होनी चाहिए। प्रधानाचार्य से कहा कि इसमें सुधार करिए. अन्यथा दूसरी बार गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार ने विद्यालय के शौचालय, रसोई, हैंडपंप आदि का भी निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं ने बताया कि शौचालय का ताला बंद पड़ा हुआ है। केवल अध्यापकों द्वारा ही शौचालय का उपयोग किया जाता है, जबकि जरूरत पड़ने पर छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर जाते हैं। इस पर नायब तहसीलदार ने प्रधानाचार्य से शौचालय में बंद ताले को तत्काल खोलने का निर्देश दिया। वहीं रसोइया ने भी प्रधानाचार्य पर मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। |
| आजमगढ़: वैश्य समाज को नन्दी ने एकसूत्र में पिरोया - दीनू जायसवाल Posted: 12 Jul 2022 08:09 AM PDT
नन्द गोपाल गुप्ता नंदी के पुनर्प्राप्त जन्म दिवस पर श्रृंगार, व विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
आजमगढ़: वैश्य समाज एवं व्यापारी वर्ग के नेता व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी के पुनर्प्राप्त जन्म दिवस पर पुरानी कोतवाली स्थित शिव मंदिर परिसर में समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू के संयोजकतत्व में मंगलवार को विहंगम श्रृंगार एवं शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारा चार बजे शुरू हुआ तो देररात्रि तक लोगों का हुजूम उमड़ता रहा। इसके पूर्व सूर्य कुमार सिंह उद्यान स्थित शिव मंदिर का भव्य श्रृंगार कराकर वैश्य समाज के अभिभावक नन्द गोपाल गुप्ता नंदी के सुदीर्घ, निरापद और निरोगी जीवन की कामना के लिए दीनू जायसवाल के नेतृत्व में ईश्वर से प्रार्थना किया गया। इस मौके पर प्रमुख समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू ने कहाकि कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी वैश्य, स्वर्णकार समाज के अभिभावक के साथ-साथ शोषित, वंचितों के मसीहा हैं। आयोजन के माध्यम से हम कामना करते है कि हमारे अभिभावक का जीवन सदा महकता रहे, व बने रहे । उन्होंने वैश्यों को एकसूत्र में पिरोने का काम किया है और हमें राजनीति में भागीदारी करने का साहस प्रदान किया। ऐसे अभिभावक के ऊपर 12 वर्ष पूर्व जब 12 जुलाई को रिमोट कंट्रोल आरडीएक्स बम से हमला हुआ था। जिसमे उनके सुरक्षाकर्मी व एक पत्रकार की मौत हो गई थे, जबकि नंदी गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। कई महीने इलाज के बाद वे स्वस्थ हुए, तभी से यह दिन उनके जीवन में अहम बन गया। प्रमुख समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू ने आगे कहाकि वैश्य समाज को वैश्य नेता ही आगे बढ़ा सकता है क्योंकि वह वैश्यों की समस्याओं से भलीभांति परिचित होता है, उन्होंने कहाकि यह वैश्यों के संकल्प का दिवस है, इस दिन वैश्य समाज को संगठित होकर समाज को नई दिशा देने का काम करना चाहिए। श्री दीनू ने कहाकि इस बार विशाल भंडारा आयोजित किया गया है अगली बार भंडारे के साथ साथ बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित कराया जाएगा, यह रक्तकोष समाज के लोगों को समर्पित होगा। आशीष गोयल ने कहाकि नन्दी का जीवन आत्मसात करना चाहिए, उन्होंने वैश्य समाज के दुख-सुख को अपना समझा है। ऐसे विशेष व्यक्तित्व वाले नन्दी जी की समाज को आवश्यकता है। समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू समाज के सजग प्रहरी है उन्होंने वैश्यों को एकसूत्र में बांधने का काम किया है, इस आयोजन के लिए वे बधाई के पात्र है। इस मौके पर अशोक अग्रवाल, संदीप सिंह स्वर्णकार, श्रीनाथ सेठ, शर्मानुज सेठ, राजू सेठ, सुशील सेठ, विकास सेठ, अरविन्द, विकास जायसवाल, अमित सेठ, प्रकाश मोदनवाल आदि मौजूद रहे। |
| आजमगढ़: पारिश्रमिक की मांग को लेकर मनरेगा मजदूरों ने किया प्रदर्शन Posted: 12 Jul 2022 07:59 AM PDT बीडीओ ने कार्यों की जांच कराने के बाद भुगतान का आश्वासन दिया
