आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, June 11, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़:  मनबढ़ भतीजों ने चाचा को मार दी गोली

Posted: 11 Jun 2022 10:29 AM PDT


शहर के निराला नगर मोहल्ले का मामला, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़: शहर के निरालानगर मोहल्ले में शुक्रवार की नौ बजे भूमि विवाद को लेकर मनबढ़ भतीजों ने अपने चाचा को गोली मारकर घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में घायल ने दो भतीजों के खिलाफ शहर कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में मामला झूठा लग रहा। घायल प्रेमचंद मौर्य मूल रूप से मऊ के रहने वाले हैं। उनका मकान शहर के निरालानगर मोहल्ले में है। प्रेमचंद के अनुसार भाई प्रदीप मौर्य से भूमि के बंटवारे का विवाद चल रहा है। दोनों भाइयों का मऊ में तो बंटवारा हो चुका है, लेकिन यहां के मकान का बंटवारा चार-पांच दिन पहले हुआ है। दो दिनों से प्रेमचंद के भाई प्रदीप के दोनों बेटे सुधांशु और दिव्यांशु आए हुए थे। दोनों अपने हिस्से का मकान किसी को किराए पर देने के लिए खोज रहे थे। इसी बीच शुक्रवार की रात करीब नौ बजे प्रेमचंद मौर्य को गोली मार दी गई। गोली उनके दाहिने हाथ में उस समय लगी जिस समय वह अपने मकान का गेट बंद कर रहे थे। घटना के बाद हड़कंप मच गया। परिवार के लोग पुलिस को सूचना देते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराए, जहां से रेफर कर दिया गया। शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमचंद की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ सपा का गढ़ था, है और आगे भी रहेगा - धर्मेंद्र यादव

Posted: 11 Jun 2022 08:41 AM PDT


आज देश में गलत टिप्पणी कर माहौल खराब किया जा रहा है - सपा प्रत्याशी

यहां सब कुछ नेताजी और अखिलेश यादव की सरकार में हुआ

आजमगढ़: यह जिला सपा का गढ़ था, है और आगे भी रहेगा। इस बार भी हमे पूर्ण विश्वास है कि यहां की जनता हमे अपना समर्थन देगी। हम भारी मतो से जीत हासिल करेंगे। उक्त बाते शनिवार को नरौली स्थित विश्वकर्मा भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लोकसभा उपचुनाव के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने कही। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार को आजमगढ़ की जनता ने बहुत प्यार किया है। आज तक हमे पराया होने का एहसास तक नहीं होने दिया। हमे पूर्ण उम्मीद है कि इस बार भी जनता का प्यार हमे मिलेगा। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आज देश में गलत टिप्पणी कर माहौल खराब किया जा रहा है। उन्होने कहा कि हम उस टिप्पणी की निंदा करते है। उन्होंने कहा कि आज देश में अगर सबसे अधिक बेरोजगारी है तो इसका कारण भारतीय जनता पार्टी है। आज नौजवान, किसान, बेराजगार, मजदूर और सभी तबके के लोग परेशान है। उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता की आवाज और उन्हे न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का विधानसभा में रहना काफी जरूरी था, इसलिए उन्होने इस सीट से इस्तिफा दिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पार्टी की जिला इकाई ने मुझे चुनाव लड़ने का मौका दिया। सपा प्रत्याशी ने कहा कि आजमगढ़ के लोग यह जानते है कि जिले में शुगर मिल से लेकर पुल और पुलिया का निर्माण किसने कराया। यह सब कुछ नेताजी और अखिलेश यादव की सरकार में हुआ। उन्होने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच सालों में भाजपा की सरकार ने आजमगढ़ को उपेक्षित रखा, यही नहीं समाजवादियों के द्वारा जिले में विकास कार्यों को भी ठप कर दिया गया। भाजपा प्रत्याषी दिनेश लाल यादव द्वार चुनाव प्रचार के दौरान एक पीड़ित परिवार के घर पर पहुंचकर दारोगा को फोन पर बात करने के लहजे के सवाल पर सपा प्रत्याशी ने कहा कि यह भाजपा प्रत्याशी का घंमड बोल रहा है। उन्होने कहा कि यह प्रशाससन को सोचाना चाहिए कि निष्पक्ष आर्दश आचार संहिता पालन कैसे कराना है। उन्होने उम्मीद जताई की प्रशासन के लोग इन चीजो को समझेगें और इस तरह की धमकी पर कोई धमकने वाला नहीं होगा।

