आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, July 9, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: रेल  यात्रियों को पसंद आ रही निजामाबाद की ब्लैक पाटरी

Posted: 09 Jul 2022 08:44 AM PDT


06 से 20 जुलाई तक प्रमुख स्टेशन पर मिलेंगे ब्लैक पाटरी के उत्पाद

आजमगढ़: रेलवे स्टेशन पर लगा ब्लैक पाटरी का स्टाल यात्रियों को खूब पसंद आ रहा है। एक जिला-एक उत्पाद के तहत ब्लैक पाटरी को स्थान मिला है। वाराणसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर छह से 20 जुलाई तक इसका आयोजन होगा। 15 दिन तक स्टेशन पर यात्रियों को ब्लैक पाटरी के उत्पाद मिलेंगे।
जिले के निजामाबाद की ब्लैक पाटरी को एक जिला एक उत्पाद के रूप में चयनित किया गया है। निजामाबाद की ब्लैक पाटरी को इसके पूर्व वाराणसी के स्टेशन पर भी स्थान मिला था।निजामबाद निवासी मनीष कुमार प्रजापति की प्लेटफार्म नंबर एक पर लगी स्टाल पर मिट्टी के जग, पानी की बोतल, कप, दीपक, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं है। जिसे यात्री काफी भा रहा है।सेल्समैन दीपक मद्धेशिया ने बताया कि यात्रियों को उत्पाद काफी पसंद आ रहा है। स्टाल पर कई प्रकार के मिट्टी का सामान रखे गए हैं। प्रतिदिन 700-800 रुपये तक बिक्री हो जा रही है। महिलाओं को यह सामान सबसे अधिक पसंद आ रहे हैं।

आजमगढ़: पुलिस छावनी में तब्दील हुआ मुबारकपुर का लोहरा गांव

Posted: 09 Jul 2022 08:22 AM PDT


कोर्ट के आदेश के चलते पुलिस ने एक-एक घर में पशुओं की तलाशी ली

आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र का लोहरा गांव शाम होने के साथ शनिवार को तीन दिन के लिए पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सीओ सदर सौम्या सिंह के नेतृत्व में गांव में धमकी पुलिस ने एक-एक घर में पशुओं की तलाशी ली और घर में रहने वाले बाहरी लोगों का ब्योरा संकलित किया। इस गांव में तीन दशक पहले हाईकोर्ट ने कुर्बानी पर रोक लगा दी थी। घरों की तलाशी के दौरान कोई आरोप न लगे, इसके लिए महिला पुलिस की खासतौर से व्यवस्था की गई थी, जहां कहीं पशु पाए गए उन्हें पकड़कर गांव के बाहर बने बाड़े में रखवा दिया गया। गांव में लगभग सवा दो सौ घरों की तलाशी के लिए दो टीमें बनाई गई थीं। एक टीम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सदर सौम्या सिंह व प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह और दूसरी टीम का नेतृत्व अपराध निरीक्षक वेंकटेश्वर तिवारी कर रहे थे। पिछले कई वर्षों से लोहरा गांव जैसे ही बकरीद का पर्व आता है, तो चर्चा में आ जाता है। यहां बाकी दिनों में सभी लोग मिलजुलकर रहते हैं, लेकिन बकरीद पर जानवरों की कुर्बानी को लेकर हर वर्ष प्रशासन मुस्तैद नजर आता है। हालांकि, तलाशी के दौरान जानवर गांव में नहीं पाया गया। कारण कि लोग अपने पालतू जानवरों को अगल-बगल के गांवों में पहुंचा देते हैं।
इस अवसर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, लोहरा चौकी इंचार्ज अश्वनी मिश्र, हौसिला प्रसाद सिंह, कानूनगो कैलाश यादव, विनय सिंह, लेखपाल संदीप मौर्या, आनंद मौर्य, आसिफ जमाल, पंकज सिंह आदि रहे। ऐहतियात के तौर पर गांव में डेढ़ प्लाटून पीएसी, 10 उपनिरीक्षक, 55 हेड कांस्टेबल, 18 महिला सिपाही, फायर ब्रिगेड, सर्विलांस टीम लगाई गई हैं।