आजमगढ़: मेंहनगर: काम के बाद पारिश्रमिक का भुगतान न होने से नाराज मनरेगा मजदूरों ने मंगलवार को बलाक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मजदूरी दिलाने की मांग की। मजदूरों की बात सुनने के बाद बीडीओ विकास शुक्ला ने कार्यों की जांच कराने के बाद भुगतान का आश्वासन दिया। दरअसल ग्राम पंचायत खेवसीपुर में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर गांव के प्रिंस यादव ने अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। शिकायत में अमृत सरोवर की खोदाई मनरेगा मजदूरों की बजाय जेसीबी से कराने, एक ही बाहा को तीन बार नाम बदलकर खोदाई दिखाकर पूर्व में भुगतान कराने, पोखरी की खोदाई कराए बगैर भुगतान कराने आदि का आरोप लगाया गया था। बीडीओ ने अमृत सरोवर सहित कई कार्यों के भुगतान पर रोक लगाते हुए जांच के आदेश दिया। बीडीओ ने बताया कि अमृत सरोवर के भुगतान पर रोक लगाई गई है। |
| आजमगढ़ : ट्रक के धक्के से गिरे स्कूटी सवार को रोडवेज बस ने कुचला, मौत Posted: 12 Jul 2022 07:48 AM PDT शहर कोतवाली अंतर्गत बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास बंधे पर हुआ हादसा
आजमगढ़ : शहर कोतवाली अंतर्गत बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास बंधे पर मंगलवार को दिन में लगभग दो बजे ट्रक के धक्के से स्कूटी सवार रोडवेज बस के नीचे आ गया। जिससे कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक दीवानी कचहरी में तारीख देख कर वापस घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी अमन उर्फ गोलू (25) पुत्र विजय चंद्र चौहान मंगलवार की सुबह अपने ममेरे भाई की स्कूटी से जिला मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय मुकदमें की तारीख देखने आया था। दिन में लगभग दो बजे वह स्कूटी से वापस घर लौट रहा था। अभी वह शहर कोतवाली अंतर्गत बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास बंधा पर पेट्रोलपंप के पास ही पहुंचा था कि पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। जिससे वह स्कूटी लेकर सड़क पर गिर पड़ा और सामने से आ रही रोडवेज की बस उसे रौंदते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मर्चरी हाऊस पहुंच गए। मृतक मां-बाप का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बहन बतायी गई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। |
| आजमगढ़: मुसहर बस्ती में आग से तीन मड़इयां राख Posted: 12 Jul 2022 07:28 AM PDT फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर की मुसहर बस्ती में लगी आग
आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर की मुसहर बस्ती में मंगलवार की सुबह आग लगने से तीन मड़इयां जलकर राख हो गईं। लोगों ने किसी तरह से आग को काबू में तो किया, लेकिन तब तक सबकुछ नष्ट हो चुका था। अगलगी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था, लेकिन अनुमान लगाया गया है कि भोजन बनाने के बाद चूल्हे की चिंगारी के कारण आग लगी होगी। बस्ती में मुसहरों का चार परिवार रहता है। इसमें तीन ने आसपास, जबकि एक ने कुछ दूरी पर मड़ई बनाया है। पीड़ित संजय ने बताया कि हादसे के पहले परिवार के सभी सदस्य धान की रोपाई करने के लिए गए थे। घर पर छोटे-छोटे बच्चे ही थे। कुछ ही देर बाद हम लोग रोपाई छोड़कर पहुंचे, लेकिन आग की लपटों के आगे बेबस हो गए। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान सूबेदार यादव ने हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया, साथ ही अपने स्तर से 50 किलो चावल, 50 किलो गेहूं आदि रोजमर्रा का सामान उपलब्ध कराया। हादसे की खबर फूलपुर तहसील को भेजी, लेकिन तहसील से कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा था। |