आजमगढ़: शादी के लिए दबाव बनाने को युवती टंकी पर चढ़ी, हुई बेहोश

Posted: 11 Jun 2022 08:28 AM PDT


मां अगवानी स्थान के पीछे पोखरे पर बनी पानी की टंकी पर चढ़ी थी

उतरते समय हुई बेहोश,पुलिस के जवान व लोगों ने नीचे उतारा

आजमगढ़: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो के पहीलेपुर बस्ती की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती शनिवार को पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई और जान देने की धमकी देने लगी। पूछने पर बताया कि उसकी शादी मनमुताबिक नहीं की जा रही है। युवती अपने परिवार पर विवाह का दबाव बनाने के लिए मां अगवानी के स्थान के पीछे बड़े पोखरे पर बनी पानी की टंकी पर शनिवार की दोपहर किसी समय चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में युवती को गांव के ही कुछ लोगों ने पानी की टंकी पर चढ़ते हुए देखा तो अगल-बगल के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और युवती से पूछताछ कर उसे मनाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से युवती को किसी तरह मना कर नीचे आने के लिए कहा गया और उसे बार-बार उसकी मां द्वारा उसकी सारी मांगे माने जाने का आश्‍वासन भी दिया गया। मां के द्वारा उसकी सारी बात मानने का आश्‍वासन किया गया और जैसे ही वह पानी की टंकी की ऊंचाई से नीचे की ओर उतरना शुरू की कि तभी वह बीच रास्‍ते में ही ऊंचाई से नीचे की ओर देखकर बीच रास्ते में ही वह बेहोश हो गई। इसी बीच डायल हंड्रेड के सिपाही और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर युवती को उठाकर नीचे लाए और उसे पानी का छींटा मारा गया तब जाकर होश में आ सकी। वहीं इस दौरान प्रकरण की जानकारी होने के बाद देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामला आग की तरफ चारों तरफ फैल गया तो लोगों का हुजूम हटाने के लिए पुलिस को मशक्‍कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर गंभीरपुर फोर्स एसआइ बंसराज सिंह और थानाध्यक्ष गंभीरपुर रामप्रसाद बिंद भी पहुंच गए। लड़की और उसकी मां को न्याय दिलाने की बात पुलिसकर्मियों द्वारा कही गई।

आजमगढ़: निरहुआ के प्रचार में उतरी भोजपुरी अदाकारा नीलम

Posted: 11 Jun 2022 07:51 AM PDT


छोटे भाई प्रवेश लाल ने भी संभाला मोर्चा, कहा सैफई वाले पलट के नहीं आएंगे

आजमगढ़: जिले में भाजपा प्रत्याशी भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव के प्रचार में जिले में पहुंची भोजपुरी अदाकारा नीलम गिरी ने घर-घर जाकर वोट मांगे। मीडिया से बातचीत करते हुए भोजपुरी अदाकारा का कहना है कि यहां पर लगातार निरहुआ का क्रेज बढ़ता जा रहा है। सभी लोगों का सपोर्ट मिल रहा है। हम लोग मंदिर और घर-घर जा रहे हैं और लोगों से जिताने की अपील कर रहे हैं। इस बार जिले की जनता भोजपुरी स्टार को चुनाव जिताएगी, जिससे जिले का भी विकास हो सके। भाजपा प्रत्याशी निरहुआ के छोटे भाई प्रवेश लाल यादव का कहना है कि मैं नामांकन के बाद से ही लगातार घूम रहा हूं। अब आजमगढ़ बदलने वाला है। पहले अखिलेश भैय्या चुनाव जीत गए कुछ किए नहीं सिर्फ जिले की जनता का समय बर्बाद हुआ। हमारे भाई को मौका दीजिए। हमें पूरा विश्वास है कि हमें मौका देंगे तो हम लोग विकास कराएंगे। विकास के लिए हम लोग लगे हुए हैं। इस जिले को जितना बदलना चाहिए था उतना नहीं बदला। भाई प्रवेश लाल का कहना है कि गोरखपुर और वाराणसी की तस्वीर बदल गई। जिले की जनता से अपील करते हुए कहा कि उस आदमी को जिताएंगे जिसको इमोशन होगा। जो इमोशन यहां के लोगों को होगा वह सैफई वालों को नहीं होगा। वह एक बार आएंगे फिर नहीं दिखेंगे। हम आप लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं। इसलिए सरकार से सीधे जुड़े और भाजपा प्रत्याशी निरहुआ को जिताएं।