आजमगढ़: अमरनाथ यात्रा में बादल फटने की घटना को लेकर प्रशासन अलर्ट

Posted: 09 Jul 2022 08:11 AM PDT


प्रभावित लोगों के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

आजमगढ़: अमरनाथ यात्रा के दौरान बादल फटने की घटना के बाद जिले के किसी व्यक्ति के फंसने की सूचना फिलहाल अभी तक नहीं आई है, लेकिन मदद के लिए जिला प्रशासन अपनी ओर से अलर्ट है। शासन के निर्देश पर प्रशासन स्तर से भी ऐसे लोगों की मदद की तैयारी शुरू कर दी गई है। घटना में यदि जिले का कोई व्यक्ति फंसा हो और स्वजन का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो परिवार के लोग तुरंत जिला कंट्रोल रूम में सूचना दें, उनकी हर संभव मदद की जाएगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण आजाद भगत सिंह ने बताया कि यात्रा में शामिल यदि किसी व्यक्ति से परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है या किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत है तो उनके स्वजन जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के दूरभाष नंबर- 9454417172 व 8736072586 पर अपनी सूचना दर्ज करा सकतेहैं , अथवा आपदा कार्यालय कलेक्ट्रेट में संपर्क कर सकते हैं।

आजमगढ़: घर से फरार प्रेमी युगल पहुंचे थाने, दोनों का होगा निकाह

Posted: 09 Jul 2022 07:57 AM PDT


सरायमीर पुलिस ने दोनों के स्वजनों के सामने लिखा पढ़ी कर छोड़ा

आजमगढ़: पुलिस जिस प्रेमी युगल की तलाश कर रही थी वह शनिवार को खुद थाने पहुंच गए। पुलिस ने अभी उनसे कोई सवाल करती कि उससे पहले ही बोल उठे कि हम दोनों बालिग हैं और निकाह करना चाहते हैं। यह सुन पुलिस ने दोनों के स्वजन को थाने बुलाया लेकिन दोनों अपनी बात पर अडिग रहे। इस स्थिति में दोनों ही परिवारों ने निकाह को मंजूरी दे दी और कहा कि जल्द ही दोनों का निकाह करा दिया जाएगा। उसके बाद पुलिस ने दोनों के स्वजन की मौजूदगी में लिखा-पढ़ी कराकर छोड़ दिया। सरायमीर के एक मोहल्ले के युवक और युवती काफी दिनों से लुका- छिपी कर प्रेम करते थे। दोनों शुक्रवार को सुबह घर से फरार हो गए। पुलिस की सख्ती के चलते शनिवार को सुबह ही दोनों थाने आकर हाजिर हो गए। परिवार की मंजूरी मिलने पर दोनों घर चले गए।

आजमगढ़ : पत्नी से विवाद के बाद पति ने खुद को करंट लगा दी जान

Posted: 09 Jul 2022 07:44 AM PDT


कंधरापुर थाना क्षेत्र के गयासपुर गांव की घटना

आजमगढ़: कंधरापुर थाना क्षेत्र के गयासपुर गांव में पत्नी से विवाद के बाद पति ने करंट लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गयासपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सरोज पासवान पुत्र राम बुझ पासवान का शुक्रवार की देर से किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से कहा सुनी हुई थी। परिजन का कहना है कि पत्नी से कहासुनी से नाराज होकर सरोज पासवान ने घर में करंट प्रभावित हो रहे बिजली के तार पकड़ लिया। जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत सरोज पासवान के 4 पुत्र व एक पुत्री हैं।