| आजमगढ़: लूट व छिनैती करने वाले पांच बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम Posted: 12 Jul 2022 06:37 AM PDT बदमाशों पर जहानागंज थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं,हो चुकी है गैंगस्टर की कार्रवाई
आजमगढ़: पुलिस अधीक्षक ने जहानागंज क्षेत्र में हुई लूट, डकैती व छिनैती की घटना में फरार चल रहे पांच बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। बदमाशों पर जहानागंज थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में मऊ जिले के भी तीन बदमाश शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने फरार चल रहे गिरोह के इन सदस्यों पर आठ जुलाई को गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई का निर्देश दिया था जिसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। उसके बाद भी गिरफ्तार नहीं हुए। एसपी ने बताया कि बदमाश स्वयं, अपने गिरोह के सदस्यों के लिए आर्थिक, भौतिक लाभ हेतु लूट, डकैती व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। जहानांगज थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश अवधराज राजभर निवासी सिगाड़ी, थाना मोहम्मदाबाद, अजय यादव निवासी कयानपुर, थाना मोहम्मदाबाद, मऊ, रोहित यादव उर्फ बीएसएफ भाई निवासी भीखमपुर, थाना जहानागंज, मनोज यादव उर्फ मोनू निवासी श्रीनगर सियरहा, थाना बिलरियागंज व हरेंद्र यादव निवासी मानपुर चिरकुटहा, थाना सरायलखन्सी, मऊ की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। |
| आजमगढ़: पासिंग आउट परेड में 192 रिक्रूट बने पीएसी में आरक्षी Posted: 12 Jul 2022 04:28 AM PDT
डीआइजी अखिलेश कुमार ने परेड का निरीक्षण कर कर्त्तव्य व निष्ठा की शपथ दिलाई
आजमगढ़: पुलिस लाइन में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 192 रिक्रूट आरक्षियों का छह माह का प्रशिक्षण पूरा होने पर मंगलवार को दीक्षांत परेड कराई गई। मुख्य अतिथि डीआइजी अखिलेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को कर्त्तव्य व निष्ठा की शपथ दिलाई। यह जवान उत्तर प्रदेश पीएसी का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने इंडोर व आउटडोर परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। 192 पुरुष रिक्रूट आरक्षियों का आधारभूत प्रशिक्षण 13 जनवरी से चल रहा था। आधारभूत प्रशिक्षण में जेटीसी वाहिनी गोरखपुर से आए रिक्रूट आरक्षियों के छह माह का आधारभूत प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में प्रारम्भ हुआ था।प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं को अंत:कक्षीय तथा वाह्य-कक्षीय विषयों का गहन अनुशासित प्रशिक्षण दिया गया। दीक्षांत परेड समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक अखिलेश कुमार ने आठ टोलियों का निरीक्षण किया, परेड में सम्मिलित रिक्रूट आरक्षियों को उनके कर्तव्य व दायित्वों का बोध कराते हुए सेवा की शपथ दिलाई गई। 30 रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति-प्रत्र व पुरस्कार प्रदान किया गया। |
| आजमगढ़: नशे में आरक्षी की पत्नी से की बदसलूकी, 03 सिपाही निलंबित Posted: 11 Jul 2022 08:32 AM PDT पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रात में टहलते समय हुई घटना
एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, दो सिपाही हिरासत मेंआजमगढ़: पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सोमवार को आरक्षी की पत्नी के साथ बदसलूकी के मामले में तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इसमें सिपाही विजेंद्र सिंह को बदसलूकी, जबकि सिपाही दिवाकर सिंह पर विजेंद्र सिंह का साथ देते हुए महिला के पति के साथ हाथापाई और मनीष मिश्रा को सबकुछ देखने के बाद भी खामोश रहने का आरोपित पाया गया है। महिला के आरक्षी पति के मित्र अनुराग सिंह मौर्य की तहरीर पर सिपाही विजेंद्र सिंह व दिवाकर सिंह के खिलाफ कोतवाली में अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। आरोपितों के मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन के लक्षण भीं मिले है। रविवार को देर रात डायल 112 में तैनात सिपाही की पत्नी पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में टहल रही थीं। आरोप है कि उसी समय सिपाही विजेंद्र सिंह नशे की हालत में महिला से बदसलूकी करने लगा। महिला ने तत्काल पड़ोसी व आरक्षी पति के मित्र आरक्षी अनुराग सिंह मौर्य को फोन कर बुलाया। वो जब मौके पर पंहुच विरोध किए ताे आरोपित मारपीट पर उतारू हो गए। बात पुलिस अधीक्षक तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। सिपाही अनुराग सिंह मौर्य की तहरीर पर सिपाही विजेन्द्र सिंह व दिवाकर सिंह के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि आराेपित सिपाहियों के मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि हुई है। एक को घटना में संलिप्त नहीं पाया गया है। शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर बाकी दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। |
| आजमगढ़: बरामदे में बैठी महिला को बदमाशों ने मारी गोली Posted: 11 Jul 2022 07:36 AM PDT देवगांव थाना क्षेत्र के सोठौली गोसाईंगंज की घटना
पुरानी रंजिश में पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएंआजमगढ़ : सोठौली गोसाईंगंज में सोमवार को चैनल गेट के अंदर बरामदे में बैठी महिला को पैदल पहुंचे बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली महिला के बाएं कान को भेदती हुई निकल गई। महिला का छोटा बेटा नितेश बड़ी मां के घर से ठंडा पानी लेकर भोजन करने के लिए घर में पहुंचा तो खून से लथपथ मां धारा देवी को देखकर चीखने चिल्लाने लगा। महिला को सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। महिला के पति अशोक गिरी की हत्या आठ अक्टूबर 2014 को हो चुकी है। विरोधी रहे दिलीप गिरी की हत्या नौ दिसंबर 2020 को हुई थी, जिसमें घायल महिला के स्वजन को नामजद किया गया था। इसमें पुलिस ने उनके घर पर बुलडोजर भी चलाया था। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चार लोग घटना में शामिल हैं। |
| आजमगढ़: पशु तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने का किया प्रयास Posted: 11 Jul 2022 07:21 AM PDT पीछा करने पर पथराव किया, कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई
पिकअप पर दो पशुओं संग चालक गिरफ्तार ,अन्य फरार हुए
आजमगढ़: देवगांव क्षेत्र के शेखपुर बछौली बैरियर पर रविवार की देर रात पुलिस कर्मियों द्वारा पशु लदा पिकअप रोकने पर तस्कर हमलावर हो गए। वाहन से पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। पीछा करने पर पथराव किया, जिससे कई पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें भी आईं। पुलिस ने पिकअप पर लदे दो पशुओं संग पिकअप चालक को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक उमेशचंद्र यादव ग्राम शेखपुर बछौली बैरियर पर रात्रि में चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मेहनाजपुर की ओर से आने वाले एक पिकअप को रुकने का इशारा किया। चालक गाड़ी को तेज करते हुए जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। जवान किसी तरह से इधर-उधर हटकर बच गए। चालक निहोरगंज की तरफ गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर पिकअप के ढाला पर खड़े तीन तस्कर ईंट-पत्थर चलाने लगे, जिससे कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई। कुछ दूरी पर तस्कर गाड़ी खड़ी कर भागने लगे। सिपाहियों ने चालक ओंकार चौहान निवासी जाफरपुर, थाना मेंहनगर को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप पर लदे दो पशुओं को बरामद कर लिया। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुट गई है।
|
| आजमगढ़: पट्टे के विवाद में मारपीट कर व्यक्ति को पोखरी में फेंका, मौत Posted: 11 Jul 2022 05:57 AM PDT गंभीरपुर थाना क्षेत्र की घटना,पत्नी की तहरीर पर 03 नामजद व 03 अज्ञात पर एफआईआर