आजमगढ़: बुलडोजर से लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार - अबु आसिम आजमी

Posted: 11 Jun 2022 07:40 AM PDT


जितना काम सपा ने मुसलमानों के लिए किया किसी भी  दल नें नहीं किया

आजमगढ़ की जनता सैफई परिवार से मोहब्बत करती है -महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष

आजमगढ़ :जिले के दौरे पर आए महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे बुलडोजर को लेकर जमकर निशाना साधा। सपा नेता का कहना है कि जिस तरह से प्रदेश सरकार बुलडोजर चला रही है। इससे डेमोक्रेसी की हत्या हो रही है। लोकशाही और कानून की हत्या की जा रही है। कानून का राज खत्म हो गया है। हिटलर की तरह काम हो रहा है। इसके खिलाफ लोगों को खड़े होना चाहिए। संविधान के हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए। सपा नेता का कहना है कि यदि किसी का घर अवैध है तो पहले नोटिस दी जानी चाहिए उसके बाद कार्रवाई की जानी चाहिए। सपा नेता कहना है कि अफसरों को डराया और धमकाया जा रहा है। यहां तो ऐसा हो गया जो मेरे खिलाफ हो गया उस पर बुलडोजर चला दो। सपा नेता का कहना है कि भाजपा से सपा ही लड़ सकती है।
सपा में आने के लिए एक पैर पर खड़े हैं जमाली
सपा ने जितने काम माइनारिटी के लिए किए हैं, इतना काम किसी ने नहीं किया, एक बोलना होता है एक करना होता है। बसपा नेता शाह आलम उर्फ गुड्‌डू जमाली के सवाल पर सपा नेता का कहना है कि जमाली को अभी बोल दूं तो एक पैर पर आने के लिए खड़ा है। सपा के लोग लेने को तैयार नहीं। सपा में आने के लिए कितनी मेहनत किया। सपा जिलाध्यक्ष को इग्नोर कर अखिलेश यादव के पास चले गए। अभी भी समय है माफी मांग लो इस चुनाव में कुछ मिलने वाला नहीं है। बहन जी पर इतना इल्जाम लगाया। अब कहीं जगह नहीं मिली फिर वहीं वापस गए। बसपा सुप्रीमो पर आरोप लगाया कि पैसा मांगती है और फिर उन्हीं की गोद में चले गए।
बिकाऊ नहीं है मुसलमान
सपा नेता अबू आजमी का कहना है कि मुसलमान बिकाऊ नहीं है। अपनी इज्जत के लिए अपनी जान दे सकता है। 2012 से लेकर 2017 तक जितना काम सपा ने मुसलमानों के लिए आज तक किसी भी राजनीतिक दल नें नहीं किया। आजमगढ़ के लोग सपा को ही वोट देंगे। आजमगढ़ की जनता सैफई परिवार से मोहब्बत करती है।
पैगम्बर पर टिप्पणी करने वालों को जेल क्यों नहीं
सपा नेता अबू आजमी का कहना है कि प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने वालों को जेल भेज दिया जाता है तो पैगंबर पर टिप्पणी करने वालों को जेल क्यों नहीं। देश और प्रदेश में धार्मिक दंगे हो रहे हैं। एक कानून ऐसा बनना चाहिए, जिसमें यदि कोई भी व्यक्ति किसी धर्म, मजहब, के खिलाफ एक भी शब्द बोलता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे पांच साल तक जमानत न हो। सपा नेता लालबिहारी यादव द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के सवाल पर सपा नेता का कहना है लालबिहारी ने यदि ऐसा बोला है तो उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

