| आजमगढ़: घरों से निकले कदम, रोपे पौधे, लिया संरक्षण का संकल्प Posted: 05 Jun 2022 08:18 AM PDT
विश्व पर्यावरण दिवस पर लोगों ने पौधारोपण कर संरक्षण का संकल्प दोहराया
आजमगढ़ : 'हर दिन अपने लिए जीते हैं, एक दिन प्रकृति के लिए भी अर्पित कर दो, आओ मिलकर रोपो पौधे, प्रदूषण का हरण कर दो।' कुछ इसी तरह की सोच के साथ विश्व पर्यावरण दिवस पर लोगों ने रविवार की छुट्टी का आनंद छोड़ घर से कदम निकाला और पौधारोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प दोहराया। गोष्ठियों का आयोजन कर पेड़-पौधों से फायदे गिनाते हुए विश्व स्तर पर ग्लोबल वार्मिग की दुश्वारियों के बारे में जानकारी दी गई। चर्च से नरौली तक समाजसेवी जैगम अब्बास की बेटी बतूल जैदी ने अपने सातवें जन्मदिन पर तमसा परिवार और विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर पौधा लगाया। खास बात यह कि महाभियान शामिल तेज बहादुर सिंह और गीता सिंह के शादी की साल गिरह भी थी। भारत भारतीय स्कूल में प्रधानाचार्य चंद्रशेखर के नेतृत्व में बच्चों ने पौधे लगाए। शक्ति सेवा संस्थान ने कुंवर सिंह उद्यान, ठंडी सड़क, कांशी राम आवास के पीछे पौधारोपण किया। गोष्ठी का आयोजन कर अलका श्रीवास्तव आदि इस दिवस का महत्व बताया। मारवाड़ी युवा मंच एवं आजमगढ़ मायरा महिला इकाई के संयुक्त तत्वाधान में चंद्रमा ऋषि आश्रम में पौधारोपण किया गया। बच्चों ने पोस्टर एवं स्लोगन से लोगों को जागरूक किया। संदीप सर्राफ और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबिता जसरासरिया ने बच्चों को पुरस्कृत किया। माहुल :चिकित्सक अरविद पांडेय ने पांच पौधा लगाने के साथ ही सौ पौध लगाने का संकल्प लिया। लालगंज : ठाकुर विद्या मंदिर ग्लोबल स्कूल कैथी शंकरपुर में प्रधानाचार्या पल्लवी हरमन के नेतृत्व 150 पौधे लगाए गए। बिलरियागंज: वन विभाग की ओर से केशवपुर जंगल में क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रमोद कुमार ने ग्रामीणों के साथ पौधा लगाया। अंबारी : मेजवां वेलफेयर सोसाइटी की ओर से पौधारोपण के साथ प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी की अगुवाई में कुंवर नदी के किनारे प्लास्टिक कचरे को साफ किया गया। कैफी आजमी स्पोर्ट्स एकेडमी में उपजिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, नायब तहसीलदार सुशील कुमार भारती ने पौधा लगाया। संजरपुर : भाजपा नेता अनुपम पांडेय के नेतृत्व में बड़ी करौली गांव में 150 पौधे लगाए गए। बिद्राबाजार : रानीपुर रजमो के ब्रह्म बाबा मंदिर पर अंबिका सेवा संस्थान की ओर से समाजसेवी प्रद्युम्न कांत मिश्रा, वन दारोगा गुलाब चंद, मुन्ना सिंह, आदि ने पौधे लगाए। निजामाबाद : महर्षि दत्तात्रेय स्कूल में विद्यालय प्रबंधन तथा प्रशासन की तरफ से पौधारोपण किया गया।बरदह : प्राचीन शिवाला मंदिर एवं दुबे पोखरा पर राजेंद्र सिंह, बृजेश राय, विजय प्रकाश सिंह आदि ने पौधे लगाए। सरायमीर :राम-जानकी मंदिर छित्तूपट्टी परिसर में होमगार्डों ने पौधारोपण किया। शैलेंद्र कुमार सिंह, सुनील उर्फ रामधनी यादव आदि रहे। सेहत के लिए योग संग वृक्ष की भी जरूरत आजमगढ़ : भारत विकास परिषद की ओर से श्रीकृष्ण गोशाला पहाड़पुर में योगाभ्यास व पौधारोपण किया गया।इसके बाद हुई गोष्ठी में कल्पनाथ सिंह ने कहा कि अच्छी सेहत के लिए योग के साथ वृक्ष की भी जरूरत है, क्योंकि आज पूरा विश्व पर्यावरण के प्रदूषण से प्रभावित हो रहा है। अध्यक्षता बद्री प्रसाद गुप्त व संचालन सीताराम पांडेय ने किया। विरजा शंकर राय, जेआर विश्वकर्मा, राजेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल आदि रहे। इसके बाद प्रतिभा निकेतन स्कूल में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। |