आजमगढ़: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के असाउरटीकर गांव में रविवार की आधी रात में पोखरी के पट्टे के विवाद में लाठी-डंडे से हमला कर घायल करने के बाद एक व्यक्ति को पोखरी में फेंक दिया गया। आसपास के लोगों ने उसे निकालकर लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मर्चरी हाउस पहुंची पत्नी ने विपक्षी पर जान से मारने का आरोप लगाया। असाउरटीकर (गंभीरपुर) निवासी रामअवतार मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाते थे। मृतक की पत्नी अनरमा देवी ने बताया कि ग्राम सभा की पोखरी का पहले हमारे देवर विनोद ने मत्स्य पालन के लिए पट्टा करवाया था। वर्ष 2018 में पट्टा की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन उस समय वर्षा के कारण मछलियों को निकाला नहीं जा सका था। इस बीच पता चला कि दूसरा कोई व्यक्ति पट्टा लेने का प्रयास कर रहा है, तो एसडीएम लालगंज को प्रार्थना पत्र दिया गया। एसडीएम ने ग्राम प्रधान अवधेश सरोज को निर्देशित किया कि जब तक पट्टा नहीं हो जाता तब तक उसकी देखरेख की जिम्मेदारी प्रधान खुद संभालेंगे। उसके बाद प्रधान ने हम दोनों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रतिदिन की तरह रविवार की रात पति-पत्नी पोखरी की निगरानी के लिए गए थे और वहीं सोए थे। उसी दौरान रात 12 बजे विपक्षी अपने कुछ साथियों के साथ आया और अपशब्द कहने लगा, जिसका विरोध किया तो सभी मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और घायल पति को पोखरी में फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर घर के लोग आए और पति को पोखरे से बाहर निकालकर लालगंज सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गंभीरपुर थानाध्यक्ष रामप्रसाद बिंद ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। |
| आजमगढ़: मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी का पुनर्प्राप्त जन्म दिवस मनाएगा व्यापारी समाज Posted: 11 Jul 2022 04:48 AM PDT सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार समाज द्वारा 12 जुलाई को भव्य भंडारे का है आयोजन
नंदी जी वैश्य समाज व व्यापारी वर्ग को एक साथ ले कर चलते हैं - अभिषेक जायसवाल दीनूआजमगढ़: समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू ने सोमवार को पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला में पत्र प्रतिनिधियों से कहाकि वैश्य समाज एवं व्यापारी वर्ग के शिरोमणि व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी के ऊपर 12 जुलाई 2010 में प्राण घातक हमला हुआ था। जिसमें ईश्वर की कृपा से उन्हे पुनः जीवन जीने और समाज सेवा करने का अवसर मिला। इसी दिन के अवसर पर सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार समाज द्वारा उनका पुनर्प्राप्त जन्म दिवस पुरानी कोतवाली स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में 12 जुलाई को मनाया जायेगा। सुबह श्रृंगार एवं शाम को भव्य भंडारे का आयोजन होगा। श्री जायसवाल ने कहाकि कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने प्रदेश में वैश्य समाज, व्यापारी वर्ग के हित में कार्य किए और करते आ रहे है। 12 जुलाई की घटना काफी दुखद थी, लेकिन ईश्वर ने उन्हे बचा लिया। वैश्य समाज व व्यापारी वर्ग को जोड़ने व उनको एक साथ लेकर चलने का नंदी जी ने काम किया। श्री जायसवाल ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहाकि 12 जुलाई को सूर्य कुमार सिंह उद्यान में स्थापित शिव मंदिर में होने वाले श्रृंगार कार्यक्रम व भण्डारे में बढ़ चढ़कर भाग लें। इस मौके पर अशोक अग्रवाल, सुनील विश्वकर्मा, संदीप सिंह स्वर्णकार, श्रीनाथ सेठ, शर्मानुज सेठ, राजू सेठ, सुशील सेठ, विकास सेठ, अरविन्द, विकास जायसवाल, अमित सेठ, प्रकाश मोदनवाल आदि मौजूद रहे। |