आजमगढ़: दो बाइकों की टक्कर में दो की मौत, दो घायल

Posted: 11 Jun 2022 06:30 AM PDT


जिवली-देवगांव मार्ग पर बकेस के पास हुआ हादसा,घायलों को जौनपुर भर्ती कराया गया

आजमगढ़ : (बरदह): जिवली-देवगांव मार्ग पर बकेस गांव के समीप शुक्रवार की रात नौ बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उस पर सवार दो युवक घायल हो गए।घायलों को इलाज के लिए जौनपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी।मृतकों में एक युवक जौनपुर का निवासी था। मुड़हर (गंभीरपुर) के आदित्य राय गांव के ही नीरज यादव की ट्रक चलाते थे। रात में जिवली पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा करके मोटर साइकिल से देवगांव रोड पर गोसाईगंज से खलासी को लेने जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल पर ग्राम पुडसुड़ी (बरदह) निवासी गुलशन सरोज भी बैठकर घूमने के इरादे से चले गए। बकेस गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इसमें आदित्य और दूसरी बाइक पर सवार जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना के ग्राम रेघवापुर पतहना निवासी राजू पुत्र सुरेश की मौत हो गई।
उस समय राजू देवगांव से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में राजू की मोटरसाइकिल पर बैठे शिवम तथा आदित्य की मोटरसाइकिल पर बैठे गुलशन सरोज निवासी ग्राम पुडसुड़ी (बरदह) भी घायल हो गए। दोनों की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों घायलों को इलाज के लिए जौनपुर भेजा, जबकि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आदित्य राय दो भाइयों में छोटे था। पिता अरविंद राय के आर्थिक रूप से कमजोर हाेने के कारण आदित्य ट्रक चलाने लगे, जबकि उनके बड़े भाई पेट्रोल पंप पर काम करते हैं।

आजमगढ़: ट्रेन के सामने कूद कर महिला ने दी जान

Posted: 11 Jun 2022 05:19 AM PDT


अम्बारी स्थित दीदारगंज रोड़ स्टेशन के पास हुई घटना

आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अम्बारी स्थित दीदारगंज रोड़ स्टेशन के समीप शनिवार की सुबह 40 वर्षीया महिला ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवई थाना क्षेत्र के फत्तेपुर शेरअली गांव निवासी 40 वर्षीया गुड्डी पत्नी अमेरिका दीदारगंज स्टेशन के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला हमसफर एक्सप्रेस डाउन के पहुंचते ही ट्रेन के आगे कूद गई। मौके पर ही ट्रेन से कट कर महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने बताया कि गुड्डी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह शनिवार की भोर में घर से निकल गई थी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। ट्रेन से अज्ञात महिला के कटने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच कर पहचान की। महिला का शव देखते ही परिजन रोने लगे। महिला को चार बच्चे है। घटना के बाद से परिवार के लोग रो रोकर बेहाल हैं।

आजमगढ़: तीन वाहन सीज,533 का चालान काटा गया

Posted: 11 Jun 2022 04:37 AM PDT



लोकसभा उपचनाव के चलते पुलिस ने रात में 70 स्थानों पर की चेकिंग

आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव में को देखते हुए पुलिस रात में वाहनों की सघन तलाशी अभियान चला रही। शुक्रवार की रात चलाए गये तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों को सीज कर दिया। जबकि 533 वाहनों का चालान काटा। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के मुताबिक चुनाव में बड़े पैमाने पर लोग शराब, असलहा, वोटरों को बांटने के लिए रुपये आदि बांटते हैं। इस प्रकार की संदिग्ध वस्तुओं की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा। शुक्रवार की रात पुलिस ने कुल 70 जगहों पर 2050 वाहनों को चेक किया। इस दौरान बगैर कागजात के चलने वाले तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। जबकि 533 वाहनों का चालान काटा गया। एसपी ने बताया कि पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

आजमगढ : 70 किलो गांजा बरामद, तीन तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Posted: 11 Jun 2022 01:07 AM PDT