आजमगढ़: अपहृत दो व्यक्ति प्रयागराज से बरामद,महिला गिरफ्तार

Posted: 09 Jul 2022 07:29 AM PDT


आजमगढ़ व प्रयागराज पुलिस ने छापा मार मुक्त कराया,05 अपहरणकर्ता फरार हुए

आजमगढ़: जिला व प्रयागराज पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात प्रयागराज के होलागढ़ थाना के काशीपुर गांव से अपहृत दो व्यक्तियों को मुक्त करा लिया लेकिन अपहरण करने वाले पांच बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बदमाशों को अपने घर में शरण व भोजन की व्यवस्था करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेंहनगर थाना के गोपालपुर निवासी इंदू देवी पत्नी रामप्रकाश निराला ने सात जुलाई को तहरीर दी थी कि मेरे पति रामप्रकाश निराला देवइत गांव के वशिष्ठ चौहान के साथ अपनी वैगनार कार से छह जुलाई को आवश्यक काम से प्रयागराज गए थे। शाम चार बजे मैंने उनके मोबाइल पर काल किया, तो फोन स्विच आफ था। सात जुलाई की सुबह छह बजे मेरे पति ने अपने मोबाइल से फोन कर बताया कि हम लोगों का अपहरण हो गया है। प्रति व्यक्ति को छोड़ने के लिए पांच लाख की फिरौती मांगी जा रही है।पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने स्वाट टीम व थानाध्यक्ष बसंत लाल के नेतृत्व में टीम गठित कर प्रतापगढ़ व प्रयागराज भेजा। प्रतापगढ़, प्रयागराज व आजमगढ़ की पुलिस ने समन्वय बनाकर संसाधनों का प्रयोग कर अपहृत रामप्रकाश निराला व वशिष्ठ चौहान को ग्राम काशीपुर, थाना होलागढ़, प्रयागराज के एक मकान से बरामद कर लिया। मकान में मौजूद मीना देवी पत्नी रामसूरत को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश विकास निवासी सेमरा, राज, अंकेत निवासी हरिसेनगंज बाजार, थाना मऊ आईमा, अविनाश निवासी खुटहना व शिवम निवासी महवाई थाना मांडा, प्रयागराज फरार हो गए। गिरफ्तार महिला ने बताया कि अपहरण करने वालों में राज पुत्र बच्चा निवासी हरेसेनगंज बाजार थाना मऊआईमा मेरा भांजा है। वह अपने साथियों के साथ अपहरण करके गाड़ी सहित मेरे घर लाया था। खाना-पानी की व्यवस्था मेरे द्वारा की जा रही थी। बीच-बीच में मेरा भांजा तथा उसके साथी अपहरण कर लाए गए व्यक्तियों से उनके घर उन्हीं के मोबाइल से बात कराकर पैसे की मांग करते थे।

आजमगढ़: पशु चोरों ने पुलिस पर झोंका फायर, तीन गिरफ्तार

Posted: 09 Jul 2022 07:17 AM PDT



पिकप पर लदी 04 भैंस व दो तमंचे कारतूस बरामद

आजमगढ़: रानी की सराय पुलिस ने शुक्रवार की रात कोटिला तिराहे पर पशु चोरों को रोकने क प्रयास किया तो वह पुलिस पर फायर कर भागने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप पर लदी चार भैंस के साथ तीन चोरों को दबोच लिया। पकड़े गए अंतरजनपदीय चोरों के पास से पुलिस ने दो तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। पकड़े गए चोर जिले व जौनपुर से भैंस चुराने के बाद अहरौला की पशु मंडी में बेच देते थे।
उप निरीक्षक जय प्रकाश ओझा कोटिला हाईवे पर रात में गश्त कर रहे थे। सूचना मिली कि चोर गंभीरपुर की तरफ से पिकअप से चोरी की भैंस लेकर मऊ की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस टीम ने कोटिला तिराहे पर बैरियर लगाकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक सिरसाल गांव की तरफ भागने का प्रयास किया और बाकी चोरों ने पुलिस के पीछा करने पर फायरिंग कर दी।
सतर्कता बरतते हुए पुलिस ने मुदस्सिर निवासी देवगांव, अब्दुल रहमान निवासी इसरौली, सरायमीर व सैफुल्ला निवासी शेरवां, सरायमीर को गिरफ्तार कर लिया। पिकअप पर चोरी की चार भैंस लदी मिली। गिरफ्तार चोरों ने बताया कि भैस चोरी करके बेचते है। भैंस चोरी करने में झिनकू नोना निवासी बकथरी, केराकत, जौनपुर भी शामिल है। 27 जनवरी को दीदारगंज में ग्राम अमरेथू से चोरी किया था। 17 मई को अमरेथू से ही चोरी किया था, जिसे झिनकू नोना के यहा बांधकर रखा था। सात जुलाई को अकबरपुर, केराकत, जौनपुर से भी भैंस चोरी की थी।

आजमगढ़: शिकायतों के निस्तारण में जिला अव्वल

Posted: 08 Jul 2022 11:40 PM PDT


जून माह में जनपद की रैंकिंग पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर आई

आजमगढ़ : डीएम विशाल भारद्वाज ने बताया कि माह जून में शासन की शिकायतों, जनसमस्याओं एवं प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण करने में जनपद की रैंकिंग पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। डीएम ने कहा कि शासन की शिकायतों, जनसमस्याओं व प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण करना शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में है। समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच अपने कार्यालय में बैठकर जनता की शिकायतों का सुनते हुए तत्काल निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।

Post Bottom Ad

Pages