| आजमगढ़: निरहुआ के नामांकन में भाजपा दिखाएगी पूरा दम Posted: 05 Jun 2022 08:05 AM PDT प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं सांसद रवि किशन पार्टी प्रत्याशी संग मौजूद रहेंगे
आजमगढ़ : आजमगढ़ सदर संसदीय सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव में नामांकन के दिन ही छह जून सोमवार को भाजपा पूरा दमखम दिखाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं गोरखपुर के सांसद रवि किशन पार्टी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव के साथ मौजूद रहेंगे। उधर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मेगा स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे के अलावा निरहुआ के भाई प्रवेश लाल यादव भी मौजूद रहेंगे। भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय ने बताया कि दिन में 11 बजे का समय दिया गया है। संगठन की ओर से तैयारी पूरी है। दिनेश लाल यादव के प्रमुख सहयोगी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि बिन्नानी गार्डेन से नामांकन दाखिल करने के लिए निकलेंगे। उसके बाद शहर में रोड शो का कार्यक्रम है। संसदीय उपचुनाव में भाजपा ने भोजपुरी सिने कलाकार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को मैदान में उतार दिया है। बसपा पहले से ही शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को उतार किलेबंदी मजबूत की है। ऐसे में सपा का मोहरा सामने आने का चुनावी चाणक्यों को इंतजार है। दरअसल, सपा-बसपा के गढ़ में सभी प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों के सामने आने के बाद ही सियासी जंग की असली तासीर का अनुमान लगाया जा सकता है। टिकट घोषित होने के बाद दिनेश लाल यादव ने कहा कि मैं अब आजमगढ़ के विकास का अपना उद्देश्य पूरा कर पाऊंगा। वर्ष 2019 में भाजपा ने दिनेश लाल यादव को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव में उतारा था। उस समय सपा-बसपा के एक साथ होने के कारण दिनेश लाल यादव भाजपा के लिए रिकार्ड 3,61,704 मत पाकर भी चुनाव हार गए थे। जबकि वर्ष 2014 में मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ से लड़े तो 3,40,306 मत पाए थे, जिससे 21398 हजार ज्यादा मत हासिल कर निरहुआ ने एक नई लाइन खींची थी। संभवत: यही वजह रही कि निरहुआ को फिर से पार्टी ने मैदान में उतारा है। चूंकि बसपा भी पूरी ताकत झोंके पड़ी है, इसलिए राह किसी के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, मुलायम सिंह यादव के खिलाफ ही चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे शाह आलम गुड्डू जमाली 2,66,528 मत पाए थे। सपा भी दिग्ग्ज नेता रहे बलिहारी बाबू के पुत्र सुशील आनंद को चुनाव लड़ाने का संकेत दे चुकी है। उसी भरोसे पर उन्होंने दो सेट पर्चा भी ले लिया है। मीडिया में उनके उम्मीदवार होेने की खबर सुर्खियां भी बनीं, लेकिन पार्टी ने अधिकृत घोषणा नहीं की। ऐसे में सुशील या फिर किसी अन्य के नाम पर मुहर लगे, तो चुनाव की असली तस्वीर सामने आ पाएगी।
|