हुण्डई कार में 70 किलो गांजा, 04 मोबाइल,01 तमंचा कारतूस बरामद

आजमगढ़: मुबारकपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान शनिवार को सुबह अलीनगर चौराहे से हुण्डई कार सवार तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 70 किलो गांजा, चार मोबाइल, एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मुबारकपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की जीयनपुर की तरह से एक हुण्डई कार में गांजा तस्कर जा रहे है। इस सूचना पर पुलिस ने मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर चौराहे के पास घेराबंदी कर हुण्डई कार सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम सौरभ प्रताप सिंह पुत्र रामकुवंर सिंह बड़हलगंज जनपद गोरखपुर व सौरभ प्रताप सिंह पुत्र रामकुवंर सिंह, असम राज्य के उदालगुड़ी का निवासी है। जबकि तीसरा गिरफ्तार तस्कर गौतम दास पुत्र धनंजय दास व उदालगुड़ी निवासी दहतुन नारजारी पुत्र नन्दा नारजारी का निवासी है।
पुलिस ने उनके कब्जे से हुण्डई कार में कुल 70 किलो गांजा, चार मोबाइल व आरोपित सौरभ प्रताप सिंह के पास से एक तमंच व दो कारतूस बरामद किया। पूछताछ में तस्करों ने पुलिस को बताया कि इसी हुण्डई कार से हम लोग आसाम से गांजा लेकर आते है और राह चलते व्यक्तियों को बेच देते है। जिससे किसी को शक नहीं हो। इस गांजा के 7 पैकेट को सठियांव के रास्ते मऊ जनपद में बेचने वाले थे कि पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में मुबारकपुर प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, राजीव कुमार सिंह, रविन्द्र सिंह, नीरज यादव, सुनील सोनकर, रितेश गुप्ता व स्वात टीम की अहम भूमिका रही।

आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव में सपा के लिए गढ़ बचाना चुनौती

Posted: 10 Jun 2022 09:56 PM PDT


आजमगढ़ सदर सीट पर रोमांचक त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के सामने आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में अपना गढ़ बचाना चुनौती है। आजमगढ़ सीट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। यहां भाजपा और सपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आजमगढ़ में बसपा के मजबूती से चुनाव लड़ने के कारण सपा की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। ऐसे में आजमगढ़ में मुलायम सिंह यादव परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर है। आजमगढ़ में भाजपा ने भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को फिर टिकट दिया है तो बसपा ने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के रूप में मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। इस सीट पर यादव व मुस्लिम दोनों ही बिरादरी सपा के आधार वोट माने जाते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि दोनों ही प्रत्याशी सपा के आधार मतों में सेंधमारी करेंगे। सपा ने यहां धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी बनाया है। एक अनुमान के मुताबिक आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में यादव 22 प्रतिशत, मुस्लिम 18 प्रतिशत, दलित 20 प्रतिशत व गैर यादव ओबीसी मतदाता करीब 18 प्रतिशत हैं। इस लोकसभा सीट में आजमगढ़, मुबारकपुर, सगड़ी, गोपालपुर व मेहनगर विधानसभा क्षेत्र आते हैं जिनमें पिछले विधानसभा चुनाव में सपा का कब्जा हो गया है। वर्ष 2019 के चुनाव के वक्त सपा-बसपा का गठबंधन था, जिसमें अखिलेश यादव को 6.21 लाख और भाजपा के दिनेश लाल यादव को 3.61 लाख मत मिले थे। स्थिति साफ है कि वर्ष 2019 में यादव, मुस्लिम के साथ दलित वोट भी सपा के साथ था।
इस बार बसपा ने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को मैदान में उतार कर मुस्लिम-दलित गठजोड़ का दांव खेला है। दो बार के विधायक रहे गुड्डू जमाली की क्षेत्र में साख भी अच्छी है। इन परिस्थितियों में सपा के सामने यादव व मुस्लिम वोट बैंक को अपने पाले में बनाए रखना चुनौती है। बसपा के चुनाव मैदान में डटने से दलित मतदाताओं के वोट सहेजना भी सपा के लिए आसान नहीं है।

Post Bottom Ad

Pages